
India US Trade: भारत और अमेरिका के बीच हो रही व्यापार वार्ता अब आखिरी चरण में पहुंच गई है। दोनों देश इसे अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। इस द्विपक्षीय वार्ता में 19 अध्याय शामिल किए गए हैं। बातचीत 23 अप्रैल से शुरू होने की उम्मीद है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चर्चा में माल, सेवाओं और सीमा शुल्क सुविधा जैसे मुद्दों को शामिल किया जाएगा। भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के लिए औपचारिक रूप से बातचीत शुरू करने से पहले कुछ मुद्दों पर मतभेद दूर करने के लिए अगले सप्ताह एक अलग टीम अमेरिका जाएगी।
इस बैठक के लिए भारत ने राजेश अग्रवाल को प्रमुख वार्ताकार नियुक्त किया है। वह वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव हैं। अग्रवाल को 18 अप्रैल को अगला वाणिज्य सचिव नियुक्त किया गया था। वह 1 अक्टूबर से पदभार ग्रहण करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाली बैठक 23 अप्रैल से शुरू होगी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर भी रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया है। इसकी घोषणा 9 अप्रैल को की थी। बाद में टैरिफ लागू किए जाने को 90 दिनों के लिए रोका गया था। भारत अमेरिका के साथ ट्रेड डील तय करने को लेकर बातचीत कर रहा है।
मार्च 2025 में शुरू की गई बीटीए वार्ता का पहला चरण इस साल सितंबर-अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इस समय भारत और अमेरिका के बीच करीब 191 बिलियन डॉलर (16.31 लाख करोड़ रुपए से अधिक) का व्यापार हो रहा है। इसे बढ़ाकर 2030 तक 500 बिलियन अमेरिकी डॉलर (42.71 लाख करोड़ रुपए से अधिक) करने का लक्ष्य है।
अमेरिका भारत से औद्योगिक वस्तुओं, इलेक्ट्रिक वाहनों, वाइन, डेयरी, पेट्रोकेमिकल्स और सेब तथा ट्री नट्स सहित कृषि उत्पादों जैसे क्षेत्रों में टैरिफ रियायतें मांग रहा है। इसके बदले भारत कपड़ा, रत्न और आभूषण, चमड़ा, प्लास्टिक और समुद्री भोजन जैसे निर्यातों तक पहुंच प्राप्त करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.