
सोलन. सियाचिन में उत्तरी ग्लेशियर के पास 19000 फीट की ऊंचाई पर सोमवार को हुए हिमस्खलन में चार जवान शहीद हो गए थे। इस हिमस्खलन में हिमाचल के मनीष ठाकुर भी शहीद हुए हैं। मनीष ठाकुर 22 साल के थे, वे दो साल पहले ही सेना में भर्ती हुए थे।
मनीष सोलन के कुनिहार के रहने वाले थे। मनीष दो भाईयों में छोटे थे। मनीष की शहादत सुनकर पूरे इलाके में गम भरा माहौल है। परिवार के सदस्य का भी रो-रोकर बुरा हाल है।मां के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिता रामस्वरूप बेसुध हैं।
चार दिन बाद घर आने वाले थे मनीष
मनीष अविवाहित थे। वे चार दिन बाद छुट्टी पर घर आने वाले थे। उन्होंने इस बारे में अपने परिजनों को भी जानकारी दी थी। इसके बाद से परिजन काफी खुश थे। लेकिन मनीष तो घर नहीं लौटे, उनके शहादत की खबर जरूर आ गई।
18 नवंबर को सियाचीन में हुआ हिमस्खलन
18 नवंबर को सियाचीन में सोमवार को हिमस्खलन हो गया था। इसमें चार जवान शहीद हो गए थे। साथ ही पोर्टर भी हादसे में मारे गए थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घटना पर दुख जताया था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.