INDIA की बैठक के दूसरे दिन विपक्षी नेताओं ने ग्रुप फोटो में दिखाई एकजुटता, इन मुद्दों पर हो रही चर्चा

मुंबई में हो रही INDIA की बैठक में विपक्षी दलों के नेताओं ने ग्रुप फोटो के जरिए एकजुटता दिखाई है। आज समन्वय समिति और गठबंधन के संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप देने पर चर्चा की जा रही है।

 

Vivek Kumar | Published : Sep 1, 2023 7:01 AM IST / Updated: Sep 01 2023, 12:53 PM IST

मुंबई। विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA की बैठक (INDIA alliance meeting in Mumbai) मुंबई में हो रही है। बैठक के दूसरे दिन विपक्षी दलों के नेताओं ने ग्रुप फोटो के जरिए एकजुटता दिखाई। इंडिया एलायंस ने नए सुझावों के कारण लोगो के लॉन्च में देरी करने का फैसला किया है। आज समन्वय समिति और गठबंधन के संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप देने पर चर्चा की जा रही है।

विपक्षी गुट इंडिया की बैठक के दूसरे दिन गठबंधन द्वारा समन्वय समिति के गठन सहित कई प्रमुख मामलों पर फैसला लेने की उम्मीद है। इस बैठक में एक देश, एक चुनाव को लेकर भी चर्चा हो रही है। केंद्र सरकार ने इसके लिए कमेटी का गठन किया है। सरकार द्वारा 18-22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है।

 

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ग्रुप फोटो ट्वीट की है। उन्होंने लिखा, "हम एक प्रगतिशील, कल्याणोन्मुख और समावेशी भारत के लिए एकजुट हैं। सरकार जनता को जितना भी भटकाना चाहे, लेकिन जनता के साथ और विश्वासघात नहीं किया जा सकता। 140 करोड़ भारतीयों ने परिवर्तन लाने का फैसला किया है। इस सरकार के जाने की उलटी गिनती शुरू हो गई है।"

बैठक में तैयार की जा रही चुनाव अभियान रणनीति

मुंबई में इंडिया की तीसरी बैठक हो रही है। इससे पहले बेंगलुरु और पटना में बैठक हुई है। विपक्षी दलों ने लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से मुकाबला करने के लिए INDIA नाम का गठबंधन बनाया है। मुंबई में हो रही बैठक का उद्देश्य चुनाव अभियान रणनीति तैयार करना और विपक्ष की औपचारिक संरचना को अंतिम रूप देना है।

यह भी पढ़ें- One Nation, One Election के लिए सरकार ने उठाया कदम, पूर्व राष्ट्रपति कोविंद की अध्यक्षता में कमेटी गठित

जल्द हो सकते हैं लोकसभा चुनाव

विपक्षी दलों को लग रहा है कि सरकार समय से पहले लोकसभा के चुनाव करा सकती है। ऐसा होने पर उन्हें चुनाव प्रचार अभियान के लिए समय कम मिलेगा। इसे देखते हुए विपक्षी दल जल्द से जल्द समन्वय समिति और अन्य समूहों का गठन करना चाहते हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों को समिति में अपने प्रतिनिधियों को नामित करने के लिए कहा गया है। समन्वय समिति की जिम्मेदारियां इंडिया ब्लॉक के सभी भागीदारों के बीच साझा की जाएंगी।

Read more Articles on
Share this article
click me!