
नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित गैलेक्सी प्लाजा नाम के शॉपिंग मॉल में गुरुवार दोपहर को शॉर्ट सर्टिक से चलते आग लग गई। आग लगने से धुंआ भर गया। जान बचाने के लिए लोगों ने कांच तोड़ा और तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। आग लगने की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग के जवान मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू की।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो
इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं। एक वीडियो में टूटी हुई खिड़की से काला धुंआ निकलते दिख रहा है। इसके साथ ही एक व्यक्ति खिड़की से बाहर लटकता दिख रहा है। नीचे खड़े लोग कूद जा..कूद जा.. की आवाज लगाते हैं। वह खिड़की पर लटके रहने की कोशिश करता है। इसी दौरान नीचे फिसलने लगता है और फिर गिर जाता है। वहीं, एक और वीडियो में खिड़की से बाहर दो लोग लटकते दिख रहे हैं।
तीसरी मंजिल से कूदने के चलते तीन लोग घायल
आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया था। अंदर फंसे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। ऐसे में जान बचाने के लिए लोग खिड़की तोड़कर बाहर आ गए थे। तीन मंजिल ऊंची खिड़की से कूदने के चलते तीन लोग जख्मी हुए हैं। उनकी स्थिति गंभीर है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.