
नई दिल्ली। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए नामांकन दाखिल किया है। भाजपा ने उन्हें राजस्थान के झालावाड़-बांरा सीट से टिकट दिया है। दुष्यंत सिंह ने नामांकन के साथ दिए शपथ पत्र में अपने बारे में जानकारी दी है।
दुष्यंत सिंह को वित्त वर्ष 2022-23 में 97 लाख, 39 हजार 830 रुपए की आमदनी हुई। उनकी पत्नी निहारिका राजे को पिछले साल सिर्फ 9330 रुपए की आमदनी हुई। दुष्यंत सिंह के परिवार को पिछले साल 15 लाख 77 हजार 370 रुपए की आय हुई। दुष्यंत की छवि साफ है। उनके खिलाफ किसी थाने में कोई FIR दर्ज नहीं है।
1.10 करोड़ की वोलवो कार की सवारी करते हैं दुष्यंत
दुष्यंत ने अपनी चल संपत्ति की जानकारी दी है। उनके पास 49 हजार 500 रुपए नकद हैं। उनकी पत्नी निहारिका राजे के पास 46 हजार 800 रुपए नकद है। कार की बात करें तो दुष्यंत के नाम पर पांच कारें हैं। इनके पास 9.50 लाख की मर्सीडीज 21.34 लाख की ईनोवा, 12.06 लाख की मारुती एकएल, 1.10 करोड़ की वोलवो और 1 लाख की होंडा कार है।
दुष्यंत के परिवार के पास हैं 5 रोल्स रॉयस कारें
दुष्यंत राजपरिवार से आते हैं। उनके परिवार के पास एक दो नहीं, बल्कि पांच रोल्स रॉयस कारें हैं। ये कारें 1920 से 1934 के बीच की है। प्रत्येक कार की कीमत 3 लाख रुपए बताई गई है। दुष्यंत की पत्नी के नाम पर कोई कार नहीं है।
दुष्यंत के पास है 1 लाख की प्राचीन बंदूक
दुष्यंत के पास 1 लाख रुपए की प्राचीन बंदूक है। उनके पास 2680 ग्राम सोने के गहने हैं। इनकी कीमत 1.75 करोड़ रुपए से अधिक है। दुष्यंत की पत्नी के पास 2.46 करोड़ के सोने के गहने और 3.85 लाख के चांदी के गहने या बर्तन हैं। दुष्यंत की कुल चल संपत्ति 4 करोड़, 12 लाख, 92 हजार 921 रुपए हैं। उनकी पत्नी निहारिका राजे के नाम पर 6 करोड़, 5 लाख, 2 हजार 397 रुपए की चल संपत्ति है।
दुष्यंत के पास 6 करोड़ 77 लाख 50 हजार की अचल संपत्ति है। निहारिका के पास 40 लाख की अचल संपत्ति है। दुष्यंत के परिवार के पास 20 करोड़, 72 लाख, 87 हजार, 975 करोड़ की अचल संपत्ति है। दुष्यंत पर 8 करोड़, 65 लाख, 93 हजार 973 रुपए कर्ज है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.