
नई दिल्ली। उत्तर दिल्ली में रहने वाले एक आदमी को नशे में धुत होकर घर आना और पत्नी से लड़ना महंगा पड़ा। पत्नी ने उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया और फरार हो गई। पुलिस ने शनिवार को घटना के बारे में जानकारी दी।
पीड़ित व्यक्ति इस समय दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात की है। रूप नगर पुलिस स्टेशन को पहली सूचना मिली थी।
शनिवार को पीड़ित का बयान लिया गया। उसने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। कुछ महीने पहले पत्नी को साथ लेकर दिल्ली आया था। वह शक्ति नगर स्थित एक पेइंग गेस्ट में हेल्पर के रूप में काम करता है।
घटना की रात वह नशा कर घर आया था। पत्नी के साथ उसका झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद उसकी पत्नी घर से चली गई और वह सो गया। कुछ समय बाद महिला घर लौटी और नुकीले व धारदार हथियार से पति के प्राइवेट पार्ट को काट दिया।
हमला होते ही पीड़ित चीखने-चिल्लाने लगा। उसने अपनी पत्नी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन ऐसा कर नहीं सका। उसके शरीर से तेजी से खून निकल रहा था। इस बीच पति को गंभीर रूप से घायल करने के बाद महिला भाग निकली। पीड़ित की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।
पति और पत्नी दोनों की यह तीसरी शादी है। घायल को पहले बारा हिंदू राव हॉस्पिटल ले जाया गया था। बाद में उसे सफदरगंज हॉस्पिटल लाया गया। उसका इलाज चल रहा है। आरोपी महिला अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जानकारी मिली है कि पति के नशे की लत के चलते पत्नी नाराज रहती थी। शराब पीने को लेकर पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। महिला ने कई बार पति को नशा नहीं करने को लेकर चेताया था, लेकिन वह नहीं माना।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.