
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट पर एक्ट्रेस और भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत का मुकाबला कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह से हो सकता है। इस सीट से विक्रमादित्य की मां प्रतिभा सिंह वर्तमान सांसद हैं।
कंगना रनौत-विक्रमादित्य सिंह के बीच पहले से चल रही जुबानी जंग
मंडी से विक्रमादित्य सिंह की उम्मीदवारी का अभी औपचारिक रूप से ऐलान नहीं हुआ है। हालांकि दोनों के बीच पहले से जुबानी जंग चल रही है। विक्रमादित्य सिंह की ओर से कंगना रनौत पर बीफ खाने का आरोप लगाया गया तो जवाब में कंगना ने उन्हें छोटा पप्पू कह दिया।
मनाली में गुरुवार को कंगना ने कहा, "एक बड़ा पप्पू दिल्ली में है, हमारे यहां भी एक छोटा पप्पू है। वो कहता है कि मैं गौमांस खाती हूं। उसके पास कोई तो सबूत होगा। झूठा और एक नंबर का पलटूबाज है ये छोटा पप्पू। आप इससे उम्मीद ही क्या कर सकते हैं जब इसका सीनियर कहता है हमें शक्ति का विनाश कर देना है। जब बड़ा पप्पू ऐसे बातें करता है तो छोटे पप्पू से क्या उम्मीद की जा सकती है।"
कंगना के इस बयान पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा, "कंगना रनौत ने जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया है उसके लिए मैं उनको नमन करता हूं। आजतक ऐसी भाषा का प्रयोग हिमाचल जैसी पवित्र देवभूमि में नहीं हुआ होगा।" विवाद बढ़ने पर कंगना को सफाई देनी पड़ी थी।
मंडी लोकसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस को मिली थी जीत
मंडी में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर होती रही है। 2021 में मंडी लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव हुआ था। इसमें कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह को जीत मिली थी। भाजपा के कुशाल चंद्र ठाकुर 10 हजार से कम वोट से चुनाव हारे थे। 2019 के आम चुनाव में यहां से भाजपा के राम स्वरूप शर्मा को जीत मिली थी। उन्हें 647189 वोट मिले थे। कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा को 241730 वोट मिले थे। राम स्वरूप शर्मा 405459 वोटों के भारी अंतर से चुनाव जीते थे।
यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव: छोटा पप्पू वाले बयान पर कंगना रनौत ने दी सफाई, बीफ खाने पर कही ये बात
2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के राम स्वरूप शर्मा ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा सिंह को हराया था। राम स्वरूप को 362824 और प्रतिभा सिंह को 322968 वोट मिले थे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.