कोविशील्ड की कीमतें तय, प्राइवेट अस्पतालों को 600 रुपए में मिलेगी, महाराष्ट्र में टोटल लॉकडाउन के संकेत

भारत में अब तक के रिकॉर्ड केस 2,94,115 नए केस सामने आए हैं। कोरोना की स्पीड को देखते हुए देशभर के राज्य कड़ी पाबंदियां लगा रहे हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर और भोपाल में अब 30 अप्रैल तक शादियों पर भी पाबंदी लगा दी गई है। महाराष्ट्र सरकार आज राज्य में टोटल लॉकडाउन का फैसला ले सकती है। चंडीगढ़ में 21 अप्रैल को टोटल लॉकडाउन रखा गया है।

Asianet News Hindi | Published : Apr 21, 2021 2:06 AM IST / Updated: Apr 21 2021, 03:36 PM IST

नई दिल्ली. कोरोना की बढ़ती स्पीड ने देश को चिंता में डाला हुआ है। संक्रमण को फैलने से रोकने विभिन्न राज्य लगातार सख्ती बरत रहे हैं। बता दें कि पिछले 24 घंटे में देश में 2,94,115 नए केस सामने आए हैं। भारत में अब तक 1,56,09,004 केस सामने आ चुके हैं। इस समय देश में 21,50,119 एक्टिव केस हैं। एक दिन में 1,66,520 लोग रिकवर हुए। अब तक 1,32,69,863 लोग रिकवर हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 2,020 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 1,82,570 लोगों की मौत हो चुकी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार, भारत में मंगलवार तक कोरोना वायरस के लिए कुल 27,10,53,392 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 16,39,357 सैंपल कल टेस्ट किए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि सबसे तेज 13 करोड़ कोरोना वैक्सीन लगाने में भारत पहले नंबर पर है।

UPDATE जानिए संक्रमण को रोकने विभिन्न राज्यों के एक्शन प्लान

कोविशील्ड ने तय की वैक्सीन की कीमतें
भारत सरकार के निर्देशों के बाद हम कोविशील्ड वैक्सीन की कीमतों की घोषणा कर रहे हैं। राज्य सरकारों के लिए प्रति डोज़ की कीमत 400 रुपये और निजी अस्पतालों के लिए प्रति डोज़ की कीमत 600 रुपये होगी। केंद्र को पहले की तरह वैक्सीन 150 रुपए में मिलेगी। पहले प्राइवेट अस्पतालों को 250 रुपए में वैक्सीन दी जा रही थी। कोविशील्ड बनाने वाली सीरम इंस्टीट्यूट ने कहा कि 2 महीने के अंदर वैक्सीन का प्रोडक्शन बढ़ जाएगा। अभी 50% वैक्सीन केंद्र के वैक्सीनेशन प्रोग्राम के लिए दी जाती है। बाकी राज्यों और प्राइवेट अस्पतालों को भेजी जाती है।

आक्सीजन सप्लाई पर सरकार की निगरानी
आक्सीजन सप्लाई पर अब केंद्रीय गृहमंत्रालय नजर रखेगा। बुधवार से सीधे अस्पतालों को सप्लाई होगी। इसके लिए राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मिशन (NHM) में बने कंट्रोल रूम से निगरानी होगी।

छत्तीसगढ़: ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदने 1 करोड़ मंजूर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदने के लिए 1 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। COVID19 मामलों की संख्या में वृद्धि और रायपुर में ऑक्सीजन की मांग के मद्देनजर निर्णय लिया गया है।

असम: एक करोड़ डोज का ऐलान
असम सरकार ने 18 से 45 साल तक के लोगों के लिए एक करोड़ डोज फ्री देने का ऐलान किया है। बता दें कि 1 मई से 18 साल से ऊपर की उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगना शुरू होंगी।

महाराष्ट्र: टोटल लॉकडाउन पर आज होगा फैसला 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बुधवार रात 8 बजे टोटल लॉकडाउन का ऐलान कर सकते हैं। 15 दिन के लॉकडाउन की सिफारिश की गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे के मुताबिक, यूके ने 3 महीने तक फुल लॉकडाउन रखकर बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन किया, महाराष्ट्र भी ऐसी ही तैयारी कर रहा है। राज्य में 10वीं की परीक्षा रद्द कर दी गई हैं।

महाराष्ट्र: ऑक्सीजन का 100 प्रतिशत उपयोग इलाज में होगा
हेल्थ मिनिस्टर राजेश टोपे ने कहा- हमारे पास पर्याप्त रेमेडिसविर हैं, चुनौती सिर्फ उनके वितरण की है। इसलिए डॉक्टरों से अपील करता हूं कि वे ऑक्सीजन और रेमेडिसविर का सही इस्तेमाल करें। महाराष्ट्र वर्तमान में 1250 टन लिक्विड ऑक्सीजन का उत्पादन कर रहा है, इसका उपयोग केवल 100% चिकित्सा उपयोग के लिए किया जाएगा। वर्तमान में सक्रिय मामलों में 15% को ऑक्सीजन की आवश्यकता हो सकती है। राज्य में 1550 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की व्यवस्था है। हम समान वितरण करने का प्रयास कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि केंद्र से भी ऑक्सीजन में मदद मिलेगी।

चंडीगढ़: आज टोटल लॉकडाउन
21 अप्रैल को चंडीगढ़ में पूर्ण लॉकडाउन होगी। 23 अप्रैल को रात 8 बजे से 26 अप्रैल को सुबह 5 बजे तक एक वीकेंड लॉकडाउन रहेगा।

केरल:  कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन
एर्नाकुलम के कलेक्टर एस. सुहास ने जिले में सभी कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन की घोषणा की है। आदेश 21 अप्रैल शाम 6 बजे से 7 दिनों के लिए लागू किया जाएगा। 

राजस्थान:  1 मई से सब्जी-दूधवाले आदि को लगेगी वैक्सीन
राजस्थान में 3 मई तक लॉकडाउन लगाया गया है। इस बीच सरकार ने एक बड़ा फैसला किया है। 1 मई से सरकार 45 साल से ऊपर वाले सब्जी, दूध, किराना और दवा बेचने वालों को सबसे पहले कोरोना की वैक्सीन लगाएगी। जोधपुर में पुलिस ने जरूरी सेवाओं में काम कर रहे लोगों की पहचान के लिए उनके वाहनों पर रंग बिरंगे स्टीकर चिपकाने का अभियान चलाया है।

उत्तर प्रदेश: गरीबों को मुफ्त लगेगा टीका
चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना के मुताबिक, जो लोग गरीबी रेखा से नीचे हैं, उन लोगों का टीकाकरण मुफ्त में होगा। इसके लिए अभियान सरकार की तरफ से चलाया जाएगा।

मिजोरम:  26 अप्रैल की सुबह तक लॉकडाउन
राज्य में 26 अप्रैल की सुबह 4 बजे तक लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस दौरान सिर्फ जरूरी चीजों की दुकानें ही खुलेंगी।

दिल्ली: LNJP हॉस्पिटल में ऑक्सीजन सप्लाई
लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल(LNJP) में कल रात 10 टन ऑक्सीजन की सप्लाई की गई। यह सप्लाई मौजूदा स्थिति के लिए पर्याप्त है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल 11 बजे बैठक करेंगे। इस बैठक में ऑक्सीजन सप्लाई, कोरोना वायरस के मामलों और मौतों पर चर्चा होगी। पुलिसकर्मियों के परिवार के लिए दिल्ली में तीन कोविड सेंटर बनाएगी पुलिस।

दिल्ली: मेट्रो अधिक चक्कर लगाएंगी
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने पीक आवर में ट्रेनों के बीच का समय कम कर दिया है। अब 30 मिनट के बजाय 15 मिनट पर मेट्रो ट्रेनें चलेंगी। यानी सुबह 7 बजे से लेकर 11 बजे तक और शाम के समय 4 बजे से 8 बजे तक मेट्रो 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी।

मध्य प्रदेश में मजदूरों को मिलेगा काम
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा-मज़दूर भाई-बहनों को काम देने की पूरी व्यवस्था की गई है। उनको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आज मनरेगा के 21 लाख मजदूर नियोजित हैं, उनकी हर संभव सहायता की जाएगी। अगर मध्य प्रदेश में मजदूर भाई-बहन आएंगे तो उनका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

 

 

 

 

Share this article
click me!