'शिवाजी पार्क में शक्ति के विनाश की बात हुई, बाला साहेब ठाकरे की आत्मा को कितना दुख हुआ होगा'

Published : Mar 18, 2024, 03:55 PM ISTUpdated : Mar 18, 2024, 04:40 PM IST
Narendra Modi in karnataka

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कर्नाटक को कांग्रेस ने अपना एटीएम बना दिया है। लूट इतनी बढ़ गई है कि कर्नाटक सरकार चलाने के लिए पैसे नहीं हैं। 

शिवमोग्गा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कर्नाटक के शिवमोग्गा में रैली किया। उन्होंने कहा कि देश ने 10 साल में भाजपा की सरकार का काम देखा है। दूसरी ओर कांग्रेस के पास विकास का एजेंडा नहीं है। इसलिए वह तरह-तरह के हथकंडे अपनाती है। कांग्रेस का पहला हथकंडा है, झूठ बोलो! बड़े-बड़े झूठ बोलो! कांग्रेस का दूसरा हथकंडा है- अपने झूठ को ढकने के लिए, नए झूठ बोलो। कांग्रेस का तीसरा हथकंडा है- जब पकड़े जाओ तो अपनी करतूतों का ठीकरा दूसरों के सिर फोड़ दो। कांग्रेस की मंशा कभी काम करने की नहीं रही। कांग्रेस का केवल एक ही इरादा होता है- लोगों को लूटना, अपनी जेबें भरना। कर्नाटक को कांग्रेस ने अपना एटीएम बना दिया है। लूट इतनी बढ़ गई है कि कर्नाटक सरकार चलाने के लिए पैसे नहीं हैं।

कर्नाटक में भी रैली के दौरान नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस भाषण का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने शक्ति से लड़ने की बात कही थी। नरेंद्र मोदी ने कहा, “कल मुंबई में इंडी अलायंस की तरफ से एक खुला ऐलान किया गया है। वे लोग हिंदू धर्म में समाहित शक्ति को समाप्त करना चाहते हैं। हिंदू समाज जिन्हें शक्ति मानता है, उस शक्ति के विनाश का ऐलान कर दिया है। अगर शक्ति विनाश का उनका ऐलान है तो शक्ति उपासना का मेरा भी ऐलान है।"

बाला साहेब ठाकरे की आत्मा को कितना दुख हुआ होगा

पीएम ने कहा, "मैं हैरान हू्ं। कल शिवाजी पार्क में शक्ति के विनाश का ऐलान हुआ। मैंने सुना तो सोच रहा था कि बाला साहेब ठाकरे जी की आत्मा को कितना दुख पहुंचा होगा। शिवाजी पार्क में शक्ति के विनाश करने का ऐलान किया जाए। उस भूमि पर जहां का बच्चा-बच्चा जन्म से जय शक्ति जय भवानी का मंत्र लेकर बड़ा होता है। शिवाजी महाराज शक्ति के उपासक थे। उस शिवाजी पार्क में शक्ति के विनाश का ऐलान किया जाता है। कौन लोग मंच पर बैठे थे? पता नहीं बाला साहेब की आत्मा को क्या होता होगा। मेरे लिए देश की नारी इसी शक्ति का प्रतिबिंब है। इसलिए हमारी सरकार की योजनाओं में सबसे अधिक प्राथमिकता नारी शक्ति को दी जाती है। आजादी के बाद किसी सरकार ने नारी शक्ति पर इतना बल नहीं दिया।”

नरेंद्र मोदी ने कहा, "कई पोलिटिकल जानकार कहते रहे हैं कि नारी शक्ति मोदी की साइलेंट वोटर है, लेकिन मेरे लिए देश की नारी शक्ति वोटर नहीं बल्कि मां शक्ति स्वरूपा है। नारी शक्ति का यही आशीर्वाद मेरा सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। इंडी अलायंस के लोग अब शक्ति को कुचलना चाहते हैं। तबाह करना चाहते हैं। इन्हें मां भारती की बढ़ती हुई शक्ति से नफरत हो रही है। इन्हें भारत की नारी का उत्थान अच्छा नहीं लग रहा है। शक्ति पर वार का मतलब है देश की माताओं-बहनों-बेटियों पर वार। ये शक्ति ही है जिसके अवतरण से भारत की भूमि से आतंक और अत्याचार का अंत होता है। इंडी अलायंस ने, कांग्रेस ने, इसी शक्ति को ललकारा है। कांग्रेस को इसका जवाब, देश की हर महिला, हर बहन, हर बेटी देगी। शक्ति का हर उपासक देगा। चार जून को इन्हें पता चल जाएगा कि शक्ति को ललकारने का मतलब क्या होता है।"

कांग्रेस को बांटने की विरासत देकर गए अंग्रेज

पीएम ने कहा, "अंग्रेज अपनी विरासत कांग्रेस को देकर गए हैं। कांग्रेस ने पहले देश बांटा, फिर लोगों को जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर बांटा। कांग्रेस देश को बांटने वाले खतरनाक खेल खेल रही है। अभी हाल ही में कर्नाटक के कांग्रेस सांसद ने देश को एक और बार बांटने का बयान दिया है। ऐसे सांसद को पार्टी से निकाल फेंकने के बजाय कांग्रेस उसका बचाव कर रही है। कर्नाटक ऐसी राजनीति और ऐसे षड्यंत्रों को कभी सफल नहीं होने देगा। कर्नाटक की धरती का ऐसा अपमान करने वाली कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में चुन-चुनकर साफ कर देना चाहिए।"

यह भी पढ़ें- तेलंगाना: PM बोले- इंडी अलायंस की लड़ाई शक्ति के खिलाफ, माताओं-बहनों की रक्षा को जान की बाजी लगा दूंगा

उन्होंने कहा, “आजादी के बाद कांग्रेस ने जो व्यवस्था बनाई उससे गरीब और गरीब होता गया। कांग्रेस ने हमेशा देश के गरीब को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरसाया। बीते 10 वर्षों में हमने इन हालातों को बदलने के लिए काम किया। 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर हुए। हमने गरीबों की समस्याओं पर फोकस किया।”

यह भी पढ़ें- Electoral Bonds: SC ने इलेक्टोरेल बॉन्ड मामले में SBI को लगाई फटकार, कहा-'कुछ भी छिपाया न जाए चुनावी बॉन्ड से संबंधित सभी डिटेल का करें खुलासा'

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

12 जनवरी से रेल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव, जानें सिर्फ कौन लोग बुक कर पाएंगे टिकट
काला चश्मा, काली जैकेट, काली ही वॉच...यूथ दिवस पर देखिए PM मोदी का स्वैग