
नई दिल्ली। भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। बांसुरी स्वराज से लेकर अब्दुल सलाम तक इस लिस्ट में कई ऐसे नाम हैं, जिन्होंने लोगों को चौंकाया है।
सुषमा स्वराज की बेटी हैं बांसुरी स्वराज
बांसुरी स्वराज पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी हैं। उन्हें नई दिल्ली टिकट मिला है। बांसुरी स्वराज पेशे से वकील हैं। पिछले साल भाजपा ने उन्हें भाजपा दिल्ली के कानूनी प्रकोष्ठ का सह-संयोजक नियुक्त किया था। उनके पास कानूनी पेशे में 15 साल का अनुभव है। नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी का टिकट कट गया है।
शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में शानदार जीत मिलने के बाद भी भाजपा ने उस वक्त सीएम रहे शिवराज सिंह चौहान को फिर से सीएम की कुर्सी नहीं दी थी। शिवराज सिंह को विदिशा से टिकट मिला है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया राज्यसभा सांसद हैं। वह केंद्र सरकार में विमानन मंत्री हैं। पार्टी ने उन्हें गुना से टिकट दिया है। इसी सीट से वह 2019 के चुनाव में भाजपा से हार गए थे।
आलोक शर्मा
आलोक शर्मा को भाजपा ने भोपाल से टिकट दिया है। 2019 के चुनाव में भोपाल से प्रज्ञा ठाकुर को टिकट मिला था। उन्होंने दिग्विजय सिंह को हराया था। पार्टी ने उनका टिकट काट दिया है।
अब्दुल सलाम
डॉ अब्दुल सलाम के रूप में भाजपा ने अपने पहले लिस्ट में एक मुसलमान को टिकट दिया है। उन्हें केरल के मलप्पुरम से चुनावी मैदान में उतारा गया है।
रमेश बिधूड़ी का टिकट कटा
संसद में बसपा सांसद दानिश अली पर आपत्तिजनक बातें कहकर चर्चा में आए रमेश बिधूड़ी का टिकट कट गया है। वह दक्षिणी दिल्ली से सांसद हैं। उनकी जगह रामवीर सिंह बिधूड़ी को टिकट मिला है।
यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2024: BJP ने जारी की 195 कैंडीडेट्स की 1st लिस्ट, पढ़ें किसको कहां से मिला टिकट
डॉ. हर्षवर्धन का टिकट कटा
दिल्ली के चांदनी चौक सीट से पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन का टिकट कट गया है। उनकी जगह पार्टी ने प्रवीण खंडेलवाल को टिकट दिया है।
यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2024: केरल के 12 कैंडीडेट्स का BJP ने किया ऐलान, राजीव चंद्रशेखर को तिरुवनंतपुरम से टिकट
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.