Asianet News | Published : Aug 23, 2023 12:56 AM IST / Updated: Aug 23 2023, 06:35 PM IST

Chandrayaan 3 Landing: चांद पर भारत ने रखा कदम, ISRO ने रचा इतिहास, PM बोले- ये अभूतपूर्व क्षण

सार

भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो (ISRO) आज इतिहास रचने जा रहा है। इसरो द्वारा भेजा गया चंद्रयान-3 (Chandrayaan 3) चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला है। लैडिंग शाम को छह बजकर चार मिनट पर होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका से चंद्रयान लैंडिंग कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे।

06:24 PM (IST) Aug 23

पीएम बोले- ये क्षण अभूतपूर्व हैं

चंद्रयान की सफल लैंडिंग पर पीएम मोदी ने कहा, "ये क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है। ये क्षण नए भारत के जयघोष का है। ये क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। ये क्षण जीत के चंद्रपथ पर चलने का है। ये क्षण 140 करोड़ धड़कनों के सामर्थ्य का है। ये क्षण भारत में नई ऊर्जा के विश्वास का है। ये क्षण, भारत के उदयीमान बाग्य के आह्वान का है।"

 

06:08 PM (IST) Aug 23

पीएम मोदी ने इसरो को दी बधाई

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये क्षण भारत में नई ऊर्जा और विश्वास का है। हमने धरती पर संकल्प लिया और चांद पर उसे साकार किया। हमारे वैज्ञानिक साथियों ने कहा भारत अब चंद्रमा पर है। हम अंतरिक्ष में नए भारत के नई ऊड़ान के साक्षी बने हैं। नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं इसरो और इसके वैज्ञानिकों को इस सफलता के लिए बधाई देता हूं।

 

06:04 PM (IST) Aug 23

चांद की सतह पर भारत ने रखा कदम

चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग कर ली है। इसके साथ ही इसरो ने इतिहास रच दिया है।

 

06:01 PM (IST) Aug 23

किसी भी पल इतिहास रच सकता है विक्रम लैंडर

विक्रम लैंडर की ऊंचाई चांद के सतह से करीब 150 मीटर रह गई है। यह लैंडिंग साइट पर पहुंच गया है। किसी भी पल विक्रम लैंडर इतिहास रच सकता है। इसने सफलतापूर्वक तीन चरण पूरे कर लिए हैं।

 

05:58 PM (IST) Aug 23

विक्रम लैंडर का फाइन ब्रेकिंग फेज शुरू

विक्रम लैंडर का फाइन ब्रेकिंग फेज शुरू हो गया है। यह करीब 2 किलोमीटर की ऊंचाई पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ गए हैं। वे लैंडिंग को लाइव देख रहे हैं।

 

05:52 PM (IST) Aug 23

तेजी से कम हो रही विक्रम लैंडर की ऊंचाई

रफ ब्रेकिंग फेज ठीक तरीके से चल रहा है। विक्रम लैंडर की ऊंचाई 22 किलोमीटर रह गई है।

 

05:46 PM (IST) Aug 23

चांद के सतह की ओर बढ़ने लगा विक्रम लैंडर

विक्रम लैंडर चांद के सतह की ओर बढ़ने लगा है। इसका रफ ब्रेकिंग फेज शुरू हो गया है। इस दौरान चांद के सतह से लैंडर की ऊंचाई कम हो रही है।

05:35 PM (IST) Aug 23

चंद्रयान-3 की लैंडिंग देखने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

चंद्रमा पर विक्रम लैंडर की लैंडिंग देखने के लिए दिल्ली स्थित सीएसआईआर मुख्यालय में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मौजूद हैं।

 

05:29 PM (IST) Aug 23

पीएम मोदी ने कहा अंतरिक्ष अन्वेषण संघ की होनी चाहिए स्थापना

PM मोदी ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग से पहले कहा कि हमें ब्रिक्स अंतरिक्ष अन्वेषण संघ की स्थापना के बारे में भी सोचना चाहिए। कहा कि हम पहले से ही ब्रिक्स उपग्रह समूह पर काम कर रहे हैं लेकिन एक कदम आगे बढ़ने के लिए हमें ब्रिक्स अंतरिक्ष अन्वेषण संघ की स्थापना के बारे में भी सोचना चाहिए।

 

 

04:33 PM (IST) Aug 23

Chandrayaan-3 की लैंडिंग के लिए बाबा रामदेव ने किया यज्ञ

योग गुरु रामदेव ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए बुधवार को हरिद्वार के आचार्यकुलम परिसर में यज्ञ किया। जबकि पुजारियों ने गंगा के तट पर स्थित मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। रामदेव ने आचार्यकुलम के छात्रों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ और हवन किया और मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना की।

 

03:25 PM (IST) Aug 23

Chandrayaan-3 Landing- कब शुरू होगा लैंडिंग का प्रोसेस

इसरो के पूर्व डायरेक्टर ड. पी वेंकटकृष्णन ने कहा कि सब कुछ सुचारु तरीके से चल रहा है। हमें किसी समस्या की उम्मीद नहीं है। लोग 27 अगस्त के बारे में बात कर रहे हैं लेकिन वह एक बैकअप है। चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग शाम करीब 5:47 बजे शुरू होगी और 6:04 बजे तक जारी रहेगी। एक बार जब यह चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास 30 किमी तक पहुंच जाएगा तो नीचे उतरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

03:20 PM (IST) Aug 23

Chandrayaan-3 की सॉफ्ट लैंडिंग पर क्या बोले इसरो के पूर्व वैज्ञानिक

चंद्रयान-3 मिशन के लिए केवल कुछ ही घंटे बचे हैं। ऐसे में इसरो के पूर्व वैज्ञानिक मायलस्वामी अन्नादुरई ने कहा कि लूनार पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला पहला मिशन बनकर देश इतिहास रचने के लिए तैयार है। अन्नादुराई ने कहा कि अब तक बहुत अच्छा रहा है और हमें उम्मीद है कि प्लान ए के ​​अनुसार आज हम लैंडिंग में सक्षम होंगे। मैं भी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।

03:12 PM (IST) Aug 23

Chandrayaan-3 की लैंडिंग पर क्या बोले राजीव शुक्ला

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि मैं भारत के वैज्ञानिकों को उनके काम के लिए सराहना करता हूं और उन्हें बधाई देना चाहता हूं।

02:26 PM (IST) Aug 23

चंद्रयान-3 के लिए मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने किया अरदास

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में खास अरदास किया गया। इसमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी शामिल हुए।

 

01:13 PM (IST) Aug 23

इसरो ने जारी की मिशन कंट्रोल रूम की तस्वीर

इसरो ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग के लिए तैयार मिशन कंट्रोल रूम की तस्वीर शेयर की है। इसके साथ ही इसरो ने कहा है कि हम लैंडिंग के लिए तैयार हैं।

 

 

11:20 AM (IST) Aug 23

लैंडिग के दौरान 15 मिनट होगा सबसे अहम

चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग के लिए इसरो द्वारा अंतिम प्रक्रियाएं की जा रहीं हैं। विक्रम को गाइड करने के फाइनल स्टेज में इसरो पहुंच गया है। लैंडिग के दौरान 15 मिनट सबसे अहम होगा। इसरो ने बताया है कि लैंडर की स्थिति ठीक है।

 

11:02 AM (IST) Aug 23

कांग्रेस बोली- मनमोहन सिंह के कार्यकाल में लॉन्च किया गया था पहला मून मिशन

कांग्रेस ने ट्वीट कर मिशन मून की क्रेडिट लेने की कोशिश की है। कांग्रेस ने अपने ट्वीट में बताया कि भारत का पहला मून मिशन चंद्रयान-1 डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में लॉन्च किया गया था।

 

 

10:58 AM (IST) Aug 23

रूसी महावाणिज्य दूत बोले- मुझे भी है सफल लैंडिंग का इंतजार

चंद्रयान-3 मिशन पर दक्षिण भारत में रूसी महावाणिज्य दूत ओलेग निकोलायेविच अवदीव ने कहा कि भारत में हर कोई चंद्रयान 3 के चंद्रमा की सतह पर उतरने का इंतजार कर रहा है। मुझे भी बहुत उम्मीदें हैं। मैं भी चंद्रमा की सतह पर विक्रम लैंडर की सफल लैंडिंग का इंतजार कर रहा हूं।

 

10:51 AM (IST) Aug 23

मिशन चंद्रयान की सफलता के लिए हवन कर रहे बाबा रामदेव

योग गुरु बाबा रामदेव हरिद्वार में मिशन चंद्रयान की सफलता के लिए हवन कर रहे हैं। वहीं, चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए अजमेर शरीफ दरगाह में प्रार्थना की गई है।

 

08:37 AM (IST) Aug 23

अमेरिका के न्यू जर्सी में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए पूजा

अमेरिका के न्यू जर्सी के मोनरो में स्थित ओम श्री साईं बालाजी मंदिर और सांस्कृतिक केंद्र में पूजा की गई है। भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोग इसरो के मिशन मून की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

07:33 AM (IST) Aug 23

नासा के पूर्व अधिकारी माइक गोल्ड बोले- चंद्रयान-3 से बढ़ेगी चंद्रमा के प्रति समझ

नासा के पूर्व शीर्ष अधिकारी माइक गोल्ड ने कहा है कि भारत के मून मिशन चंद्रयान-3 से महत्वपूर्ण डेटा जमा किया जा रहा है। इससे चंद्रमा को समझने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। इससे भविष्य में चंद्रमा पर इंसानी बस्तियां बसाने में भी मदद मिलेगी।

 

07:21 AM (IST) Aug 23

महाकाल मंदिर में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिग के लिए हुई भस्म आरती

देशभर में मंदिरों में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिग के लिए पूजा-अर्चना की जा रही है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में खास भस्म आरती की गई है।

06:46 AM (IST) Aug 23

सुदर्शन पटनायक ने दी इसरो को शुभकामनाएं

प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने चंद्रयान-3 पर सैंड आर्ट बनाकर इसरो को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की कामना की है।

 

06:34 AM (IST) Aug 23

शाम 5:20 से शुरू होगा लैंडिंग ऑपरेशन का सीधा प्रसारण

इसरो चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सीधा प्रसारण शाम 5 बजकर 20 मिनट पर शुरू करेगा। विक्रम लैंडर शाम 6:04 बजे चंद्रमा पर लैंड करेगा। इसे इसरो की वेबसाइड https://www.isro.gov.in, इसरो के आधिकारिक YouTube channel, इसरो के फेसबुक पेज https://www.facebook.com/ISRO और DD National TV चैनल पर लाइव देखा जा सकता है।

 

06:31 AM (IST) Aug 23

14 जुलाई को लॉन्च हुआ था चंद्रयान-3

इसरो ने 14 जुलाई को चंद्रयान-3 लॉन्च किया था। यह मिशन सफल रहता है तो चांद पर पहुंचने वाला भारत चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले सोवियत रूस, अमेरिका और चीन ने यह कामयाबी पाई है। इसरो का मिशन इस मामले में और खास है कि चंद्रयान चांद के दक्षिण ध्रुव पर लैंड करेगा। यहां अब तक कोई देश नहीं पहुंचा है।

 


More Trending News