कोरोना की खैर नहीं, अब हर दिन इस तकनीक से गांव-कस्बों में भी हो सकेंगे 300 से ज्यादा टेस्ट

Published : Jun 18, 2020, 05:12 PM IST
कोरोना की खैर नहीं, अब हर दिन इस तकनीक से गांव-कस्बों में भी हो सकेंगे 300 से ज्यादा टेस्ट

सार

देशभर में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3 लाख 67 हजार 705 हो गई है। सरकार इससे लड़ने के लिए तमाम कोशिशें कर रही है। रूस ने इसे मात देने के लिए वैक्सीन ह्यूमन टेस्टिंग भी शुरू कर दी है।

नई दिल्ली. देशभर में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3 लाख 67 हजार 705 हो गई है। सरकार इससे लड़ने के लिए तमाम कोशिशें कर रही है। रूस ने इसे मात देने के लिए वैक्सीन ह्यूमन टेस्टिंग भी शुरू कर दी है। इसी बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने गुरुवार को दिल्ली में कोरोना टेस्टिंग के लिए देश की पहली मोबाइल लैब लॉन्च की। इसे देश के दूर-दराज इलाकों में भी भेजा जा सकेगा। इसके जरिए रोजाना 300 ज्यादा टेस्ट हो सकेंगे। इसके अलावा, टीबी और एचआईवी से जुड़े कुछ परीक्षण भी इससे किए जा सकेंगे।

24 घंटे में हुए हैं इतने टेस्ट 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 1.62 लाख टेस्ट हुए हैं। इसके साथ देश में अब तक 62 लाख 49 हजार 668 सैंपल की जांच हो चुकी है। उधर, बुधवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 13 हजार 107 मरीज सामने आए और 341 ने जान गंवाई। दिल्ली में रिकॉर्ड 2414 और उत्तरप्रदेश में 583 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। तमिलनाडु में संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार के पार हो गया। यह महाराष्ट्र के बाद दूसरा सबसे संक्रमित राज्य है।

कोरोना अपडेट्स 

1. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को अपने आंकड़ जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 12,881 नए मामले सामने आए और 334 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद देशभर में संक्रमितों की संख्या 3,66,946 लाख हो गई। इनमें एक लाख 60 हजार 384 एक्टिव केस हैं। वहीं, एक लाख 94 हजार 325 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 12,237 लोगों की मौत हो चुकी है।

2. वंदे भारत मिशन के तहत एक फ्लाइट बुधवार देर रात दुबई से बिहार के गया पहुंची। इसमें 189 भारतीय लौटे। उधर, एक स्पेशल फ्लाइट न्यूजीलैंड के ऑकलैंड से चंडीगढ़ पहुंची। इसके जरिए 116 भारतीय लाए गए।

3. महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में पुलिस के तीन कर्मचारियों ने संक्रमण की वजह से दम तोड़ दिया, जबकि 28 जवान पॉजिटिव पाए गए। इसके साथ ही अब तक महाराष्ट्र पुलिस के कर्मचारियों से जुड़े कुल 3,689 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1033 एक्टिव केस हैं और 2,611 स्वस्थ हो गए हैं। अब तक 45 लोगों की मौत हो गई है।

4. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया अब स्वास्थ्य मंत्रालय का अतिरिक्त चार्ज संभालेंगे। मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें क्वारंटाइन किया गया है।

5. केंद्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में चार महिला कर्मचारी पॉजिटिव मिलीं। एजेंसी में अब तक 8 लोग संक्रमित हो चुके हैं।

ऐसे हैं इन 5 राज्यों के हाल

मध्यप्रदेश: यहां बुधवार को कोरोना के 161 नए मरीज सामने आए और 6 ने जान गंवाई। भोपाल में 49, इंदौर में 44, खरगोन और ग्वालियर में 10-10 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 11 हजार 244 हो गई, इनमें से 2374 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 482 लोगों की मौत हो चुकी है।

उत्तरप्रदेश: यहां बुधवार को कोरोना के 583 नए मरीज बढ़े और 30 मौतें हुईं। लखनऊ में 74, गौतमबुद्धनगर में 54, मेरठ में 44 पॉजिटिव केस मिले। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 15 हजार 181 हो गई, इनमें से 5477 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 465 ने जान गंवाई। रिकवरी रेट 61% तक पहुंच गया है।

महाराष्ट्र: यहां बुधवार को 3307 मरीज बढ़े और 114 ने दम तोड़ा दिया। मुंबई में 1365, ठाणे में 839 और पुणे में 362 केस बढ़े। प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 16 हजार 752 पहुंच गया। इनमें से 51 हजार 922 एक्टिव मरीज हैं। कोरोना से अब तक 5651 मौतें हुईं। महाराष्ट्र में मृत्युदर बढ़कर 3.35% हो गई है।

राजस्थान: राजस्थान में बुधवार को कोरोना के 326 नए मामले सामने आए। इनमें जयपुर में 60, धौलपुर में 55, जोधपुर में 35, पाली में 34, भरतपुर में 29, चूरू में 17, झुंझुनू में 15, नागौर में 16, बाड़मेर में 12, बीकानेर में 8, अजमेर में 6, उदयपुर, गंगानगर और भीलवाड़ा में 5-5, सीकर में 4, सवाई माधोपुर और सिरोही में 3-3, हनुमानगढ़, दौसा और अलवर में 2-2, कोटा, करौली, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर और झालावाड़ में 1-1 संक्रमित मिला। राज्य में अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 13542 पहुंच गया है।

बिहार: यहां बुधवार को 130 नए संक्रमित मिले और एक भी मौत नहीं हुई। इसके साथ मरीजों की संख्या 6940 हो गई, इनमें से 2125 एक्टिव केस हैं। वहीं, अब तक 39 मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक एक लाख 27 हजार 86 सैंपल की जांच हुई है। इसके अलावा 4776 मरीज ठीक हुए हैं।

PREV

Recommended Stories

मजदूरों को मिलेंगे 10 हजार, 50% वर्क फ्रॉम होम-दिल्ली सरकार का चौंकाने वाला प्लान क्यों?
New Year 2026 Strict Rules: गोवा से सबक, इस राज्य में पार्टी के लिए 19 प्वाइंट की गाइडलाइन