
तिरुअनंतपुरम. केरल के एक मुस्लिम कपल ने इन दिनों लाखों लोगों का दिल जीत रखा है। इस कपल की सोशल मीडिया यूजर्स काफी तारीफ भी कर रहे हैं। दरअसल, मुस्लिम दुल्हनें अकसर अपने मेहर में सोना, चांदी, घर, गहने या अन्य महंगी चीजें मांगती हैं, लेकिन इस दुल्हन ने इस परंपरा को तोड़कर किताबें मांगी हैं।
मुस्लिम सुमदाय में मेहर महिलाओं का हक माना जाता है। इसमें वह कुछ भी मांग सकती है और दूल्हा इसे देने से इनकार नहीं कर सकता।
सगाई में 80 और शादी में मांगी 20 किताबें
केरल की अजना निजाम की अक्टूबर में सगाई हुई थी। इस दौरान उन्होंने अपने होने वाले पति एजाज हकीम से 80 किताबें मांगी थीं। वहीं 29 दिसंबर को जब उनकी शादी हुई तो अजना ने 20 और किताबों की मांग की। सोशल मीडिया पर कपल की काफी तारीफ हो रही है। दुल्हन के इस फैसले का दूल्हे के परिवार ने भी समर्थन किया है।
अजना के पास बाइबल, कुरान और गीता जैसी किताबें
अजना की एक फोटो भी काफी वायरल हो रही है। इसमें उनके पास बाइबल, कुरान और गीता जैसी धार्मिक किताबें भी दिख रही हैं। साथ ही उनके पास भारत का संविधान भी देखा जा सकता है। केरल में यह पहला मौका नहीं है, जब दुल्हन ने परंपरा तोड़ी हो। इससे पहले 2016 में एक दुल्हन ने 50 किताबें मांगी थीं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.