
अरुणाचल प्रदेश-सिक्किम में वोट। देश में आज शुक्रवार (19 अप्रैल) को लोकतंत्र का महापर्व लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान शुरू हुआ है। इस दौरान देशभर के 21 राज्यों में कुल 102 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। इसमें अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम जैसे छोटे राज्य भी शामिल है। हालांकि, आज अरुणाचल प्रदेश में दो लोकसभा सीटों के अलावा 50 विधानसभा सीटों के लिए भी मतदान शुरू हुआ है। यहां सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई है। वहीं सिक्किम की 32 विधानसभा सीटों और एकमात्र लोकसभा सीट के लिए भी मतदान शुरू हुई है। दोनों राज्यों में शाम 5 बजे तक वोटिंग की जाएगी।
इस बार अरुणाचल प्रदेश में कुल 8 लाख 92 हजार 694 लोग मतदान कर रहे हैं। इनमें में 4 लाख 54 हजार 256 महिला वोटर शामिल है। आज राज्य में अपने मत का इस्तेमाल कर विधानसभा चुनाव में 133 उम्मीदवारों और 14 लोकसभा चुनाव प्रतियोगियों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। सिक्किम में, 4.64 लाख से अधिक मतदाता विधानसभा समेत लोकसभा के लिए एक सांसद का चुनाव करने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
भाजपा का अरुणाचल प्रदेश में बोल-बाला
अरुणाचल प्रदेश की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा पहले ही 10 सीटें निर्विरोध जीत चुकी है। पश्चिम संसदीय सीट पर 8 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें केंद्रीय भू विज्ञान मंत्री किरेन रिजिजू और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नबाम तुकी शामिल हैं। मौजूदा भाजपा सांसद तापिर गाओ और राज्य कांग्रेस उपाध्यक्ष बोसीराम सिरम अरुणाचल पूर्व लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे छह उम्मीदवारों में से हैं।
सिक्किम में विधानसभा और लोकसभा चुनाव
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांगस, पवन कुमार चामलिंग, पूर्व फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया और तमांग की पत्नी कृष्णा कुमारी राय सहित कुल 146 उम्मीदवार 32 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मैदान में भाग्य आजमाने के लिए उतरे हैं। तमांग और चामलिंग दो-दो विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं राज्य में एकमात्र लोकसभा सीट पर मौजूदा लोकसभा सांसद इंद्रा हैंग सुब्बा और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) के पीडी राय 14 उम्मीदवारों में शामिल हैं। सिक्किम में 573 मतदान केंद्रों पर मतदान चल रहा है, जिनमें से 88 शहरी और 485 ग्रामीण इलाके शामिल है। सिक्किम में CAPF की तेरह कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें से पांच कंपनियां भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की और आठ सशस्त्र सीमा बल (SSB) की हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सुरक्षा को लेकर दी जानकारी
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) पवन कुमार सेन ने PTI को बताया कि राज्य में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए इंडिया रिजर्व बटालियन और राज्य पुलिस कर्मियों सहित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 70 कंपनियों की तैनाती के साथ व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। CEO ने कहा कि चुनाव आयोग ने 5,596 विकलांग व्यक्तियों (PWD) के लिए विशेष सुविधाओं की भी व्यवस्था की है, जिसमें मतदान केंद्रों तक परिवहन और रैंप की स्थापना शामिल है। राज्य में कुल 150 मतदान केंद्रों का प्रबंधन महिलाएं करेंगी।
ये भी पढ़ें: Lok Sabha Chunav 2024 LIVE: पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में पोलिंग बूथ पर पथराव, BJP ने TMC पर लगाया आरोप
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.