
नई दिल्ली. दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया(Delhi Deputy Chief Minister Manish Sisodia) के यहां CBI ने छापा मारा है। दिल्ली सहित देशभर में 7 राज्यों मं 21 ठिकानों पर छापा मारा गया है। यह मामला दिल्ली की विवादास्पद एक्साइज पॉलिसी से जुड़ा है। CBI टीम दिल्ली में सिसोदिया के सरकारी आवास (ए विंग दिल्ली सचिवालय) पहुंची। सिसोदिया के अलावा तत्कालीन आबकारी आयुक्त अरवा गोपी कृष्ण के घर पर भी CBI ने रेड की।
सिसोदिया ने tweet करके इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा-सीबीआई आई है। उनका स्वागत है। हम कट्टर ईमानदार हैं। लाखों बच्चों का भविष्य बना रहे हैं। बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में जो अच्छा काम करता है, उसे इसी तरह परेशान किया जाता है. इसीलिए हमारा देश अभी तक नम्बर-1 नहीं बन पाया है। हम सीबीआई का स्वागत करते हैं। जांच में पूरा सहयोग देंगे, ताकि सच जल्द सामने आ सके। अभी तक मुझ पर कई केस किए, लेकिन कुछ नहीं निकला। इसमें भी कुछ नहीं निकलेगा। देश में अच्छी शिक्षा के लिए मेरा काम रोका नहीं जा सकता। ये लोग दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य के शानदार काम से परेशान हैं। इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को पकड़ा है, ताकि शिक्षा स्वास्थ्य के अच्छे काम रोके जा सकें। हम दोनों के ऊपर झूठे आरोप हैं। कोर्ट में सच सामने आ जाएगा। सिसोदिया ने दिल्ली का शिक्षा गीत भी शेयर किया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया tweet
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके लिखा-दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल की पूरी दुनिया चर्चा कर रही है। इसे ये रोकना चाहते हैं। इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्रियो पर रेड और गिरफ़्तारी। 75 सालों में जिसने भी अच्छे काम की कोशिश की,उसे रोका गया। इसीलिए भारत पीछे रह गया। दिल्ली के अच्छे कामों को रुकने नहीं देंगे। जिस दिन अमेरिका के सबसे बड़े अख़बार NYT के फ़्रंट पेज पर दिल्ली शिक्षा मॉडल की तारीफ़ और मनीष सिसोदिया की तस्वीर छपी, उसी दिन मनीष के घर केंद्र ने CBI भेजी। CBI का स्वागत है। पूरा cooperate करेंगे। पहले भी कई जांच/रेड हुईं। कुछ नहीं निकला। अब भी कुछ नहीं निकलेगा।
सीबीआई छापे पर गहराई राजनीति
मनीष सिसोदिया के यहां पड़े सीबीआई छापे पर राजनीति गहरा गई है। आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) से सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि इसका मकसद शराब नीति की जांच नहीं है, बल्कि अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता को रोकना है। संजय सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी का असली चेहरा सामने आ गया है। बीजेपी दिल्ली के एजुकेशन मॉडल से परेशान है। जबकि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पलटवार किया कि भ्रष्ट व्यक्ति बेगुनाह साबित करने की कितनी भी कोशिश कर ले, वह भ्रष्ट ही रहेगा। ठाकुर ने कहा कि AAP पर भ्रष्टाचार का यह पहला मामला नहीं है। भाजपा का आरोप है कि पंजाब चुनाव से पहले केजरी-शराब माफिया में डील हुई थी। टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा-बीजेपी के दो हाथ हैं सीबीआई और ईडी। उन्होंने बंगाल और महाराष्ट्र में भी ऐसा ही किया। सत्येंद्र जैन पर भी छापे मारे गए। यह विपक्ष को दबाने का हथकंडा है। छापेमारी में कुछ नहीं मिला।
अरविंद केजरीवाल ने कहा-सीबीआई अपना काम कर रही है, डरने की जरूरत नहीं है। हमें सीबीआई को अपना काम करने देना चाहिए, उन्हें हमें परेशान करने के लिए ऊपर से आदेश है। बाधाएं आएंगी, लेकिन काम नहीं रुकेगा। यह पहली छापेमारी नहीं है। मनीष सिसोदिया पर पिछले 7 साल में कई बार छापेमारी की जा चुकी है। उसके खिलाफ कई झूठे मामले दर्ज किए गए थे। मेरे ऊपर भी, सत्येंद्र जैन पर, कैलाश गहलोत पर भी छापे मारे गए, लेकिन कुछ नहीं मिला। उन्हें अब भी कुछ नहीं मिलेगा।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा- ईमानदारी के नाम पर उन्होंने(AAP पार्टी) बहुत कुछ कर लिया। आबकारी नीति को लेकर वहां पर जो बड़े स्तर पर घोटाले हुए हैं, उसको लेकर वहां के उपराज्यपाल ने कहा कि ये जांच का विषय है और CBI को मामला सौंपा है। आबकारी नीति के माध्यम से सभी चीजों को प्लान कर उन्होंने वहां पैसा इकट्ठा करने का एक तरीका निकाला था। अभी तथ्य आने दीजिए उसके बाद बात करेंगे। कांग्रेस का खुलासा पहले ही हो गया था और आम आदमी पार्टी का खुलासा अब हो रहा है।
आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा-जनता के समर्थन और अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर भाजपा और पीएम मोदी डरे हुए हैं। उन्होंने हमारे लोगों और नेताओं पर सीबीआई जैसी एजेंसियों को उतारा है। एक ही लक्ष्य है- केजरीवाल को खत्म करो।
नई शराब नीति को लेकर लगे थे करप्शन के आरोप
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर शुक्रवार सुबह CBI की टीम ने दबिश दी। CBI दिल्ली की विवादास्पद नई एक्साइज पॉलिसी की जांच कर रही है। हालांकि मामले की जांच बैठते ही दिल्ली सरकार बैकफुट पर आ गई थी और पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल ने फिर से पुरानी पॉलिसी(क्लिक करके पढ़ें) लागू करने का ऐलान कर दिया था। इस मामले की जांच दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना की सिफारिश के बाद शुरू की गई है। हाल में मुख्य सचिव नरेश कुमार ने एलजी को एक रिपोर्ट सौंपी थी। इसमें कहा गया कि नई एक्साइज पॉलिसी के जरिये शराब लाइसेंसधारियों को फायदा पहुंचाया गया। रिपोर्ट में सीधे तौर पर मनीष सिसोदिया के नाम का जिक्र किया गया है। बता दें कि2020 में दिल्ली सरकार ने नई शराब नीति लाने की बात कही थी। मई 2020 में दिल्ली सरकार विधानसभा में नई शराब नीति लेकर आई, जिसे नवंबर 2021 से लागू कर दिया गया था। जांच रिपोर्ट में 4 नियमों-GNCTD अधिनियम 1991,व्यापार नियमों के लेनदेन (TOBR)-1993,दिल्ली उत्पाद शुल्क अधिनियम-2009 और दिल्ली उत्पाद शुल्क नियम-2010 तोड़कर करप्शन करने का आरोप लगा है। क्लिक करके पढ़ें पूरी डिटेल्स
यह भी पढ़ें
कौन है मुख्तार अंसारी जिसके नाम दी गई थी 6 करोड़ की सुपारी, रखता था इतने लाख के हथियार
JK की 4 बड़ी NEWS: विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा फैसला, NIA का आतंकी के घर छापा और ये भी पढ़ें
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.