
रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस-जेएमएम और आरजेडी के गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिला है। नतीजे आने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन का मुख्यमंत्री बनना तय है। हेमंत 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर निमंत्रण सौंपेगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन में शामिल कांग्रेस ने डिप्टी सीएम पद पर अपना दावा कर दिया है। इस मामले पर चर्चा के लिए शिबू सोरेन के घर में बैठक रखी गई है। हालांकि इस बैठक में हेमंत सोरेन का विधायक दल का नेता चुना जाना तय है।
वहीं, महाराष्ट्र के बाद भाजपा ने झारखंड भी गंवा दिया। चुनाव रुझानों के बीच जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने पिता शिबू सोरेन से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। हेमंत सोरने ने कहा, झारखंड की जनता ने जो स्पष्ट जनादेश दिया है, इसके लिए मतदाताओं का बहुत-बहुत आभार प्रकट करता हूं। आज मेरे लिए संकल्प लेने का दिन है। आज का नतीजे गुरुजी शिबू सोरेन के परिश्रम का परिणाम है।
सोनिया, लालू को किया धन्यवाद
हेमंत सोरेन ने कहा, हमारे पक्ष में जनादेश के लिए मैं झारखंड के लोगों का शुक्रगुजार हूं। मैं राहुल जी और प्रियंका जी का भी धन्यवाद करता हूं। मैं लालू जी, सोनिया जी और सभी कांग्रेस नेताओं का भी धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मुझ में विश्वास जताया और हमारा सहयोग किया।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैं झारखंड के लोगों का धन्यवाद करता हूं, उन्होंने इतने सालों तक सेवा करने का मौका दिया। मैं कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने इतनी मेहनत की। हम राज्य की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा, मैं हेमंत सोरेन और उनके गठबंधन को जीत की बधाई देता हूं। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।
भाजपा ने हार स्वीकारी
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, हम झारखंड की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करते हैं। शाह ने ट्वीट किया, भाजपा को 5 सालों तक प्रदेश की सेवा करने का जो मौका दिया था उसके लिए हम जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। भाजपा निरंतर प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध रहेगी।
जनता ने भाजपा को सत्ता से दूर- शरद पवार
NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बाद झारखंड में भी जनता ने भाजपा को सत्ता से दूर कर दिया। अर्थव्यवस्था संकट में है, बाजार में मंदी है। इन सभी चीजों के वजह से जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर किया है।
पांच चरणों में हुआ था मतदान
81 सीटों वाले राज्य में पांच चरणों में मतदान हुआ। पांच चरणों में कुल 65.23% वोटिंग हुई।
| चरण | कब हुआ मतदान | सीटें | मतदान |
| पहला चरण | 30 नवंबर | 13 | 64.44% |
| दूसरा चरण | 7 दिसंबर | 20 | 64.84% |
| तीसरा चरण | 12 दिसंबर | 17 | 62.35% |
| चौथा चरण | 16 दिसंबर | 15 | 63.64% |
| पांचवां चरण | 20 दिसंबर | 16 | 73.14% |
2014 के नतीजे
एग्जिट पोल में भाजपा को नुकसान
| पार्टी | सीवोटर-एबीपी | आजतक-एक्सिस |
| भाजपा | 32 | 22-32 |
| कांग्रेस | 35 | 38-50 |
| आजसू | 5 | 2-4 |
| अन्य | 9 | 7-12 |
2014 के नतीजे
झारखंड का महासंग्राम
कुल सीट : 81
बहुमत : 41
| पार्टी | 2014 के नतीजे |
| भाजपा | 37 |
| कांग्रेस | 25 |
| आजसू | 5 |
| जेवीएम | 8 |
| अन्य | 6 |
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.