Lok Sabha Elections 2024: अमित शाह से लेकर डिंपल यादव तक, तीसरे चरण में इन 10 बड़े नेताओं के भाग्य का हुआ फैसला

Published : May 07, 2024, 07:44 AM ISTUpdated : May 07, 2024, 06:51 PM IST
Amit Shah Dimple Yadav

सार

लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 93 सीटों पर मतदान किया गया। इस फेज में अमित शाह, प्रह्लाद जोशी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान और डिंपल यादव समेत कई बड़े नेताओं के लिए मतदान हुआ।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण के लिए मंगलवार को मतदान किया गया। इस फेज में अमित शाह, प्रह्लाद जोशी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान और डिंपल यादव समेत कई बड़े नेताओं के राजनीतिक भाग्य का फैसला मतदाताओं ने किया। 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 93 सीटों पर मतदान हुआ। 

लोकसभा चुनाव फेज 3 के बड़े उम्मीदवार

1. अमित शाह (गांधीनगर, गुजरात)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के गांधीनगर सीट से चुनावी मैदान में हैं। वह दूसरी बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट से पहले लाल कृष्ण आडवाणी चुनाव लड़ते थे। भाजपा यहां 1989 से नहीं हारी है। अमित शाह का मुकाबला कांग्रेस की प्रत्याशी सोनल पटेल से है। 2019 में अमित शाह ने इस सीट से 5.55 लाख से अधिक वोटों के जीत पाई थी।

2. ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना, मध्य प्रदेश)

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश के गुना से चुनाव लड़ रहे हैं। वह पहले कांग्रेस में थे। 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे। 2019 में कांग्रेस के टिकट पर वह चुनाव लड़े थे, लेकिन भाजपा के कृष्ण पाल सिंह से हार गए थे। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के यादवेंद्र राव देशराज सिंह से है।

3. डिंपल यादव (मैनपुरी, उत्तर प्रदेश)

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट से मुलायम सिंह यादव चुनाव लड़ते थे। उनका मुकाबला बीजेपी के जयवीर सिंह ठाकुर से है।

4. सुप्रिया सुले (बारामती, महाराष्ट्र)

शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले महाराष्ट्र के बारामती से चुनाव लड़ रहीं हैं। उनका मुकाबला अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार से है। शरद पवार पहली बार 1984 में बारामती से जीते थे। 1991 में उनके भतीजे अजीत पवार ने इस सीट से जीत हासिल की। 1996 से बारामती का प्रतिनिधित्व पहले शरद पवार और फिर सुप्रिया सुले ने किया। 2019 में सुले ने भाजपा प्रत्याशी कंचन राहुल को 1.5 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया था।

5. सुनेत्रा पवार (बारामती, महाराष्ट्र)

सुनेत्रा पवार अजीत पवार की पत्नी हैं। एनसीपी में टूट के बाद दो पार्टी बनी है। एक का नेतृत्व शरद पवार और दूसरे का नेतृत्व अजीत पवार कर रहे हैं। बारामती में चुनावी लड़ाई पवार बनाम पवार है।

6. दिग्विजय सिंह (राजगढ़, मध्य प्रदेश)

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के राजगढ़ से चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने इसे अपना "अंतिम चुनाव" कहा है। उनका मुकाबला भाजपा के रोडमल नागर से है।

7. शिवराज सिंह चौहान (विदिशा, मध्य प्रदेश)

शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम हैं। पिछले साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भाजपा ने शिवराज को हटाकर नए चेहरे मोहन यादव को सीएम बनाया। शिवराज विदिशा से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रताप भानु शर्मा से है।

8. प्रल्हाद जोशी (धारवाड़, कर्नाटक)

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी कर्नाटक के धारवाड़ से चुनाव लड़ रहे हैं। जोशी 2004 से इस सीट से जीतते आ रहे हैं। इस बार वह कांग्रेस के विनोद आसुती के खिलाफ मैदान में हैं।

9. अधीर रंजन चौधरी (बहरामपुर, पश्चिम बंगाल)

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी 2009 से 2019 तक तीन बार बहरामपुर से कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2019 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की अपूर्बा सरकार को 80,000 से अधिक वोटों से हराया था। इस बार उनका मुकाबला बीजेपी के निर्मल साहा और टीएमसी के पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ पठान से है।

10. बदरुद्दीन अजमल (धुबरी, असम)

ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल 2009 से धुबरी लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के रकीबुल हुसैन से है।

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

गैंगस्टर अबू सलेम को 14 दिन की पैरोल देने से सरकार का इनकार, अब क्या बचा आखिरी रास्ता?
45 लाख के गहने देख भी नहीं डोला मन, सफाईकर्मी की ईमानदारी देख सीएम ने दिया इनाम