
नई दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को स्वीकार कर लिया है कि देश के कुछ हिस्सों में कम्युनिटी ट्रांसमिशन हो चुका है। हर्षवर्धन ने यह जानकारी उनके साप्ताहिक कार्यक्रम 'संडे संवाद' के दौरान एक प्रश्न के जवाब में दी है। भारत में रविवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 74.94 लाख के पार हो चुका है जबकि एक लाख 14 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
दरअसल, साप्ताहिक वेबीनार कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्री सोशल मीडिया पर लोगों से बात करते हैं और उनकी तरफ से पूछे गए सवालों का जवाब देते हैं। इस दौरान किसी ने उनसे प्रश्न किया कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा है कि राज्य में कम्युनिटी स्प्रेड के उदाहरण देखने को मिले हैं। क्या अन्य राज्यों में भी कम्युनिटी ट्रांसमिशन है? इस पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न राज्यों के अलग-अलग क्षेत्रों में कम्युनिटी स्प्रेड की उम्मीद है, इसके विशेष रूप से ज्यादा आबादी वाले क्षेत्रों में होने की उम्मीद ज्यादा है। हालांकि, यह देश भर में नहीं हुआ है। यह अबतक सीमित राज्यों में होने वाले कुछ जिलों तक ही सीमित है।'
पहली बार स्वीकार किया हर्षवर्धन ने
मालूम हो कि कोरोना संक्रमण के भारत में फैलने के बाद यह पहला मौका है जब स्वास्थ्य मंत्री ने कम्युनिटी स्प्रेड की बात को स्वीकार किया है। इससे पहले वो इस बात से हमेशा इनकार करते रहे हैं। उधर, जुलाई में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने एक मार्गदर्शन दस्तावेज जारी किया था जिसमें अनजाने में यह बात भी सामने आ गई कि भारत में अप्रैल के शुरू में कम्युनिटी ट्रांसमिशन हुआ था। बाद में इस दस्तावेज को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट से हटा लिया गया था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.