हिंदू-मुसलमानों ने जहांगीरपुरी में निकाली 'तिरंगा यात्रा', की शांति और सद्भाव की अपील

Published : Apr 24, 2022, 09:24 PM ISTUpdated : Apr 24, 2022, 09:36 PM IST
हिंदू-मुसलमानों ने जहांगीरपुरी में निकाली 'तिरंगा यात्रा', की शांति और सद्भाव की अपील

सार

दिल्ली के जहांगीरपुरी (Jahangirpuri violence) में रविवार को हिंदू और मुसलमानों ने मिलकर तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान भारत माता की जय के नारे लगाए गए। लोगों ने अपने घरों की छत से तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों पर फूलों की बारिश की।

नई दिल्ली। हनुमान जयंती जुलूस (Hanuman Jayanti procession) के दौरान दो समूहों के बीच झड़पों के एक हफ्ते बाद रविवार को दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हिंदू और मुस्लिम समुदायों के लोगों द्वारा 'तिरंगा यात्रा' निकाली गई। राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए दोनों समुदायों के लोगों ने क्षेत्र में शांति और सद्भाव की अपील की। जुलूस कड़ी सुरक्षा के बीच निकाला गया। दोनों समुदायों के 50-50 लोगों ने यात्रा में भाग लिया।

जहांगीरपुरी के कुशल चौक से आजाद चौक के बीच यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज लहराया और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस दौरान कॉलोनी के लोगों ने अपने-अपने घरों से तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों पर फूलों की बारिश की। 

उत्तर-पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त उषा रंगानी ने कहा कि हमने दोनों समुदायों के सदस्यों को साथ लाकर एक संयुक्त शांति समिति का गठन किया। उन्होंने जहांगीरपुरी में एक 'तिरंगा यात्रा' आयोजित करने का प्रस्ताव रखा और लोगों से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। यात्रा में दोनों समुदायों के 50-50 लोगों ने भाग लिया। 

यह भी पढ़ें- सांसद नवनीत राणा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : पति-पत्नी को 14 दिन तक जेल भेजा, जानिए कब होगी अगली सुनवाई

16 अप्रैल को हुई थी हिंसा
बता दें कि दिल्ली के जहांगीरपुरी में 16 अप्रैल को हनुमान जयंती जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच हिंसक झड़पें हुईं थी, जिसमें आठ पुलिस कर्मियों और एक नागरिक सहित नौ लोग घायल हो गए थे। हिंसा के एक सप्ताह बाद जहांगीरपुरी में जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। लोगों ने अपने कामधंधे शुरू कर दिए हैं। गलियों में चहल-पहल दिख रही है। इलाके में पुलिस बल की भारी तैनाती है। हिंसा के बाद जहांगीरपुरी में अतिक्रमण हटाने के लिए सरकार ने अभियान शुरू किया था। सुप्रीम कोर्ट ने दो सप्ताह के लिए इस अभियान को रोकने का आदेश दिया था। हिंसा के मुख्य आरोपी अंसार शेख के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस को आशंका है कि हिंसा के लिए शेख को विदेश से पैसे मिले थे। शेख और अन्य संदिग्धों की संपत्तियों की जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ें- लखीमपुर: तिकुनिया कांड के आरोपी आशीष मिश्रा ने किया सरेंडर, सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की थी जमानत

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

राज्यसभा: 'खुलेआम बेचा जा रहा जहर', आप सांसद राघव चढ्ढा ने उठाया खतरनाक मुद्दा
झगड़ा, बदला या कुछ और? दिल्ली में 3 डिलीवरी एजेंटों ने कैसे और क्यों किया बिजिनेसमैन का मर्डर?