
नई दिल्ली। पुलिस ने 23 साल के एक व्यक्ति को महिला से रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी किराना का सामान देने आया था। पीड़ित महिला ग्रेटर नोएडा के एक अपार्टमेंट में रहती है। उसने मोबाइल ऐप से किराने का सामान ऑर्डर किया था।
आरोपी की पहचान सुमित सिंह के रूप में हुई है। ऐप से उसे पीड़ित महिला को किराने का सामान देने का टास्क मिला था। वह महिला द्वारा बताए गए पते पर पहुंचा। उसे एहसास हुआ कि महिला घर में अकेली है। वह घर में जबरदस्ती घुसा और महिला से रेप किया। इसके बाद मौके से भाग गया।
पुलिसकर्मी का पिस्टल चुराया
यह घटना शुक्रवार को हुई थी। उसी दिन महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिसकर्मियों की कई टीम तैयार की गई थी। पुलिस को पता चला कि आरोपी ग्रेटर नोएडा के एक रिहायशी इलाके में है। पुलिस टीम सुमित को गिरफ्तार करने के लिए मौके पर पहुंची। इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी का पिस्टल चुरा लिया और भाग निकला।
पुलिस की गोली पैर में लगी फिर हुआ गिरफ्तार
इसके बाद इलाके की तलाशी लेने और सुमित को पकड़ने के लिए स्वाट टीमों को लाया गया। पुलिस के जवानों को करीब आता देख सुमित ने गोली चलाई। जवाब में पुलिसकर्मियों ने भी गोली चलाई। एक गोली सुमित के पैर में लगी। इसके बाद वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने सुमित को गिरफ्तार किया। उसे वर्तमान में इलाज के लिए एक हॉस्पिटल में ले जाया गया। सुमित को पहले अवैध शराब बेचने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.