
बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 (Karnataka Assembly Election 2023) के लिए प्रचार के क्रम में नंजनगुडु में रैली किया। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि भारत के हितों के खिलाफ काम करने में कांग्रेस पार्टी का शाही परिवार सबसे आगे रहता है। कांग्रेस कर्नाटक को भारत का हिस्सा नहीं मानती।
नरेंद्र मोदी ने कहा- "जब भारत के हितों के खिलाफ काम करने की बात आती है तो कांग्रेस पार्टी का शाही परिवार सबसे आगे रहता है। दिल में बड़ी दर्द है इसलिए कह रहा हूं। ये देश इस प्रकार के खेल कभी माफ नहीं कर सकता। ये परिवार खुले तौर पर भारत में राजनीति को प्रभावित करने के लिए विदेश शक्तियों को दखल देने के लिए उकसाते हैं। ये लोग कैसे गुप्त रूप से भारत को पसंद नहीं करने वाले विदेशी डिप्लोमेट के साथ मिलते हैं। अब देश को इन सारी बातों का पता है। ये ऐसे काम करते हैं जिससे बार-बार भारत की संप्रभुता का अपमान होता है।"
कर्नाटक को भारत से अलग मानती है कांग्रेस
पीएम ने कहा, "इस अनुचित कार्य में उन्हें कोई शर्मिंदगी नहीं होती है। इस कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस का शाही परिवार एक कदम आगे बढ़ गया है। कल कांग्रेस के शाही परिवार ने कर्नाटक में आकर बोला कि कर्नाटक की संप्रभुता की रक्षा करना चाहते हैं। क्या आपको पता इसका अर्थ क्या होता है? इतने सालों से संसद में बैठे हैं। भारत के संविधान का शपथ लिया है और ये बात बोलते हैं। जब कोई देश आजाद हो जाता है तो उस देश को संप्रभु राष्ट्र कहते हैं। कांग्रेस जो कह रही है इसका मतलब है कि वह कर्नाटक को भारत से अलग मानती है। क्या आपको यह बात मंजूर है? कांग्रेस खुलकर कर्नाटक को भारत से अलग करने की वकालत कर रही है। टुकड़े-टुकड़े गैंग की बीमारी कांग्रेस में इतने ऊपर तक पहुंच जाएगी, मैंने कभी सोचा नहीं था।"
पीएम बोले- इतिहास का सबसे बड़ा फ्रॉड है कांग्रेस का गरीबी हटाने का वादा
नरेंद्र मोदी ने कहा, "आजकल कांग्रेस लोगों को झूठी गारंटियां बांट रही है। वे इस बात का कभी जवाब नहीं देते कि 50 साल पहले देश से गरीबी हटाने की जो गारंटी दी थी उसका क्या हुआ? कांग्रेस की सबसे बड़ी गारंटी उनके सबसे बड़े नेता ने दी थी। यह गारंटी इतिहास का सबसे बड़ा फ्रॉड बन गई है। कांग्रेस का पूरा काम झूठ का बंडल होता है। इसलिए कांग्रेस भारत से गरीबी खत्म नहीं कर पाई।"
कांग्रेस की सरकार के दौरान लिया जाता था 85 फीसदी कमीशन
प्रधानमंत्री ने कहा, "आजकल हर भारतीय हैरान है कि देश में इतनी शानदार वंदेभारत ट्रेन कैसे चलने लगी हैं? देश में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प कैसे हो रहा है? देश में नए-नए एयरपोर्ट कैसे बन रहे हैं? लोग सोच रहे हैं कि देश के कोने-कोने में शानदार एक्सप्रेसवे बनाने के लिए, आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए इतना पैसा कहां से आ रहा है? लोगों को लग रहा है कि मोदी पैसे लाता कहां से है? ये आपका पैसा है। कांग्रेस की सरकारों में इसे लूट लिया जाता था। मोदी उन पैसों को आपके लिए काम में लगाता है।
उन्होंने कहा, "100 पैसे के काम में कांग्रेस सरकारों के समय 85 पैसा कांग्रेस के नेताओं के जेब में जाता था। सिर्फ 15 फीसदी कांग्रेस की बजट से न देश का विकास हो सकता है और न कर्नाटक का। आपको लगता होगा कि ये 85 फीसदी मोदी कहां से लाया? यह मेरा नहीं है। यह मोदी नहीं कह रहा है। कांग्रेस के प्रधानमंत्री राजीव गांधी खुद जनसभा में बोलते थे कि वो दिल्ली से 1 रुपया भेजते हैं तो गरीब के पास 15 पैसा पहुंचता है। 85 पैसा चोरी हो जाता है। यह बात उन्होंने तब बोली थी जब कांग्रेस सत्ता में थी और पंचायत से संसद तक उनकी सरकार थी। उस वक्त 85 फीसदी कमीशन लिया जाता था। यह बात खुद कांग्रेस के प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया है।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.