
नई दिल्ली. 'बहुत बहुत बधाई! गैस सिलेंडर के दाम फिर बढ़ गए हैं। अबकी 25 रुपए का विकास हुआ है।' रसोई गैस(LPG) महंगी होने पर twitter पर ऐसे कमेंट्स आ रहे हैं। बता दें कि 1 सितंबर से रसोई गैस फिर से महंगी हो गई है। बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर में 25 रुपए की बढ़ोतरी हो गई है।
जानिए कितने बढ़े दाम..
सरकारी तेल कंपनियों ने इसके दाम बढ़ाए हैं। अब दिल्ली में बिना सब्सिडी वाला 14.2 किलोग्राम गैस सिलेंडर 25 रुपए महंगा मिलेगा। यानी दिल्ली में 14.2 किलो का LPG सिलेंडर 884.50 रुपए का पड़ेगा। 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 75 रुपए महंगा मिलेगा। बता दें कि पिछले 15 दिनों में गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हो गया है। इससे पहले 17 अगस्त को 25 रुपए बढ़ाए गए थे। यानी 15 दिनों में गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हो गया है। अगर सिर्फ दिल्ली की बात करें, तो 1 जनवरी को यहां सिलेंडर 694 रुपए में मिलता था। अब यह 884.5 रुपए में मिलता है।
7 सालों में दोगुनी हुई कीमत
रसोई गैस पिछले 7 सालों में दोगुनी महंगी हो गई है। यानी यह (14.2 किलोग्राम) की कीमत अब 884.50 रुपए हो गई है। 1 मार्च 2014 को इसी की कीमत 410.5 रुपए थी। दिल्ली में 19 किग्रा कमर्शियल गैस सिलेंडर अब 1693 रुपए में पड़ेगा। कोलकाता में यह 1,772 रुपए, मुंबई में 1,649 रुपए और चेन्नई में 1,831 रुपए में मिलेगा।
twitter पर लोगों ने मारे ताने
गैस सिलेंडर महंगे होने पर सोशल मीडिया पर लोगों की नाराजगी सामने आई है। पढ़िए कुछ कमेंट्स
#गैस सिलेंडर फिर 25 रुपए महंगा ! देश की खातिर आप इतना तो सह सकते हैं ! अब आप प्लीज यह मत कहिएगा कि आपकी आमदनी लगातार कम हो रही है और अंबानी और अडानी भइया की लगातार क्यों बढ रही है! आप पाकिस्तान और तालिबान में व्यस्त रहकर खुश रहिये यह ज्यादा जरूरी है!
#15 दिन में ही गैर-सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर 50 रुपये महंगा हो गया। आज एक सितंबर को 25 रुपये बढ़ गए हैं। इससे पहले 18 अगस्त को भी 25 रुपए बढे़ थे। देश में आम आदमी का भविष्य ‘उज्जवला’ है। गांव में काकी लकड़ियां लाने गई हैं, चूल्हे में उम्मीदों की चिता जला रोटियां सेंकनी हैं।
#बहुत बहुत बधाई! गैस सिलेंडर के दाम एक बार फिर बढ़ गई हैं। अबकी बार 25 रुपए का विकास हुआ है। कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी मात्र ₹75 रुपए बढ़े हैं। धन्यवाद मोदी जी।
#गैस सिलेंडर व पेट्रोल डीजल के दाम कितने बढ़ गए है इस बात का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते है कि अब शेर पालने का मैसेज देने वाले व्हाट्सएपियों की भी सांसें फूलने लगी हैं।
#पेट्रोल, डीज़ल,गैस सिलेंडर, टोल टैक्स, शराब... विकास के 5 नए स्तंभ।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.