देश में फूटा कोरोना बम, डरा रहे आंकड़े; 24 घंटे में मिले 8 हजार नए मरीज,सिर्फ 3 दिन में बढ़े 25 हजार केस

शनिवार को भारत में पहली बार एक दिन में 8380 कोरोना के नए मामले आए। जबकि 194 लोगों की मौत हुई है। देश में 5,000 से ज्‍यादा कोरोना वायरस मरीजों की मौत हो चुकी है।  देश में कोरोना का संकट इस कदर गहराता जा रहा है कि पिछले तीन दिन में ही 25 हजार से ज्‍यादा मामले सामने आए हैं।
 

Asianet News Hindi | Published : May 31, 2020 5:28 AM IST

नई दिल्‍ली. देश में कोरोना की रफ्तार अब डराने लगी है। मई के आखिरी 10 दिन में जिस तरह से नए मरीजों की संख्या रफ्तार पकड़ी है उससे चिंता दोगुनी हो गई है। देश में कोरोना का संकट इस कदर गहराता जा रहा है कि पिछले तीन दिन में ही 25 हजार से ज्‍यादा मामले सामने आए हैं। शनिवार को भारत में पहली बार एक दिन में 8380 कोरोना के नए मामले आए। जबकि 194 लोगों की मौत हुई है। देश में 5,000 से ज्‍यादा कोरोना वायरस मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि 1 लाख 82 हजार 405 संक्रमित हैं। 

24 घंटे में 200 मरीजों की हुई मौत 

देशभर में शनिवार को 200 कोरोना मरीजों की मौत हुई। इससे पहले शुक्रवार को 270 मरीजों की मौत हुई थी जो अबतक का रिकॉर्ड है। भारत ने शनिवार रात तक 1,76,823 मामले थे। शनिवार को देशभर से कुल 8,026 ताजा मामले आए। इनमें से 2,940 महाराष्‍ट्र से थे। यहां पर एक दिन में मामलों की संख्‍या में यह दूसरा सबसे बड़ा उछाल है। शनिवार को कम से कम चार राज्‍यों ने डेली केसेज का रिकॉर्ड तोड़ा। दिल्‍ली से रेकॉर्ड 1,163 केस मिले जबकि तमिलनाडु से 938, ओडिशा से 120 और झारखंड से 71। यह सब इन राज्‍यों में एक दिन के भीतर मामलों की रेकॉर्ड संख्‍या है।

महाराष्ट्र में अब तक 2197 मौतें 

मुंबई देश का सबसे खतरनाक हॉटस्‍पॉट बना हुआ है। यहां शनिवार को रिकॉर्ड 54 लोगों की मौत हुई। इस महानगर में कोरोना से अबतक 1,227 लोग जान गंवा चुके हैं। राज्‍य में संक्रमित मरीजों की संख्या 65 हजार 168 हो गई है। जबकि अब तक 28 हजार से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 2197 लोगों की जान गई है। राज्य के चार जिलों में सबसे अधिक अधिक मरीज हैं, जिसमें मुंबई में 38 हजार 442,  थाणे में 9123, पुणे 7537, औरंगाबाद में 1462 और नाशिक में 1111 मरीज हैं। 

गुजरात में 16 हजार मरीज 

गुजरात में शनिवार को 412 नए संक्रमित मिले है। जबकि 27 मरीजों की मौत हुई है। गुजरात देश का दूसरा राज्य है जहां सबसे अधिक 1007 मरीजों की मौत हुई है। गुजरात का फैटलिटी रेट (6.2%) बेहद टेंशन दे रहा है। यानी हर 100 मरीज में से 6 की मौत हो रही है। राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 16 हजार 356 हो गई है। जबकि 9232 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। राज्य में तीन जिले सबसे अधिक प्रभावित है। अहमदाबाद में 11 हजार 881, सूरत में 1565 और वडोदरा में 1009 मरीज कोरोना के शिकार हो चुके हैं। 

इन राज्‍यों में भी बढ़ रहा कोरोना

शनिवार को ही, पश्चिम बंगाल से 317 और उत्‍तर प्रदेश से 262 नए मामले सामने आए। मध्‍य प्रदेश में 246, बिहार में 208, हरियाणा में 202, कर्नाटक में 141 और असम में शनिवार को 128 नए मामले मिले। बंगाल में शनिवार को 317 नए केस के साथ यहां मामलों की संख्‍या 5 हजार के पार चली गई है। जम्‍मू-कश्‍मीर में फिर से कोरोना बढ़ रहा है। शनिवार को 177 नए केस सामने आए जिनमें 10 गर्भवती महिलाएं हैं।

रिकवरी रेट से बढ़ी उम्मीद 

देश में कोरोना के मामले बढ़ना बेहद चिंताजनक है। हालांकि भारत के लिए एक सिल्‍वर लाइनिंग ये है कि उसका रिकवरी रेट बहुत अच्‍छा है। 1.76 लाख केसेज में 86,660 मरीज रिकवर हो चुके हैं। शनिवार को 4,300 से ज्‍यादा मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्‍चार्ज कर दिया गया। 

Share this article
click me!