MP उपचुनाव: राज्य की 28 सीटों पर Exit Poll रिजल्ट: BJP को 16-18 तो कांग्रेस को 10-12 सीट

इंडिया टुडे ग्रुप और एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में मप्र के 28 सीटों पर उपचुनाव में भाजपा को 16 से 17 तो कांग्रेस को 10 से 12 सीटें बता रहा है।
 

Asianet News Hindi | Published : Nov 7, 2020 1:50 PM IST / Updated: Nov 07 2020, 07:57 PM IST

भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों की किस्मत का फैसला 10 नवंबर आएगा। इससे पहले एग्जिट पोल रुझान के आंकड़े आने लगे हैं। इंडिया टुडे ग्रुप और एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में  बीजेपी 16-17 सीट जबकि कांग्रेस को 10-12 सीट मिलने का अनुमान है। 5 ऐसी सीट है, जिन पर दोनों की टक्कर बनी हुई है। 

उपचुनाव एक नजर में...


28 सीटों पर हुए उपचुनाव के प्रचार के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने रात-दिन एक कर दिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, उमा भारती और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कुल 274 सभाएं, रैली, सम्मेलन और रोड-शो किए। जबकि कमलनाथ ने अकेले सभी सीटों पर 50 से अधिक सभाएं कीं। 

राज्य उपचुनाव में जानिए आखिर क्या रहे हैं मुद्दे


भाजपा ने सभी को कोरोना वैक्सीन मुफ्त देने, किसानों को सम्मान निधि को चार हजार रुपए बढ़ाने, सहरिया, बैगा और भारिया जाति के आदिवासियों को एक हजार रुपए सहयोग राशि देने,अनाज की पूरी खरीदी करने, किसानों को फसल बीमा का पैसा और जीरो प्रतिशत पर लोन देने का वादा किया। साथ ही, कांग्रेस सरकार में बंद हुईं संबल, लाड़ली, सीएम कन्यादान, पीएम आवास, मेधावी फिर से शुरू करने का ऐलान किया। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने कर्जमाफी योजना आगे भी जारी रखने, शासकीय सेवा से निकाले जाने वाले संविदा कर्मचारी की बहाली, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका का मानदेय बढ़ाने, 100 रुपए में सौ यूनिट बिजली देने और सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि एक हजार रुपए करने का वादा किया।

यह है ग्वालियर की स्थिति
सिंधिया के गढ़ ग्वालियर-चंबल संभाग में 9 सीटों पर चुनाव हुआ। अशोकनगर से भाजपा के जजपाल सिंह जज्जी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं। उन्हें कांग्रेस के साथ भाजपा के अंदर से भी खतरा है। वहीं, दतिया जिले की भांडेर विधानसभा से कांग्रेस से भाजपा में आईं रक्षा सिरोनिया की इमेज दांव पर है। यहां से कांग्रेस ने फूलसिंह बरैया को मैदान में उतारा है। उन्हें मुस्लिम वोट मिलने का फायदा मिलेगा। हालांकि यहां से पूर्व गृहमंत्री महेंद्र बौद्ध बसपा से खड़े हैं। पोहरी विधानसभा से सुरेश धाकड़ भाजपा से हैं। जबकि कांग्रेस ने ब्राह्मण प्रत्याशी हरिवल्लभ शुक्ला को टिकट दिया है।

कांग्रेस से 2 बार सांसद विधायक रह चुके हैं ब्रजेंद्र यादव

करैरा विधानसभा सीट से कांग्रेस ने प्रागीलाल जाटव को टिकट दिया है। ये बसपा से तीन बार चुनाव लड़कर हार चुके हैं। भाजपा से जसवंत जाटव मैदान में हैं। मुंगावली सीट से कांग्रेस से भाजपा में आए ब्रजेंद्र सिंह यादव मैदान में हैं। वे कांग्रेस से 2 बार विधायक रह चुके हैं। बमोरी सीट पर भाजपा के प्रत्याशी महेंद्रसिंह सिसौदिया मैदान में हैं। वे कांग्रेस से भाजपा में आए हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के केएल अग्रवाल से है।

ग्वालियर पूर्व सीट से भाजपा के मुन्नालाल गोयल का मुकाबला कांग्रेस के सतीश सिकरवार से है। गोयल कांग्रेस से भाजपा में आए हैं। ग्वालियर सीट से जब कोई मजबूत प्रत्याशी नहीं मिला, तो कांग्रेस ने सुनील शर्मा को टिकट दे दिया। यहां कांग्रेस से भाजपा में आए प्रद्युम्न तोमर उम्मीदवार हैं। डबरा सीट से भाजपा ने इमरती देवी को टिकट दिया है, जो सिंधिया खेमे की हैं। कांग्रेस से सुरेश राजे प्रत्याशी हैं। दोनों रिश्तेदार हैं।

चंबल का हाल
चंबल संभाग में 7 सीटें हैं। मुरैना से बसपा से रामप्रकाश राजौरिया ने कांग्रेस से भाजपा में आए रघुराज कंसाना और कांग्रेस के राकेश मावई के लिए चुनौती पेश की है। दिमनी से भाजपा के प्रत्याशी गिर्राज दंडोतिया के लिए कांग्रेस प्रत्याशी रवींद्र तोमर का ठाकुर होना बड़ी चुनौती बन गया है। सुमावली सीट से भाजपा के एंदल सिंह कंसाना का मुकाबला अजबसिंह कुशवाह से है।

जौरा सीट पूर्व विधायक बनवारीलाल शर्मा के निधन से खाली हुई है। यहां भाजपा के पूर्व विधायक सूबेदारसिंह का मुकाबला कांग्रेस के पंकज उपाध्याय से है। पंकज नया चेहरा हैं। अंबाह सीट से भाजपा ने कमलेश जाटव और कांग्रेस ने बसपा से आए सत्यप्रकाश सखवार को मैदान में उतारा है। मेहगांव सीट से कांग्रेस ने पूर्व विधायक हेमंत कटारे को टिकट दिया है। उनका मुकाबला भाजपा के ओपीएस भदौरिया से है। गोहद सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मेवाराम जाटव का मुकाबला कांग्रेस से भाजपा में आए रणवीर जाटव से है। यहां जाटव की स्थिति मजबूत है।

मालवा का हाल

हाटपीपल्या सीट में कांग्रेस से भाजपा में आए मनोज चौधरी का मुकाबला पूर्व विधायक राजेंद्रसिंह बघेल के बेटे राजवीर सिंह से है। वे कांग्रेस से उम्मीदवार हैं। सांवेर सीट पर कांग्रेस से भाजपा में आए तुलसी सिलावट कांग्रेस के प्रेमचंद गुड्‌डू के खिलाफ मैदान में हैं। बदनावर सीट से कांग्रेस से भाजपा में आए राजवर्धनसिंह दत्तीगांव का मुकाबला कांग्रेस के कमल पटेल से है। सुवासरा सीट पर भाजपा के हरदीप सिंह डंग का मुकाबला कांग्रेस के राकेश पाटीदार से है।

निमाड़ का हाल

नेपानगर सीट पर भाजपा की सुमित्रा कास्डेकर का मुकाबला कांग्रेस के रामकिशन पटेल से है। मांधता सीट से भाजपा प्रत्याशी नारायण पटेल का मुकाबला कांग्रेस के राजनारायण के बेटे उत्तम पाल सिंह से है।

भोपाल का हाल
ब्यावरा की सीट कांग्रेस के गोवर्धन दांगी के निधन से खाली हुई है। यहां भाजपा प्रत्याशी नारायण पवार कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र दांगी के खिलाफ खड़े हुए हैं। वे पिछला चुनाव हार गए थे। इस बार स्थिति मजबूत है। सांची में कांग्रेस से भाजपा में आए प्रभुराम चौधरी की स्थिति कांग्रेस के मदन चौधरी से बेहतर दिख रही।

बुंदेलखंड का हाल
सुरखी सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी पारूल साहू का मुकाबला कांग्रेस से भाजपा में आए गोविंद राजपूत से है। मलहरा सीट पर कांग्रेस की साध्वी रामसिया भारती का मुकाबला भाजपा के प्रद्युम्न सिंह लोधी से है।वहीं, महाकौशल सीट पर इकलौती सीट अनूपपुर में भाजपा के मंत्री बिसाहूलाल साहू के सामने कांग्रेस से विश्वनाथ हैं।

Share this article
click me!