
नेशनल डेस्क। लोकसभा चुनाव को लेकर लगातार सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। भाजपा नेता नवनीत राणा और ओवैसी के बीच जुबानी हमलों के बाद अब नवनीत राणा ने फिर एक विवादित बयान से हलचल मचा दी है। नवनीत राणा ने तेलंगाना में सभा के दौरान कहा, ‘कांग्रेस को दिया आपका वोट सीधा पाकिस्तान को जाएगा’। राणा के इस विवादित बयान ने अब उन्हें मुसीबत में डाल दिया है। इस बार उनके खिलाफ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
इससे पहले एआईएमआईएम के अकबरुद्दीन ओवैसी के एक पुराने भड़काऊ भाषण पर उनके बयान ने हंगामा खड़ा कर दिया था। इसे लेकर ओवैसी ने दोबारा नवनीत राणा पर निशाना साधा था। अब फिर से विवादित बयान देकर राणा ने अपने लिए मुसीबत मोल ली है। नवनीत राणा महाराष्ट्र की अमरावती लोकसभा सीट से भाजपा की प्रत्याशी हैं।
हैदराबाद में बयान से विवाद खड़ा कर दिया था
नवनीत राणा ने पार्टी प्रत्याशी माधवी लता के लिए प्रचार के दौरान विवादित बयान देकर हंगामा खड़ा कर दिया था। उन्होंने एआईएमआईएम (AIMIM) नेता अकबरुद्दीन औवेसी की पुरानी टिप्पणी जिसका उन्होंने खंडन भी किया था, पर कहा, "छोटे भाई ने कहा था 'पुलिस को 15 मिनट के लिए हटा दें ताकि हम दिखा दें कि हम क्या कर सकते हैं।' मैं कहना चाहती हूं, 'आपको 15 मिनट लग सकते हैं, हमें केवल 15 सेकंड लगेंगे। इस बयान के बाद से सियासी पारा चढ़ा हुआ है।
हैदराबाद को पाकिस्तान बनने से रोकेंगे माधवी लता
राणा ने भाषण के दौरान कहा कि पाकिस्तान का 'एआईएमआईएम प्रेम' और 'राहुल प्रेम' साफ नजर आ रहा है। पाकिस्तान आज कह रहा है कि उन्हें 'कांग्रेस और एआईएमआईएम से प्यार है''। राणा ने कहा कि भाजपा की माधवी लता निश्चित रूप से पाक के नापाक इरादे कामयाब नहीं होने देंगी। वह हैदराबाद को ‘पाकिस्तान’ बनने नहीं देंगी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.