
ऐपल के लिए आईफोन बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन ने भारत में अपनी फैक्ट्रियों में नौकरी के लिए शादीशुदा महिलाओं पर लगाई गई पाबंदी हटा दी है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
फॉक्सकॉन कंपनी द्वारा शादीशुदा महिलाओं को नौकरी न देने का नियम तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर प्लांट में विवाद का विषय बन गया था। इसके बाद, फॉक्सकॉन ने अपने रिक्रूटमेंट एजेंट्स को नौकरी के विज्ञापनों से इस शर्त को हटाने का निर्देश दिया है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, फॉक्सकॉन के लिए कर्मचारियों की भर्ती करने वाली एजेंसियों ने अब जो विज्ञापन जारी किए हैं, उनमें शादी के बारे में कोई जिक्र नहीं है। न ही उम्र और लिंग के बारे में पूछा गया है। इसके अलावा, वे यह भी नहीं बता रही हैं कि वे फॉक्सकॉन के लिए भर्ती कर रही हैं।
नियुक्ति एजेंसियों ने कहा है कि फॉक्सकॉन ने उन्हें इस बारे में मीडिया से कोई बात नहीं करने का निर्देश दिया है। विज्ञापन में सिर्फ इतना बताया गया है कि एसी ऑफिस में काम, मुफ्त परिवहन, कैंटीन सुविधा, मुफ्त हॉस्टल और 177 डॉलर (14,974 रुपये) मासिक वेतन मिलेगा।
फॉक्सकॉन कंपनी ऐपल के लिए आईफोन बनाती है। अलग-अलग कंपनियों से खरीदे गए पुर्जों को फॉक्सकॉन असेंबल करके आईफोन बनाती है। भारत में तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर और बेंगलुरु के देवनहल्ली के पास फॉक्सकॉन के प्लांट हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.