
Heavy Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में रविवार को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। आज सुबह भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम खुशनुमा और ठंडा हो गया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।
केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में भी मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में अगले कुछ घंटों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है और लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: ब्रिक्स में मोदी की गर्जना: आतंकवाद पर दोहरे मापदंड नहीं चलेंगे, समर्थन किया तो चुकानी होगी कीमत
मंडी जिले के पधर इलाके में बादल फटने की घटना हुई है, जिससे कई सड़कें और पुल टूट गए हैं। हालांकि, राहत की बात ये है कि अभी तक किसी की जान जाने की खबर नहीं आई है। लेकिन राज्यभर में मानसून की शुरुआत से अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है, जो कि चिंता की बात है।
वहीं, पश्चिम बंगाल में भी मौसम बिगड़ सकता है। बंगाल के गांगेय क्षेत्र में दबाव बन रहा है, जिससे आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। खासकर पुरुलिया, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, बंगाल के उप-हिमालयी जिलों जैसे दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में भी 10 जुलाई तक तेज बारिश के आसार हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.