
Manipur Violence: मणिपुर में एक बार फिर हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। राजधानी इंफाल में विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ युवकों ने अपने सिर पर पेट्रोल डाल लिया और आत्मदाह करने की धमकी दी। ये युवक अरम्बाई टेंगोल (एटी) समूह के सदस्य बताए जा रहे हैं। यह मैतेई समुदाय का स्वयंसेवी समूह है। इसपर मैतेई-कुकी जातीय संघर्ष में भाग लेने का आरोप है।
शनिवार रात को इंफाल में सुरक्षा बलों ने एटी नेता कानन सिंह को गिरफ्तार किया था। इसके बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए और सड़कें जाम कर दीं। इस दौरान इंफाल में जमकर गोलियां चलाई गईं।
विरोध प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं। इसमें कुछ युवकों को पेट्रोल से भरी बोतलें पकड़े देखा जा सकता है। उनमें से एक ने कहा, "हमने हथियार छोड़ दिए हैं। हमने बाढ़ के दौरान वही किया जो आपको करना चाहिए था। अब आप हमें गिरफ्तार कर रहे हैं। हम खुद को मार देंगे।"
कानन सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोइरंगथेम अमित के घर पर हमले और उसके बाद फरवरी 2024 में सीनियर पुलिस अधिकारी के अपहरण का मुख्य संदिग्ध है। कानन ने मणिपुर पुलिस की एक कमांडो इकाई में हेड कांस्टेबल के रूप में काम किया था। उसे काम में लापरवाही के कारण निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद कानन AT में शामिल हो गया था।
विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पांच जिलों बिष्णुपुर, इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल और काकचिंग में कर्फ्यू लगा दिया गया है। यहां इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.