बेंगलुरु एयरपोर्ट पर HAL के विमान ने की नाक के बल इमरजेंसी लैंडिंग, लैंडिंग गियर में आई थी खराबी, देखें वीडियो

बेंगलुरु के HAL एयरपोर्ट पर एक विमान ने इमरजेंसी लैंडिंग की। उसके लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी आ गई थी। विमान नाक के बल जमीन पर उतरा।

Vivek Kumar | Published : Jul 12, 2023 7:15 AM IST / Updated: Jul 12 2023, 01:01 PM IST

बेंगलुरु। HAL (Hindustan Aeronautics Limited) के एक विमान ने मंगलवार को बेंगलुरु के HAL एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। विमान में कोई यात्री सवार नहीं था। उसमें सिर्फ दो पायलट थे। HAL के प्रीमियर 1ए विमान (1A aircraft VT-KBN) ने टेकऑफ किया। इसके कुछ देर बाद पायलट को लैंडिंग गियर की परेशानी पता चली। तकनीकी खराबी आने के चलते विमान का अगला लैंडिंग गियर काम नहीं कर रहा था। इसके बाद फ्लाई बाय वायर की सुविधा वाले प्रीमियर 1ए विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

 

 

अधिकारियों ने कहा कि प्रीमियर 1ए विमान के नोज लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी आने के बाद मंगलवार (11 जुलाई) को बेंगलुरु के एचएएल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई। विमान ने अपने पिछले पहियों पर लैंड किया। इस दौरान उसका अलगा पहिया उठा हुआ था। रनवे पर सफेद रंग के फिसलने वाले पदार्थ का छिड़काव किया गया था। विमान की रफ्तार जैसे ही कम हुई वह नाक के बल रनवे पर गिरा इसके बाद फिसलते हुए आगे बढ़ा।

सुरक्षित रूप से उतरा विमान
घटना के वक्त विमान में दो पायलट थे। कोई यात्री नहीं था। DGCA (Directorate General of Civil Aviation) ने बयान जारी कर कहा कि एचएएल एयरपोर्ट बेंगलुरु से बीआईएएल सेक्टर पर उड़ान भरने वाले एक फ्लाई बाय वायर प्रीमियर 1ए विमान वीटी-केबीएन ने एयरटर्नबैक किया। विमान का नोज लैंडिंग गियर काम नहीं कर रहा था। नोज लैंडिंग गियर खराब होने पर भी विमान सुरक्षित रूप से उतरा।

विमान ने एचएएल एयरपोर्ट बेंगलुरु से BIAL (Bengaluru International Airport Limited) के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के बाद जैसे ही पायलट को खराबी का पता चला उन्होंने लौटने का फैसला किया। जिस एयरपोर्ट से विमान टेकऑफ करे अगर वह उसी पर वापस लैंड करता है तो इस घटना को 'एयरटर्नबैक' कहते हैं। 'एयरटर्नबैक' का सबसे आम कारण उड़ान भरने के दौरान या उसके तुरंत बाद आपातकालीन या असामान्य स्थिति है। इसमें सबसे आम कारण इंजन में गड़बड़ी होती है।

Share this article
click me!