
5 August 2025: 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लाल किला की प्राचीर पर भारत का राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर पीएम ने 10 साल में भारत की सुरक्षा के लिए सुदर्शन चक्र कवच लगाने की घोषणा की। बताया कि यह कवच सामरिक और नागरिक ठिकानों की रक्षा करेगा। इसके साथ ही इसमें दुश्मन पर सटीक हमला करने का इंतजाम भी होगा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम देख रहे हैं कि पूरे विश्व में आज युद्ध के तौर-तरीके बदल रहे हैं। हमने देखा है कि भारत युद्ध के हर नए तौर-तरीके से निपटने में समृद्ध है। हमने ऑपरेशन सिंदूर में दिखा दिया है, टेक्नोलॉजी में जो भी महारथ थी। पाकिस्तान ने हमारे सैन्य ठिकानों, एयरबेस, संवेदनशील स्थलों, आस्था के केंद्रों और नागरिकों पर मिसाइलों और ड्रोनों से अनगिनत वार किया। देश ने देखा है, लेकिन देश को सुरक्षित रखने के जो प्रयास पिछले 10 वर्षों में हुए उस ताकत का परिणाम था कि उनके हर हमले को जांबाजों ने और हमारी टेक्नोलॉजी ने, तिनके की तरह बिखेर दिया। रत्ती भर नुकसान नहीं कर पाए।"
उन्होंने कहा, "जब युद्ध के मैदान में टेक्नोलॉजी का विस्तार हो रहा है, टेक्नोलॉजी हावी हो रही है। राष्ट्र की रक्षा के लिए, देश के नागरिकों की सुरक्षा के लिए, हमें भी हमने जो महारथ पाई है उसका विस्तार करने की जरूरत है। उसको लगातार अपग्रेड करने की जरूरत है। इसलिए मैंने एक संकल्प लिया है। मुझे आपके आशीर्वाद चाहिए। देशवासियों के आशीर्वाद चाहिए। क्योंकि समृद्धि कितनी ही क्यों न हो, अगर सुरक्षा के प्रति उदासीनता बरती जाए तो समृद्धि किसी काम की नहीं रहती। इसलिए सुरक्षा का महत्व बहुत बड़ा है।"
नरेंद्र मोदी ने कहा, "आने वाले 10 साल में 2035 तक राष्ट्र के सभी महत्वपूर्ण स्थलों, जिनमें सामरिक के साथ नागरिक क्षेत्र भी शामिल हैं (जैसे अस्पताल, रेलवे, आस्था के केंद्र) उन्हें टेक्नोलॉजी के नए प्लेटफॉर्म द्वारा पूरी तरह सुरक्षा का कवच दिया जाएगा। इसका लगातार विस्तार होता जाएगा। देश का हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे। किसी भी प्रकार की टेक्नोलॉजी हमपर वार करने आ जाए, हमारी टेक्नोलॉजी उससे बेहतर सिद्ध हो। इसलिए आने वाले 10 साल 2035 तक मैं राष्ट्रीय सुरक्षा कवच का विस्तार करना चाहता हूं। मजबूती देना चाहता हूं। आधुनिक बनाना चाहता हूं।"
पीएम ने कहा, "भगवान कृष्ण से प्रेरणा पाकर हमने सुदर्शन चक्र की राह को चुना है। जब महाभारत की लड़ाई चल रही थी। श्रीकृष्ण ने अपने सुदर्शन चक्र से सूर्य के प्रकाश को रोक दिया था। दिन में ही अंधेरा कर दिया था। अब देश सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च करेगा। ये मिशन सुदर्शन चक्र एक पावरफुल वेपन सिस्टम, दुश्मन के हमले को नाकाम तो करेगा ही, लेकिन कई गुना ज्यादा दुश्मन पर पलटवार करेगा।"
उन्होंने कहा, "हमने भारत के सुदर्शन चक्र मिशन के लिए कुछ मूलभूत बातें तय की हैं। आने वाले 10 सालों में हम उसे आगे बढ़ाना चाहते हैं। 1- इस पूरे आधुनिक सिस्टम के लिए रिसर्च, डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग हमारे देश में हो। 2-एक ऐसी व्यवस्था होगी जो लड़ाई के हिसाब से भविष्य में क्या-क्या संभावनाएं हैं। उसका हिसाब लगाकर प्लस वन की स्ट्रैटेजी वर्क आउट करेगी। 3- टारगेट पर सटीक हमला।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.