Asianet News | Published : May 25, 2024 12:44 AM IST / Updated: May 26 2024, 11:24 AM IST

Lok Sabha Elections 2024 Phase 6: पश्चिम बंगाल में BJP उम्मीदवार पर हमला, जान बचाकर भागे, 61.2% मतदान

सार

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में शनिवार को 58 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। 2019 में इनमें से एक सीट भी कांग्रेस नहीं जीत पाई थी। वहीं, भाजपा को 40 सीटों पर जीत मिली थी।

08:30 PM (IST) May 25

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में 61.2% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 58 सीटों पर 61.2 फीसदी मतदान हुआ। बिहार में 55.24%, हरियाणा में 60.4%, जम्मू-कश्मीर में 54.30%, झारखंड में 63.76%, दिल्ली में 57.67%, ओडिशा में 69.56%, उत्तर प्रदेश में 54.03% और पश्चिम बंगाल में 79.47% मतदान हुआ है।

 

06:15 PM (IST) May 25

58 सीटों पर शाम 5 बजे तक 57.7% मतदान

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को 58 सीटों पर शाम 5 बजे तक 57.7% मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 77.99% मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश में 52.02%, बिहार में 52.24%, हरियाणा में 55.93%, जम्मू-कश्मीर में 51.35%, झारखंड में 61.41%, दिल्ली में 53.73% और ओडिशा में 59.60% मतदान हुआ है।

 

06:11 PM (IST) May 25

भाजपा उम्मीदवार बोले-केंद्रीय बल के जवान नहीं होते तो हो जाती हत्या

भाजपा उम्मीदवार प्रणत टुडू ने कहा, "हमें जानकारी मिली कि मोंगलापोटा में बीजेपी के वोटरों को वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। इसी चलते हम देखने आए थे कि समस्या क्या है। यहां करीब 200 लोगों ने हम पर लाठियों, पत्थरों और हथियारों से हमला किया। केंद्रीय बल के जवान नहीं होते तो हमारी हत्या हो सकती थी। हमें स्थानीय पुलिस से कोई सुरक्षा नहीं मिली। दीदी (ममता बनर्जी) सीएए लागू नहीं करना चाहतीं। वह देश को पाकिस्तान बनाना चाहती हैं।"

 

06:07 PM (IST) May 25

पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार पर हमला

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रणत टुडू पर कथित तौर पर बदमाशों द्वारा हमला किया गया। वह संसदीय क्षेत्र के मोंगलापोटा में बूथ संख्या 200 पर जा रहे थे तभी उनपर हमला कर दिया गया। भाजपा उम्मीदवार और उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। हमले में प्रणत टुडू घायल हो गए हैं। उनके सिर पर चोट लगी है।

 

06:02 PM (IST) May 25

छिटपुट झड़प के बीच मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे फेज का मतदान शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। जिन पोलिंग बूथ पर 6 बजे के बाद भी लोग कतार में खड़े थे उन्हें वोट डालने दिया जा रहा है। पश्चिम बंगाल से भाजपा और टीएमसी के बीच छिटपुट झड़प की खबरें आईं हैं। 

05:24 PM (IST) May 25

CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने डाला वोट

CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर आकर वोट डाला है। मतदान के बाद उन्होंने कहा, "आज मैंने वोट डालकर एक नागरिक के रूप में अपने कर्तव्य का पालन किया है। यह बहुत बड़ा कर्तव्य है।"

 

04:26 PM (IST) May 25

अजय माकन ने किया मतदान

दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर मतदान के बाद कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा, "दिल्ली में माहौल बहुत अच्छा है। सबलोग इंडिया गठबंधन के हक में वोट डाल रहे हैं। इस इलाके में अभी तक 50 फीसदी से अधिक मतदान अच्छी बात है।"

 

04:18 PM (IST) May 25

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित बोले- बीजेपी की 200 सीटें भी मुश्किल लग रही

लोकसभा चुनाव के छठे चरण पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, "6 के बाद अब हमलोग इंतजार कर रहे हैं कि सातों राउंड का मतदान खत्म हो और काउंटिंग हो। बहुत लंबा अरसा लगा, लगभग 1.5-2 महीने का। बीजेपी की 200 सीटें भी मुश्किल लग रही है। इस बार सरकार पलटेगी, इसमें कोई शक नहीं है।"

 

03:52 PM (IST) May 25

58 सीटों पर तीन बजे तक 49.2% मतदान

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को 58 सीटों पर 3 बजे तक 49.2% मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 70.19% मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश में 43.95%, बिहार में 45.21%, हरियाणा में 46.26%, जम्मू-कश्मीर में 44.41%, झारखंड में 54.34%, दिल्ली में 44.58% और ओडिशा में 48.44% मतदान हुआ है।

 

03:40 PM (IST) May 25

आप नेता संदीप पाठक ने कहा-जागरूक हो गई है जनता

आप नेता संदीप पाठक ने वोट डाला। इसके बाद कहा, "मैं देश और दिल्ली की जनता से निवेदन करता हूं कि आप सभी बाहर निकलकर वोट करें। मुझे पूरा भरोसा है कि देश की जनता अब बहुत जागरूक हो गई है। वो देख रही है क्या सही है, क्या गलत है। जो सही होगा, सत्य होगा, उसी के साथ जाएगी, उसी को वोट करेगी। बीजेपी का 400 पार का नारा एक नारा है। सरकार के काम के आधार पर जनता वोट करेगी।"

 

02:58 PM (IST) May 25

महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा- फैलाए जा रहे पुराने वीडियो

महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि यह देखा गया है कि अन्य राज्यों के कुछ पुराने वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाए जा रहे हैं। इनमें शरारती तत्व चुनाव प्रक्रिया को खराब करने और विशेष रूप से ईवीएम के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे वीडियो लोकसभा चुनाव से संबंधित नहीं हैं। महाराष्ट्र में मतदान सुचारू और शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुआ है।

 

02:27 PM (IST) May 25

16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया ने पहली बार किया मतदान

16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया ने दिल्ली के पोलिंग बूथ पर पहुंचकर पहली बार वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा, "पहले जब आप 21 साल के होते थे तब मतदान का अधिकार मिलता था। मैं जब 21 साल का हुआ तो उस साल कोई चुनाव नहीं हुआ। इसके बाद मैं अमेरिका चला गया। मैं जब भी यहां आता कोई चुनाव नहीं हुआ। इस बार मैं साल-डेढ़ के लिए यहां पर हूं चुनाव हो रहा है तो मुझे वोट डालने का मौका मिला। मैंने पहले रिजस्टर किया। जब हमारा रजिस्ट्रेशन हो गया तब दूसरे युवा लोगों के साथ पहली बार वोट डाला।"

 

01:44 PM (IST) May 25

अग्निमित्रा पॉल का आरोप भाजपा के पोलिंग एजेंटों को बाहर किया

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि भाजपा के पोलिंग एजेंटों को केशियारी में मतदान केंद्रों से बाहर निकाला गया है। उन्हें अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय बल के जवानों से कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस को मतदान केंद्र के अंदर क्यों आने दे रहे हैं?

 

01:39 PM (IST) May 25

58 सीटों पर 1 बजे तक 39.13% मतदान

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को 11 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 54.80% मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश में 37.23%, बिहार में 36.48%, हरियाणा में 36.48%, जम्मू-कश्मीर में 35.22%, झारखंड में 42.54%, दिल्ली में 34.37% और ओडिशा में 35.69% मतदान हुआ है।

 

12:30 PM (IST) May 25

वोट डालने पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी रांची में एक पोलिंग बूथ पर अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे हैं। उनके साथ माता-पिता और पत्नी थीं। धोनी को देखने के लिए पोलिंग बूथ के बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। भीड़ के बीच से होते हुए धोनी मतदान केंद्र में गए और मतदान किया।

 

12:06 PM (IST) May 25

11 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 36.88% मतदान

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को 11 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 36.88% मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश में 27.06%, बिहार में 23.67%, हरियाणा में 22.09%, जम्मू-कश्मीर में 23.11%, झारखंड में 27.80%, दिल्ली में 21.69% और ओडिशा में 21.30% मतदान हुआ है।

 

11:50 AM (IST) May 25

अरविंद केजरीवाल ने किया मतदान

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मतदान कर लिया है। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, "मेरे पिता, पत्नी, बच्चों और मैंने वोट दिया है। मेरी मां आज नहीं आ सकीं। उनकी तबीयत ठीक नहीं है। मैंने तानाशाही, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ वोट किया है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे वोट करें।"

 

10:58 AM (IST) May 25

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने किया मतदान

भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उनके ठीक पहले एक बुजुर्ग मतदाता ने मतदान किया था। वह व्हील चेयर पर थे। राजीव कुमार ने उनके ईवीएम के पास से जाने का इंतजार किया। एक व्यक्ति की मदद से बुजुर्ग मतदाता चले गए तब राजीव कुमार ने अपना वोट डाला।

 

10:21 AM (IST) May 25

प्रियंका गांधी ने डाला वोट

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मतदान किया है। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान यह कहे जाने पर कि आम आदमी पार्टी बोल रही है कि राहुल गांधी इस बार झाड़ू का बटन दबाएंगे और अरविंद केजरीवाल हाथ का, प्रियंका गांधी बोलीं, "हां यही तो होता है। हम अपने गिले शिकवे एक तरफ कर संविधान के लिए, लोकतंत्र के लिए वोट दे रहे हैं। मुझे इस बात पर गर्व है।"

 

10:16 AM (IST) May 25

सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 16.64% मतदान

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 16.64% मतदान हुआ। उत्तर प्रदेश में 12.33%, बिहार में 9.66%, हरियाणा में 8.31%, जम्मू-कश्मीर में 8.89%, झारखंड में 11.74%, दिल्ली में 8.94% और ओडिशा में 7.43% मतदान हुआ है।

 

09:45 AM (IST) May 25

मतदान के बाद मां सोनिया गांधी के साथ राहुल ने ली सेल्फी

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी बेटे राहुल गांधी के साथ वोट डालने के लिए दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचीं। दोनों ने मतदान किया। इसके बाद सोनिया गांधी वापस अपने घर जाने के लिए बढ़ी। वह कार में सवार होतीं इससे पहले राहुल गांधी ने उनके साथ सेल्फी ली। 

 

09:18 AM (IST) May 25

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया मतदान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने स्याही लगी अपनी उंगली दिखाई। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया।

09:05 AM (IST) May 25

धरने पर बैठीं महबूबा मुफ्ती

पीडीपी प्रमुख और अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार महबूबा मुफ्ती धरने पर बैठ गईं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने पीडीपी के पोलिंग एजेंटों और कार्यकर्ताओं को बिना किसी कारण के हिरासत में लिया है।

 

08:50 AM (IST) May 25

उपराज्यपाल बोले- मंत्री लगा रहे झूठी आरोप

उपराज्यपाल पीके सक्सेना ने कहा है कि मंत्री आतिशी झूठे आरोप लगा रहीं हैं। वह बेबुनियाद बातें कह रही हैं। एक संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाया गया है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

08:46 AM (IST) May 25

आतिशी का आरोप-LG ने पुलिस को दिया वोटिंग धीमी कराने का आदेश

आम आदमी सरकार में मंत्री आतिशी ने दिल्ली से उपराज्यपाल पीके सक्सेना पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "हमें आधिकारिक जानकारी मिली है कि कल शाम को एलजी ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आदेश दिया कि जो इलाके इंडिया गठबंधन के स्ट्रॉन्ग होल्ड वाले हैं वहां वोटिंग स्लो कराई जाए। बैरिकेट दूर लगाई जाए, बार-बार जांच की जाए। चुनाव आयोग इस मामले में संज्ञान ले।"

 

07:56 AM (IST) May 25

विदेश मंत्री एस जयशंकर को चुनाव आयोग ने किया सम्मानित

विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने पोलिंग बूथ के पहले पुरुष मतदाता थे। इसलिए चुनाव आयोग ने उन्हें सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। मतदान के बाद जयशंकर ने कहा, "हमलोग अभी वोट किए हैं। आप देख रहे हैं कि इस बूथ में मैं पहला पुरुष मतदाता हूं। हम चाहते हैं कि भारी संख्या में आज वोट पड़े। यह देश के लिए निर्णय का समय है। मुझे विश्वास है कि दिल्ली के वोटर भी विकसित भारत के लिए वोट देंगे। एक बार और मोदी सरकार वापस आएगी।"

 

07:50 AM (IST) May 25

संबित पात्रा ने की पूजा

ओडिशा के पुरी लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार संबित पात्रा ने मतदान से पहले पूजा की है। उन्होंने लोगों से वोट डालने की अपील की है। पात्रा ने कहा कि मेरे साथ मेरे परिवार का आशीर्वाद है। मैं बीजेपी को धन्यवाद देना चाहता हूं। मुझे समर्थन और आशीर्वाद देने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद।

 

07:24 AM (IST) May 25

नायब सिंह सैनी ने डाला वोट

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला में अपने पैतृक गांव मिर्जापुर नारायणगढ़ में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। सैनी करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवार हैं।

 

07:21 AM (IST) May 25

पीएम नरेंद्र मोदी ने लोगों से की मतदान की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने मतदाताओं से कहा है कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान के लिए आगे आएं।

 

 

07:06 AM (IST) May 25

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने डाला वोट

भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचे हैं। उनके साथ उनकी पत्नी भी हैं। वह पोलिंग बूथ पर लगी लाइन में लगे और अपनी बारी आने पर मतदान किया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला है।

 

07:03 AM (IST) May 25

मनोहर लाल खट्टर ने किया मतदान

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया है। वह करनाल से भाजपा उम्मीदवार हैं। वोट डालने के बाद मनोहर लाल ने जनता से कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस उम्मीदवार को अपने लिए चुनौती के रूप में नहीं देख रहे हैं।

 

06:55 AM (IST) May 25

बांसुरी स्वराज ने मंदिर में की पूजा

नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने मतदान शुरू होने से पहले झंडेवालान मंदिर में पूजा-अर्चना की।

 

06:29 AM (IST) May 25

बांसुरी स्वराज से लेकर मनोहर लाल खट्टर तक, चुनावी मैदान में हैं कई बड़े चेहरे

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में बांसुरी स्वराज से लेकर मनोहर लाल खट्टर तक कई बड़े नेताओं के राजनीतिक भाग्य का फैसला होगा। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। भाजपा सांसद मनोज तिवारी उत्तरी दिल्ली लोकसभा सीट के चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के कन्हैया कुमार से है।

मेनका गांधी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से भाजपा प्रत्याशी हैं। भोजपुरी एक्टर दिनेश लाल यादव यूपी के आजमगढ़ से भाजपा उम्मीदवार हैं। पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट से चुनावी मैदान में हैं। कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व जज अभिजीत गंगोपाध्याय पश्चिम बंगाल के तमलुक सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर करनाल से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह गुड़गांव से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने यहां फिल्म स्टार राज बब्बर को मैदान में उतारा है।

06:23 AM (IST) May 25

6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 58 सीटों पर होगा मतदान

बिहार में आठ सीटों (वाल्मिकी नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज) और हरियाणा में 10 सीटों (अम्बाला, कुरूक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुड़गांव और फरीदाबाद) पर वोटिंग होगी। जम्मू और कश्मीर के एक सीट अनंतनाग-राजौरी के लिए मतदान होगा। झारखंड में 4 सीटों (गिरिडीह, रांची, जमशेदपुर और धनबाद) में वोट डाले जाएंगे।

दिल्ली की सभी 7 सीटों (चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली) पर चुनाव होगा। ओडिशा में 6 सीटों (संबलपुर, क्योंझर, ढेंकनाल, पुरी, भुवनेश्वर व कटक) और उत्तर प्रदेश में 14 सीटों (सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकर नगर, डुमरियागंज, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर, भदोही, श्रावस्ती और बस्ती में वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल की 8 सीटों (तमलुक, कांथी, घाटल, झारग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा और बिष्णुपुर) में वोटिंग होगी।

 


More Trending News