
नई दिल्ली. कोरोना मामलों में रोज नया उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि यह अच्छी बात है कि नए केस बहुत ज्यादा उछाल नहीं ले रहे हैं। पिछले 24 घंटे में फिर से केस बढ़कर 2.08 लाख हो गए। जबकि इससे पहले 1.95 केस सामने आए थे। मौतें भी बढ़कर 4159 को गईं, जबकि 24 मई को 3494 मौतें हुई थीं। रिकवरी पर भी असर दिखाई दिया है। पिछले 24 घंटे में 2.95 लाख लोग रिकवर हुए, जबकि 25 मई का यही आंकड़ा 3.26 लाख था। देश में अब तक 2,71,56,382 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इस समय देश में 24.90 लाख एक्टिव केस हैं। 2,43,43,299 लोग ठीक हो चुके हैं।
कोरोना का नया घटनाक्रम...
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 22,17,320 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 33,48,11,496 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 20,39,087 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 20,06,62,456 हुआ।
कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में बढ़े केस
कोरोना का ट्रेंड लगातार बदल रहा है। कुछ समय पहले तक दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश टॉप-10 संक्रमित राज्यों में शामिल थे। अब महाराष्ट्र को छोड़कर इस लिस्ट में नए राज्य शामिल हो गए हैं। अब पहले नंबर पर तमिलनाडु है। दिल्ली में अब सिर्फ 1,568 केस मिले। उत्तर प्रदेश में भी सिर्फ 3,723 केस मिले हैं। मध्य प्रदेश में 2,422 केस सामने आए हैं।
कुल केस का 81% इन 10 राज्यों में
देश में जितने केस मिल रहे हैं, उनका 81% तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, असम, पंजाब और तेलंगाना से मिल रहा है। जहां तक मौतों का मामला है, तो भारत दुनिया का तीसरा देश बन चुका है, जहां सबसे अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई। पहले नंबर पर अमेरिका है। यहां 605,208 लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरे नंबर पर ब्राजील है। यहां 452,224 अब तक लोगों की मौत हो चुकी है। तीसरे नंबर पर भारत है। यहां अब तक 311,421 लोगों की मौत हो चुकी है। चौथे नंबर पर 221,960 मौतों के साथ मैक्सिको है। वहीं, पांचवें नंबर पर यूके है। यहां अब तक 127,739 मौतें हो चुकी हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.