हिंदी भाषा पर पूरक प्रश्न पूछने की नहीं मिली इजाजत, द्रमुक, कांग्रेस और NCP का लोकसभा से वाकआउट

Published : Mar 17, 2020, 12:33 PM IST
हिंदी भाषा पर पूरक प्रश्न पूछने की नहीं मिली इजाजत, द्रमुक, कांग्रेस और NCP का लोकसभा से वाकआउट

सार

भाजपा सदस्य अरविंद शर्मा के राजभाषा से संबंधित पूरक प्रश्न पूछे जाने के बाद द्रमुक सदस्यों ने इसी विषय पर पूरक प्रश्न पूछने की मांग की, हालांकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अगला प्रश्न पूछने के लिए संबंधित सदस्य का नाम पुकारा।

नई दिल्ली। लोकसभा में हिंदी भाषा को लेकर पूरक प्रश्न पूछने की मांग करते हुए द्रमुक के सदस्यों ने मंगलवार को हंगामा किया और अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने और सहयोगी कांग्रेस एवं राकांपा के सदस्यों ने सदन से वाकआउट किया।

भाजपा सदस्य अरविंद शर्मा के राजभाषा से संबंधित पूरक प्रश्न पूछे जाने के बाद द्रमुक सदस्यों ने इसी विषय पर पूरक प्रश्न पूछने की मांग की, हालांकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अगला प्रश्न पूछने के लिए संबंधित सदस्य का नाम पुकारा।

हंगामे पर लोकसभा अध्यक्ष ने क्या कहा 
इसके बाद द्रमुक के सदस्य हंगामा करने लगे। इस पर अध्यक्ष बिरला ने कहा कि द्रमुक सदस्य कनिमोई को पूरक प्रश्न पूछने (एससी-एसटी अत्याचार निवारक कानून पर) का मौका दिया गया है। सदन में द्रमुक नेता टी आर बालू ने कहा कि उन्होंने हिंदी भाषा से जुड़े प्रश्न को लेकर नोटिस दे रखा है।

द्रमुक सदस्यों और केरल से कांग्रेस के कुछ सदस्यों के हंगामे बीच पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी खड़े हुए और कहा कि यह मुद्दा तमिलनाडु के दिल से जुड़ा है और पूरक प्रश्न पूछने का मौका मिलना चाहिए। इसके बाद कांग्रेस, द्रमुक और राकांपा के सदस्यों ने सदन से वाकआउट किया।

हिंदी को राष्ट्रभाषा का दर्जा देने की मांग 
इससे पहले पूरक प्रश्न पूछते हुए अरविंद शर्मा ने हिंदी को ‘राष्ट्रभाषा’ का दर्जा दिये जाने की मांग की। इसके जवाब में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि हिंदी को किसी राज्य पर थोपा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हिंदी को बढ़ावा देने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।

(ये खबर न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा की है। हिन्दी एशियानेट न्यूज ने सिर्फ हेडिंग में बदलाव किया गया है।)  

PREV

Recommended Stories

संगीता बरुआ बनीं प्रेस क्लब की पहली महिला अध्यक्ष, उनकी टीम ने 21-0 से दर्ज की शानदार जीत
Nitin Nabin Net Worth: कितनी दौलत के मालिक हैं नितिन नबीन?