Asianet News | Published : Jun 1, 2024 12:21 AM IST / Updated: Jun 01 2024, 06:20 PM IST

Lok Sabha Election Phase 7: पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच मतदान संपन्न, नड्डा बोले NDA 400 पार करेगी

सार

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी फेज के लिए मतदान संपन्न हो गया है। शाम 6 बजे तक 57 सीटों पर वोटिंग हुई। इस फेज में पीएम नरेंद्र मोदी, एक्ट्रेस कंगना रनौत, अनुराग ठाकुर, रवि किशन, मीसा भारती समेत कई बड़े चेहरे मैदान में थे।

06:20 PM (IST) Jun 01

5 बजे तक 58.34% वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में शाम 5 बजे तक 58.34% वोटिंग हुई है। बिहार में 48.86%, चंडीगढ़ में 62.80%, हिमाचल प्रदेश में 66.56%, झारखंड में 67.95%, ओडिशा में 62.46%, पंजाब में 55.20%, उत्तर प्रदेश में 54.00% और पश्चिम बंगाल में 69.89% मतदान हुआ है।

 

06:01 PM (IST) Jun 01

पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच मतदान संपन्न

पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण का मतदान संपन्न हो गया है। बंगाल से पोलिंग बूथ पर दो गुटों में झड़प, मारपीट, पुलिस लाठीचार्ज और देसी बम के धमाके किए जाने की खबरें आईं।

 

05:47 PM (IST) Jun 01

इंडिया गठबंधन कम से कम 295 सीटें जीतेगी: मल्लिकार्जुन खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली स्थित घर पर इंडिया अलायंस के नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद गठबंधन के नेताओं ने विजय चिन्ह दिखाया। मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन कम से कम 295 सीटें से ज्यादा जीतेगी।

 

05:43 PM (IST) Jun 01

जेपी नड्डा बोले NDA 400 करेगी पार

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "चुनाव का अंतिम चरण पूरा हो चुका है। मैं उचित व्यवस्था के साथ सफलतापूर्वक चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं चुनाव प्रचार के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद देना चाहता हूं। जनता ने विकसित भारत के लिए वोट दिया है और तुष्टिकरण, परिवारवाद, भ्रष्टाचार को नकारा है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत की जनता भाजपा को 370 से ज्यादा सीटें देगी। NDA 400 पार करेगी।"

 

04:50 PM (IST) Jun 01

वोट डालने के बाद ममता बनर्जी ने दिखाया विक्ट्री साइन

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने लोगों से बात की। वोट डालने के बाद पोलिंग बूथ से बाहर आकर उन्होंने लोगों को विक्ट्री साइन दिखाया।

 

04:36 PM (IST) Jun 01

बशीरहाट से भाजपा उम्मीदवार रेखा ने पुलिस के कहा-मारना चाहते हो तो मारो

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र के बयारबारी में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है। इसके बाद पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया है।

बशीरहाट लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा और पुलिस अधिकारी के बीच कहासुनी हुई है। रेखा पात्रा ने कहा, "अगर आप (पुलिस) मुझे मारना चाहते हैं तो मारें। आप पुलिस (प्रशासन) हैं, लेकिन आपको शर्म आनी चाहिए कि आप मुख्यमंत्री के गुलाम हैं। मुख्यमंत्री ने आपको खरीद लिया है।"

 

03:50 PM (IST) Jun 01

3 बजे तक 49.68% वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में 3 बजे तक 49.68% वोटिंग हुई है। बिहार में 42.95%, चंडीगढ़ में 52.61%, हिमाचल प्रदेश में 58.41%, झारखंड में 60.14%, ओडिशा में 49.77%, पंजाब में 46.38%, उत्तर प्रदेश में 46.83% और पश्चिम बंगाल में 58.46% मतदान हुआ है।

 

03:47 PM (IST) Jun 01

पश्चिम बंगाल के बशीरहाट में भाजपा के बूथ एजेंट की पिटाई

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के बशीरहाट से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा ने कहा, "मतदान के दौरान भाजपा के बूथ एजेंट की पिटाई की गई है। उसे पानी में फेंक दिया गया। सुभेंधु नाम का एक व्यक्ति उसे बचाने गया तो उसे भी पीटा गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। हम उसे अस्पताल ले जा रहे हैं।"

 

03:11 PM (IST) Jun 01

अखिलेश यादव बोले- इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने दिल्ली आए अखिलेश यादव ने कहा, "इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। 400 पार की बात करने वाले 143 से आगे नहीं जाएंगे।"

 

02:49 PM (IST) Jun 01

लॉकेट चटर्जी बोलीं-2026 से पहले गिर सकती है टीएमसी सरकार

पश्चिम बंगाल के हुगली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी ने उत्तर 24 परगना के दमदम में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने कहा, "बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा को वोट दिया है। टीएमसी के लोग अपनी पार्टी से परेशान हैं। भाजपा को राज्य में 30 से अधिक सीटें मिलने जा रही हैं। ऐसी संभावना है कि 2026 से पहले टीएमसी सरकार गिर सकती है।"

 

02:21 PM (IST) Jun 01

बसपा उम्मीदवार के खिलाफ केस दर्ज

पंजाब के फिरोजपुर में बसपा उम्मीदवार सुरिंदर कंबोज के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिरोजपुर के डिप्टी कमिश्नर और जिला मजिस्ट्रेट राजेश धीमान ने कहा, "हमारे सामने एक मामला आया है। बीएसपी उम्मीदवार सुरिंदर कंबोज ने वोट डालते हुए खुद का वीडियो बनाया है। नियमों के उल्लंघन के लिए उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। हम सभी उम्मीदवारों से नियमों और कानून का पालन करने का आग्रह करते हैं। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।"

 

01:59 PM (IST) Jun 01

शत्रुघ्न सिन्हा का दावा- 150-200 सीटों तक भी नहीं पहुंच पाएगा NDA

एक्टर और आसनसोल लोकसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "हवा बहुत जबरदस्त है। इंडिया ब्लॉक बहुत अच्छे से जीतेगी, मुझे पूरा विश्वास है। 400 का नारा हवा-हवाई हो गया है। अब मुद्दा बनाम मोदी है। मोदी की एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई है। अपने अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि भाजपा और उसके सहयोगी 150-200 सीटों तक भी नहीं पहुंच पाएंगे।"

 

01:55 PM (IST) Jun 01

1 बजे तक 40.09% वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में दोपहर 1 बजे तक 40.09% वोटिंग हुई है। बिहार में 35.65%, चंडीगढ़ में 40.14%, हिमाचल प्रदेश में 48.63%, झारखंड में 46.80%, ओडिशा में 37.64%, पंजाब में 37.80%, उत्तर प्रदेश में 39.31% और पश्चिम बंगाल में 45.07% मतदान हुआ है।

 

12:58 PM (IST) Jun 01

एक्टर आयुष्मान खुराना ने किया मतदान

एक्टर आयुष्मान खुराना ने चंडीगढ़ के एक मतदान केंद्र पर आकर वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, "मैं अपना वोट डालने के लिए अपने शहर आया हूं। मुंबई में इस बार बहुत कम मतदान हुआ, लेकिन हमें अपना वोट डालना चाहिए। अगर हम वोट नहीं देते हैं तो हमें शिकायत करने का अधिकार नहीं है।"

 

12:46 PM (IST) Jun 01

कंगना रनौत ने मंडी के लोगों की मदद के लिए जारी किया फोन नंबर

हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने मंडी के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, "जिस तरह से रिकॉर्ड मतदान हो रहा है, उससे समझा आ रहा है कि मंडी की जनता ने अपनी बेटियों के अपमान पर फैसला दिया है। लोगों को गुमराह किया गया है कि चुनाव के बाद मैं यहां नहीं रहूंगी। मेरी पूरी टीम यहां मौजूद रहेगी।" बता दें कि कंगना ने शनिवार को अपने घर में अपने ऑफिस का उद्घाटन किया। उन्होंने मंडी के लोगों के लिए अपना फोन नंबर (01905-256400) भी जारी किया। इस नंबर पर मंडी के लोग कंगना से मदद पा सकते हैं।

 

12:02 PM (IST) Jun 01

11 बजे तक 26.3% वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में 11 बजे तक 26.3% वोटिंग हुई है। बिहार में 24.25%, चंडीगढ़ में 25.03%, हिमाचल प्रदेश में 31.92%, झारखंड में 29.55%, ओडिशा में 22.64%, पंजाब में 23.91%, उत्तर प्रदेश में 28.02% और पश्चिम बंगाल में 28.10% मतदान हुआ है।

 

11:49 AM (IST) Jun 01

पश्चिम बंगाल में बम चले

सातवें चरण के दौरान पश्चिम बंगाल के भांगड़ के सतुलिया बमबारी की गई है। यहां कुछ लोगों ने देसी बम फोड़े हैं। BJP West Bengal द्वारा शेयर किए गए वीडियो में बम धमाकों के बाद इलाके में फैले घुएं को देखा जा सकता है। इसके साथ ही कुछ लोगों को हाथ में थैला लिए देखा जा सकता है। बम धमाकों से लोग डरे हुए थे।

BJP West Bengal द्वारा X पर पोस्ट किया गया, "सातवें चरण के मतदान में भी टीएमसी का आतंक जारी है। भांगड़ के सतुलिया में बम धमाके किए गए। ममता बनर्जी को पता है कि ये बम कौन बना रहा है। इसके बाद भी वह धमाके होने दे रही हैं। ममता बनर्जी, ये सारे बम कहां से आ रहे हैं?"

 

 

 

11:33 AM (IST) Jun 01

भाजपा उम्मीदवार तपस रॉय के खिलाफ टीएमसी समर्थकों ने की नारेबाजी

पश्चिम बंगाल के कोलकाता उत्तर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार तपस रॉय के खिलाफ कोलकाता में एक मतदान केंद्र के बाहर टीएमसी समर्थकों ने नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा यहां प्रॉक्सी वोटिंग कर रही है।

 

11:32 AM (IST) Jun 01

नीतीश कुमार ने किया मतदान

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना जिले के बख्तियारपुर के एक मतदान केंद्र पर जाकर अपना वोट डाला।

 

10:38 AM (IST) Jun 01

सुबह 9 बजे तक 11.31% वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में सुबह 9 बजे तक शुरुआती दो घंटे में 11.31% वोटिंग हुई है। बिहार में 10.58%, चंडीगढ़ में 11.64%, हिमाचल प्रदेश में 14.35%, झारखंड में 12.15%, ओडिशा में 7.69%, पंजाब में 9.64%, उत्तर प्रदेश में 12.94% और पश्चिम बंगाल में 12.63% मतदान हुआ है।

 

09:56 AM (IST) Jun 01

पश्चिम बंगाल में भीड़ ने ईवीएम लूटकर तालाब में फेंका

पश्चिम बंगाल के जयनगर में सुबह 6.40 बजे बेनीमाधवपुर एफपी स्कूल के पास रिजर्व ईवीएम और कागजात को भीड़ ने लूट लिया। लूटे गए सामानों में 1 सीयू, 1 बीयू, 2 वीवीपीएटी मशीनों को भीड़ ने तालाब में फेंक दिया। इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नई ईवीएम मशीन की मदद से मतदान कराया जा रहा है।

 

 

09:37 AM (IST) Jun 01

अनुराग ठाकुर बोले- हम कर रहे 400 पार

वोट डालने के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा, "दुनिया भारत की ओर उम्मीद भरी नजर से देख रही है। विकसित भारत बनाने में हम सबको मिलकर योगदान देना है। जनता ने 2014 और 2019 में भाजपा पर विश्वास किया। इस बार भी जनता का प्यार हमें मिल रहा है। हम हिमाचल के चारों सीट जीत रहे हैं। हम देश में 400 के पार जा रहे हैं।"

 

09:21 AM (IST) Jun 01

चरणजीत सिंह चन्नी बोले- आप और बीजेपी कर रहे झूठा प्रचार

पंजाब के पूर्व सीएम और जालंधर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, "आम आदमी पार्टी और बीजेपी झूठा प्रचार कर रही है। शुक्रवार को बीजेपी ने डेरा बल्लान के बारे में पोस्ट किया कि डेरा बल्लान उनका समर्थन करता है, जिसका डेरा बल्लान ने खंडन किया है और साफ कर दिया है कि वे बीजेपी का समर्थन नहीं करते हैं। मैं लोगों को चेतावनी देना चाहता हूं कि वे ऐसे दुष्प्रचार में न आएं। मैं जहां भी जा रहा हूं, लोग मुझे बधाई दे रहे हैं और हम जीतने जा रहे हैं।"

 

08:44 AM (IST) Jun 01

वोट डालने पहुंचे अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा उम्मीदवार अनुराग ठाकुर अपनी पत्नी शेफाली ठाकुर के साथ वोट डालने हमीरपुर के एक मतदान केंद्र पहुंचे हैं। 

 

08:39 AM (IST) Jun 01

मिथुन चक्रवर्ती बोले-भाजपा कार्यकर्ता हूं, मैंने अपना काम किया

फिल्म एक्टर और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल के बेलगछिया में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, "मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं, कोई नेता नहीं हूं। मैंने अपना काम किया है। कल से सिर्फ फिल्म की बात करूंगा पेट भी तो चलाना है।"

 

08:12 AM (IST) Jun 01

लालू यादव ने किया मतदान

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पत्नी राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी आचार्य के साथ पटना के एक पोलिंग बूथ आकर मतदान किया। 

08:08 AM (IST) Jun 01

पश्चिम बंगाल के जाधवपुर में पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पश्चिम बंगाल के जाधवपुर में एक पोलिंग बूथ पर हिंसा हुई है। यहां मतदान में गड़बड़ी किए जाने की शिकायत को लेकर दो गुटों के लोगों के बीच टकराव हुआ। मौके पर तैनात पुलिस के जवानों ने लाठीचार्ज कर हंगामा कर रहे लोगों को भगाया। यहां स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

 

07:39 AM (IST) Jun 01

योगी आदित्यनाथ बोले-4 जून को फिर बनेगी मोदी सरकार

वोट डालने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "यह लोकतंत्र का उत्सव है। मतदाताओं ने बहुत उत्साह दिखाया है। मैं उन सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं। 4 जून को जब नतीजे आएंगे तो युवाओं और देश के लिए काम करने वाली पार्टी सफल होगी। हमें विश्वास है कि 4 जून को फिर से मोदी सरकार बनेगी।"

 

07:21 AM (IST) Jun 01

जेपी नड्डा ने किया मतदान

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया है। उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा ने भी वोट डाला है। यूपी के गाजीपुर से समाजवादी पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार अफजाल अंसारी ने एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला है।

 

07:20 AM (IST) Jun 01

पीएम नरेंद्र मोदी ने की रिकॉर्ड वोटिंग की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों से रिकॉर्ड संख्या में वोटिंग की अपील की है। उन्होंने मतदाताओं से कहा है कि लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

 

 

07:07 AM (IST) Jun 01

योगी आदित्यनाथ ने किया मतदान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मतदान करने के लिए गोरखपुर के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचे हैं। मतदान के बाद उन्होंने स्याही लगी अपनी उंगली दिखाई। 

 

 

 

07:04 AM (IST) Jun 01

मोहाली में राघव चड्डा ने डाला वोट

आप नेता राघव चड्डा ने मोहाली में मतदान किया है। पोलिंग बूथ से बाहर आने के बाद उन्होंने अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाई।

 

07:02 AM (IST) Jun 01

लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के लिए मतदान शुरू

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण के लिए 57 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आज बिलासपुर में मतदान करेंगे। वह पहले मंदिर गए और पूजा की।

 

06:34 AM (IST) Jun 01

मतदान केंद्रों पर लगने लगी लाइनें

चुनाव अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों पर मॉक पोल किए गए हैं। पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत कभी राज्यों के पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की लाइन लगने लगी है। लोग गर्मी से बचने के लिए सुबह-सुबह ही वोट डाल लेना चाह रहे हैं।

 

05:59 AM (IST) Jun 01

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट पर वोट डालेंगे लोग

आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां से उम्मीदवार हैं। चुनावी मैदान में अन्य प्रमुख नेताओं में भाजपा के केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल हैं। वह हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। एक्ट्रेस कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश के मंडी से चुनाव लड़ रहीं हैं। यहां भी आज वोटिंग होगी।

 

05:54 AM (IST) Jun 01

पंजाब के सभी 13 सीटों पर होगा मतदान

आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पंजाब के सभी 13 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। उत्तर प्रदेश के 13, पश्चिम बंगाल के 9, बिहार के 8, ओडिशा के 6, हिमाचल प्रदेश के 4, झारखंड के 3 और चंडीगढ़ के 1 सीट पर मतदान होगा। ओडिशा के 42 विधानसभा सीटों पर भी वोटिंग होगी।

 


More Trending News