
Himachal Pradesh Samosa Row: चर्चित समोसा विवाद में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया है। पिछले साल एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मौजूदगी में समोसे चोरी हो गए थे। इसके चलते CID की बड़ी बदनामी हुई थी। अब मामला केस दर्ज करने तक पहुंच गया है।
SP CID राजेश कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। एसपी ने आरोप लगाया कि CID के गोपनीय दस्तावेज मीडिया में लीक किए गए। इससे एजेंसी और राज्य सरकार की इज्जत खराब हुई है। एक मामले की आंतरिक जांच से पता चला है कि कुछ CID कर्मचारियों ने अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर गोपनीय दस्तावेजों तक अवैध रूप से पहुंच बनाई। उनकी नकल की तथा गुप्त उद्देश्य से उन्हें फैलाया।
समोसा विवाद को लेकर भाजपा ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले तो यह जांच करने में संसाधन बर्बाद किए गए कि समोसा किसने खाया। अब इस मामले में FIR दर्ज कर पुलिस का समय खराब किया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा, "सुक्खू सरकार दिशाहीन, अराजक और तानाशाह हो गई है। पुलिस विभाग में अराजकता इसलिए फैली कि मुख्यमंत्री को समोसा नहीं मिल पाया। राज्य सरकार के संसाधन इस बात की जांच में बर्बाद हुए कि समोसा किसने खाया। अब यह पता लगाने में समय खराब किया जा रहा है कि सीआईडी समोसा विवाद किसने लीक किया।"
यह भी पढ़ें- क्या है श्वेत पत्र? पवन खेड़ा ने की जिसकी मांग, USAID मामले में पूछे तीखे सवाल
ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अपराध चरम पर है। 50 दिनों में 16 हत्याएं हुईं हैं। एक महीने में सिंथेटिक ड्रग के इस्तेमाल से 5 युवाओं की मौत हुई है। खनन माफिया पुल और सड़कें खोद रहे हैं। एसपी ऑफिस से 200 मीटर के भीतर अवैध खनन चल रहा है। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस समोसा विवाद की जांच में तलाश है।
'समोसा विवाद' नवंबर 2024 का है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए CID मुख्यालय गए थे। सीएम के खाने के लिए समोसे परोसे गए थे, लेकिन नाश्ते के वे डिब्बे गायब हो गए थे। यह विवाद इस आरोप पर बढ़ गया कि सीआईडी ने समोसे गायब होने के मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- CAMPA फंड घोटाला: पौधे लगाने के लिए आए करोड़ों रुपयों से खरीदा iPhone, लैपटॉप, फ्रिज, CAG रिपोर्ट में खुलासा
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.