
Operation Sindoor: पहलगाम आतंकी हमले का बदला भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर लिया। इससे पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। वह बार-बार भारत पर हमला कर रहा है और मार खा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार की रात पाकिस्तान के बिना उकसावे के बड़ा हमला किया।
पाकिस्तान ने भारत के सीमावर्ती शहरों को निशाना बनाने के लिए मिसाइल और ड्रोन लॉन्च किए। भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने इन हमलों को रोका। मिसाइलों व ड्रोन को मार गिराया। रिपोर्ट्स के अनुसार इस दौरान भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के तीन लड़ाकू विमान (2 JF-17 और 1 F-16 फाइटर जेट) को मार गिराया। पाकिस्तान का एक AWACS (एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम) विमान भी नष्ट हुआ है। यह पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका है। एक AWACS विमान का नुकसान कई लड़ाकू विमान के नुकसान से भी ज्यादा घातक है। पाकिस्तान के पास ऐसे विमानों की संख्या बेहद सीमित है।
रिपोर्ट्स के अनुसार AWACS विमान पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में उड़ान भर रहा था तभी उसे मार गिराया गया। इसके साथ ही दुश्मन को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम खासकर S-400 की ताकत का अच्छे से अंदाजा हो गया है। S-400 के पास ऐसा मिसाइल है जो AWACS विमान को 400km दूर तक मार सकता है। इससे AWACS विमान भारत की सीमा के करीब पहुंचने से पहले ही तबाह हो गया।
AWACS का पूरा नाम एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम है। यह ऐसा विमान है जो हवा में उड़ते हुए रडार स्टेशन के रूप में काम करता है। इसका रडार लंबी दूरी तक नजर रखता है। यह विमान हवा में उड़ते कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के रूप में काम करता है। लड़ाई की स्थिति में फाइटर जेट्स के साथ AWACS विमान भी उड़ान भरते हैं। ये पीछे रहते हैं और लड़ाकू विमानों को गाइड करते हैं। उन्हें बताते हैं कि विरोधी देश का विमान कहां है उससे कैसे निपटना है।
लड़ाई के दौरान AWACS विमान रियल टाइम में अपने लड़ाकू विमानों को स्थिति की जानकारी देते हैं। उनका मार्गदर्शन करते हैं। इससे जमीन और पानी पर मौजूद सेंटर तक भी जानकारी पहुंचाई जाती है। यह विमान आधुनिक युद्ध में अनेक महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाता है। AWACS विमान रियल टाइम में हवाई क्षेत्र की निगरानी करता है। यह सैकड़ों टारगेट पर नजर रख सकता है। यह लड़ाकू विमानों और एयर डिफेंस सिस्टम के साथ समन्वय करता है। इन खूबियों के चलते इसे आसमान में मौजूद आंख भी कहा जाता है।
पाकिस्तान के पास कथित तौर पर 9 AWACS विमान हैं। इसने स्वीडन से Saab 2000 Erieye विमान खरीदे हैं। Saab 2000 Erieye 360 डिग्री एंगल में निगरानी करता है। यह अपने चारों ओर, ऊपर और नीचे सभी तरफ नजर रखता है। इससे 5 लाख वर्ग किलोमीटर इलाके में 60 हजार फीट ऊंचाई तक निगरानी की जा सकती है।
भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच AWACS को मार गिराना पाकिस्तान के लिए एक और झटका हो सकता है। इससे पाकिस्तान वायु सेना की हवाई निगरानी में बाधा आएगी। भारत-पाकिस्तान के बीच अभी आसमान में झड़प हो रही है। AWACS को नष्ट करने से भारत को बढ़त मिली है। भारत ने बता दिया है कि हम न केवल खतरे को रोक सकते हैं बल्कि दुश्मन को बड़ी चोट भी पहुंचा सकते हैं।