
मोगा। भगोड़े खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) ने शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात मोगा जिले के रोड़ेवाल गुरुद्वारा में सरेंडर किया। गुरुद्वारा के ग्रंथी ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम आई और अमृतपाल को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। सूत्रों से यह जानकारी मिली है। वह एक महीने से पुलिस से भागा फिर रहा था। पुलिस उसके पीछे लगी हुई थी। सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे थे।
पंजाब पुलिस के आईजी सुखचैन सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस ने अमृतपाल को खुफिया जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया। पुलिस ने गांव को घेर लिया था। रविवार सुबह उसे गिरफ्तार किया गया। इससे पहले पंजाब पुलिस ने ट्वीट किया, "अमृतपाल को मोगा में गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस द्वारा आगे जानकारी दी जाएगी। लोगों से अपील है कि शांति और सद्भाव बनाए रखें, फर्जी खबर शेयर नहीं करें। खबर शेयर करने से पहले जरूर उसकी पुष्टि कर लें।"
डिब्रूगढ़ जेल होगा बंद
अमृतपाल को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस ने 18 मार्च को उसके ठिकाने पर छापा मारा था। इस दौरान वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। इसके बाद से पुलिस अमृतपाल को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही थी। पत्नी को एयरपोर्ट पर रोके जाने के दो दिन बाद उसने सरेंडर किया। अमृतपाल को मोगा से बठिंडा ले जाया गया। यहां से उसे असम के डिब्रूगढ़ जेल ले जाया जाएगा। अमृतपाल को डिब्रूगढ़ जेल में रखा जाएगा और यहीं उससे पूछताछ होगी।
अजनाला कांड के बाद से फरार था अमृतपाल
'वारिस पंजाब दे' संगठन का प्रमुख अमृतपाल 36 दिन बाद पुलिस की गिरफ्त में आया है। उसके कई साथी पकड़े गए थे, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। अमृतपाल अपना हुलिया बदलकर छिपा हुआ था। वह अजनाला कांड के बाद से फरार था। 23 फरवरी को अमृतपाल के समर्थकों ने अमृतसर जिले के अजनाला थाना पर हमला किया था। बंदूकों और तलवारों से लैस अमृतपाल के समर्थकों ने गिरफ्तार किए गए एक आरोपी को जबरन छुड़ा लिया था। आरोपी अमृतपाल का करीबी था। हमले के दौरान पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया गया था। उनके साथ मारपीट की गई थी।
लंदन नहीं जा सकी थी अमृतपाल सिंह की पत्नी
20 अप्रैल को अमृतपाल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर को अमृतसर एयरपोर्ट पर पुलिस ने रोक दिया था। वह लंदन जाने के लिए आई थी। पंजाब पुलिस ने किरणदीप को हिरासत में लिया था और पूछताछ की थी। किरणदीप कौर के पास यूके की नागरिकता है। उसने इसी साल फरवरी में अमृतपाल के साथ शादी की है। विवाह के बाद वह यूके छोड़कर अमृतपाल के पैतृक गांव पंजाब के जल्लूपुर खेड़ा में रहने लगी थी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.