
बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 (Karnataka Assembly Election 2023) के लिए प्रचार अभियान पूरे जोर शोर से चल रहा है। इस बीच आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए जा रहे हैं। कर्नाटक भाजपा ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर लिंगायतों को गाली देने और उन्हें अपमानित करने का आरोप लगाया है।
सिद्धारमैया के एक बयान का हवाला देते हुए बीजेपी ने आरोप लगाया है कि वीरशैव लिंगायतों को विभाजित करने के उनके कुटिल मंसूबों के विफल होने के बाद सिद्धारमैया ने लिंगायतों को 'भ्रष्ट' और कर्नाटक को बर्बाद करने वाला बताया। उन्होंने पूरे समुदाय को गाली दी है। इसके साथ ही भाजपा ने सवाल पूछा है कि कांग्रेस गुरु बसवन्ना के अनुयायियों से इस हद तक नफरत क्यों करती है?
8 बार विधायक रहे हैं सिद्धारमैया
गौरतलब है कि सिद्धारमैया 8 बार विधायक रहे हैं। उन्होंने कहा है कि यह उनका आखिरी चुनाव है। इसके बाद संन्यास लेंगे। वह वरुणा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा सरकार में मंत्री बी सोमन्ना से है। सिद्धारमैया ने 2008 और 2013 में हुए चुनाव में वरुणा सीट से जीत हासिल की थी। वह 2013 के विधानसभा चुनाव के बाद सीएम बने थे।
यह भी पढ़ें- कर्नाटक चुनाव 2023 में मीट पार्टी का क्रेज, 15-20 हजार में बिक रहा एक बकरा, भेंड़ों की बढ़ गई चाल
भाजपा ने 68 लिंगायतों को दिया है टिकट
कर्नाटक की आबादी में करीब 17 प्रतिशत हिस्सा लिंगायत समुदाय के लोगों का है। भाजपा ने 68 लिंगायतों को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने 51 लिंगायत प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे हैं। कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में चुनाव हो रहे हैं। 3632 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कराया है। 10 मई को मतदान होगा और 13 मई को रिजल्ट आएंगे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.