
नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा का अध्यक्ष (Lok Sabha Speaker Election) कौन होगा इसके लिए बुधवार को चुनाव होगा। अध्यक्ष के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सहमति नहीं बनी है। इसके चलते 1946 के बाद पहली बार अध्यक्ष का चुनाव कराने की नौबत आई है।
कांग्रेस सांसद के सुरेश (K Suresh) ने मंगलवार को विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया (INDIA Bloc) के उम्मीदवार के रूप में लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इस पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार ओम बिरला हैं। अब ओम बिरला और के सुरेश के बीच मुकाबला लगभग तय हो गया है।
एनडीए की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्षी दलों के नेताओं से बात की थी। कांग्रेस ने लोकसभा अध्यक्ष पद पर एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने के बदले विपक्ष को डिप्टी स्पीकर पद दिए जाने की मांग की थी। सत्ता पक्ष इसपर सहमत नहीं हुआ, जिससे चुनाव कराने की नौबत आई है।
कौन हैं के सुरेश?
कांग्रेस सांसद के सुरेश का पूरा नाम कोडिकुन्निल सुरेश (Kodikunnil Suresh) है। वह आठवीं बार सांसद बने हैं। के सुरेश केरल के मावेलिक्कारा लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और जीते हैं। उन्होंने ग्रेजुएट तक पढ़ाई की है।
चुनाव आयोग को दी गई जानकारी में के सुरेश ने अपनी संपत्ति 1.5 करोड़ रुपए की बताई है। उनपर 8.8 लाख रुपए कर्ज था। सुरेश ने बताया था कि उन्हें 14.2 लाख रुपए सालाना कमाई हुई। सुरेश के खिलाफ छह लंबित आपराधिक मामले हैं। इनमें से एक की प्रकृति गंभीर है।
यह भी पढ़ें- लोकसभा स्पीकर के लिए एनडीए ने ओम बिड़ला तो इंडिया ब्लॉक ने के. सुरेश को मैदान में उतारा
तिरुवनंतपुरम के कोडिकुन्निल में हुआ था के सुरेश का जन्म
के सुरेश का जन्म 4 जून 1962 को केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के कोडिकुन्निल में हुआ था। वह पहली बार 1989 में 9वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने संसद की ग्रामीण विकास संबंधी स्थायी समिति, याचिका समिति और अनुमान समिति जैसी समितियों में महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। 2012 में 204 तक सुरेश केंद्रीय श्रम और रोजगार राज्य मंत्री रहे। उन्होंने इस दौरान श्रम और कल्याण नीतियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह भी पढ़ें- 50 साल पहले आज के दिन लगी थी इमरजेंसी, कांग्रेस पर निशाना साध बोले PM- उन्हें संविधान से प्रेम जताने का अधिकार नहीं
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.