
मेहसाणा। पति-पत्नी के बीच लड़ाई और प्यार का एक अनोखा मामला गुजरात से सामने आया है। गुजरात के मेहसाणा की एक महिला ने 10 साल में अपने पति को 7 बार गिरफ्तार कराया। बाद में उसने खुद पति की जमानत कराई और उसे बाहर निकाला।
महिला पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत करती थी। पति के गिरफ्तार होने और जेल भेजे जाने पर वह खुद गारंटर बनती और उसे बाहर निकलाने का इंतजाम करती। पति का नाम प्रेमचंद माली और पत्नी का नाम सोनू है। दोनों मेहसाणा जिले के कादी टाउन में रहते हैं। 2001 में दोनों का विवाह हुआ था। 2014 के बाद उनके रिश्ते में परेशानी आने लगी।
सोनू ने 2015 में दर्ज कराया था पहले केस
सोनू ने 2015 में अपने पति के खिलाफ पहला केस दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि पति ने मारपीट की। इसके बाद कोर्ट ने प्रेमचंद को आदेश दिया कि वह सोनू को 2,000 रुपए का मासिक गुजारा भत्ता दे। मजदूरी करने वाले प्रेमचंद हर महीने 2 हजार रुपए नहीं दे सके, जिसके चलते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पति के जेल से बाहर आने पर साथ रहने लगी पत्नी, फिर भी होता रहा झगड़ा
प्रेमचंद पांच महीने जेल में रहे। इसके बाद पत्नी ने उनकी जमानत कराई, जिसके बाद वह जेल से बाहर आ सके। इसके बाद पति-पत्नी अलग रहने लगे। हालांकि उनके बीच लड़ाई और मेल-मिलाप चलता रहा। कुछ समय बाद वे एक साथ रहने लगे, लेकिन लड़ाई चलती रही। इसके बाद प्रेमचंद को 2016 से 2018 तक हर साल सोनू की शिकायतों पर गिरफ्तार किया गया था। सोनू प्रेमचंद पर उसे नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाती थी, लेकिन हर बार वह उसकी रिहाई करा देती थी।
गुजारा भत्ता नहीं देने के चलते जाना पड़ा जेल
गुजारा भत्ता नहीं देने के चलते प्रेमचंद को 2019 और 2020 में भी जेल जाना पड़ा। बाद में सोनू ने उसे जेल से निकालने का प्रबंध किया। 2023 की शुरुआत में भी गुजारा भत्ता नहीं दे पाने के चलते प्रेमचंद को गिरफ्तार होना पड़ा। सोनू ने 4 जुलाई को एक बार फिर प्रेमचंद की जेल से रिहाई सुनिश्चित कराई, जिसके बाद वह अपने घर लौट आए।
इस बार प्रेमचंद का पर्स और मोबाइल फोन गायब हो गया था। उसने सोनू से शिकायत की। सोनू ने कहा कि उसे पर्स और मोबाइल के बारे में पता नहीं है। इस बात पर दोनों के बीच बहस जो मारपीट में बदल गई। प्रेमचंद घर छोड़कर पाटन में अपनी मां के साथ रहने चले गए है। उन्होंने सोनू और उनके बेटे पर उन्हें नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.