
बीदर (कर्नाटक)। कर्नाटक के बीदर में दशहरे पर भीड़ ने महमूद गेवान मदरसा और मस्जिद (Mahmood Gewan Madarsa and Mosque) के मैदान में घुसकर पूजा की। इस दौरान लोगों ने नारे भी लगाए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस 5 आरोपियों की तलाश कर रही है।
घटना गुरुवार की है। दशहरा पूजा के दौरान कुछ लोग महमूद गेवान मदरसा और मस्जिद के मैदान में घुस गए। यह भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के तहत एक विरासत स्थल है। भीड़ ने मदरसा के मैदान में पूजा की और नारे लगाए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने और इसपर लोगों द्वारा नाराजगी व्यक्त किए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
मुस्लिम समुदाय ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भीड़ ने गेट तोड़ने की कोशिश की और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। भीड़ ने सुरक्षाकर्मियों को धमकाया और मस्जिद की दीवार पर कचरा डाल दिया। लोगों ने पुलिस को चेतावनी दी कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो शुक्रवार को वे अपना विरोध प्रदर्शन तेज करेंगे।
मस्जिद में हर साल होती है पूजा
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। एसपी डेक्का किशोर बाबू ने कहा कि निजाम काल से दशहरा के दौरान पूजा करने की नियमित प्रथा है। मस्जिद परिसर के अंदर एक मीनार है। आमतौर पर 2-4 लोग आते हैं, लेकिन इस बार अधिक संख्या में लोगों ने प्रवेश किया। मस्जिद में प्रवेश करने के लिए किसी ने भी अवैध रूप से ताला नहीं तोड़ा। हमने प्राथमिकी दर्ज की है। बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मिसाइल से लेकर रॉकेट तक, इन हथियारों से दुश्मन पर कहर ढाएगा प्रचंड, बंकर हो या टैंक हर टारगेट होगा तबाह
गुलबर्गा के पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि सालों से हिंदू मस्जिद के पास जाकर एक पेड़ की पूजा करते आ रहे हैं। इस बार वहां कोई पेड़ नहीं था। हमें नहीं पता कि उसके बाद वहां क्या हुआ। इस मस्जिद के पास हिंदुओं का जाना कोई नई बात नहीं है। हर विजयादशमी पर वे पूजा के लिए जाते हैं।
यह भी पढ़ें- Cancel Trains List: 7 अक्टूबर को रद्द रहेंगी 115 ट्रेनें, सफर में निकलने से पहले देख लें लिस्ट
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.