राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के परपोते का निधन, कोरोना संक्रमण के बाद अस्पताल में थे भर्ती

दक्षिण अफ्रीका में रह रहे महात्मा गांधी के परपोते सतीश धुपेलिया का कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद निधन हो गया है। तीन दिन पहले ही सतीश ने 66वां जन्मदिन मनाया था। इसके बाद वे संक्रमित हो गए थे। सतीश जोहान्सबर्ग में रहते थे। 

Asianet News Hindi | Published : Nov 23, 2020 11:58 AM IST

नई दिल्ली. दक्षिण अफ्रीका में रह रहे महात्मा गांधी के परपोते सतीश धुपेलिया का कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद निधन हो गया है। तीन दिन पहले ही सतीश ने 66वां जन्मदिन मनाया था। इसके बाद वे संक्रमित हो गए थे। सतीश जोहान्सबर्ग में रहते थे। उनकी बहन उमा धुपेलिया ने भाई की मौत की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, सतीश को कुछ दिन पहले निमोनिया के चलते हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। इसके बाद उन्हें कोरोना हो गया। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई। रविवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। सतीश मशहूर फोटो जर्नलिस्ट रह चुके हैं।

दुनियाभर में अब तक 5.89 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4.07 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13.93 लाख लोगों की जान जा चुकी है। अब 1.68 करोड़ मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज (एक्टिव केस) चल रहा है। लैटिन अमेरिकी देश मैक्सिको में मरने वालों का आंकड़ा एक लाख हो गया है। शनिवार को देश में कुल 719 संक्रमितों ने दम तोड़ा। देश में फिलहाल करीब एक लाख 26 हजार संक्रमित हैं। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, संक्रमितों की वास्तविक संख्या इससे काफी ज्यादा हो सकती है, क्योंकि दूर दराज के कई इलाकों में अब भी टेस्टिंग और दूसरी सुविधाएं नहीं हैं।

ईरान में हालात बेकाबू
ईरान में रविवार को 13 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। इससे भी ज्यादा परेशानी की बात यह है कि इसी दौरान 475 लोगों की मौत हो गई। हेल्थ मिनिस्ट्री ने एक बयान में इन आंकड़ों की पुष्टि की है। सरकार का कहना है कि उसने अपनी तरफ से सख्त उपाय किए हैं, लेकिन लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। दूसरी तरफ, ईरान सरकार कुछ देशों से वैक्सीन हासिल करने के लिए संपर्क कर रही है। पिछले दिनों खबर आई थी कि ईरान सरकार के अफसरों ने चीन का दौरा किया था और वहां से वैक्सीन खरीदने पर बातचीत की थी। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
 

Share this article
click me!