
Nehru Memorial Museum and Library: केंद्र सरकार ने नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी का नाम बदलकर अब प्राइम मिनिस्टर्स म्यूजियम एंड लाइब्रेरी कर दिया है। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के नाम वाली संस्थाओं और इमारतों का नाम बदलने को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ने मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिसका कोई इतिहास ही नहीं रहा है वह दूसरों के इतिहास को मिटाने चले हैं। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पलटवार किया कि कांग्रेस एक वंश की विरासत को बचाने के लिए सभी प्रधानमंत्रियों की विरासत को मिटाना जानती है।
क्या कहा जेपी नड्डा ने नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी पर?
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी का नाम प्राइम मिनिस्टर्स मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी कर सबका सम्मान किया गया है। यह कांग्रेस के लिए राजनीतिक अपच का उत्कृष्ट उदाहरण है। कांग्रेस एक साधारण तथ्य को स्वीकार करने में असमर्थ है कि एक वंश से परे ऐसे नेता हैं जिन्होंने हमारे देश की सेवा की और निर्माण किया है। पीएम संग्रहालय राजनीति से परे एक प्रयास है और कांग्रेस के पास इसे साकार करने के लिए दृष्टि का अभाव है।
नड्डा ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस का दृष्टिकोण विडंबनापूर्ण है क्योंकि उनकी पार्टी का एकमात्र योगदान पिछले सभी प्रधानमंत्रियों की विरासत को मिटाना है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल एक परिवार की विरासत बची रहे। पीएम संग्रहालय में हर पीएम को सम्मान मिला है। पंडित नेहरू से संबंधित धारा में बदलाव नहीं किया गया है। इसके विपरीत, इसकी प्रतिष्ठा बढ़ा दी गई है। एक ऐसी पार्टी के लिए जिसने भारत पर 50 से अधिक वर्षों तक शासन किया, उनकी तुच्छता वास्तव में दुखद है। यही कारण भी है कि लोग उन्हें नकार रहे हैं।
बीजेपी के पूर्व सांसद नीरज शेखर ने कांग्रेस को घेरा
बीजेपी के पूर्व सांसद व पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के सुपुत्र नीरज शेखर ने ट्वीट कर कहा कि मेरे पिता पूर्व पीएम चंद्रशेखर जी ने हमेशा राष्ट्रहित के लिए काम किया। उन्होंने कांग्रेस के साथ भी काम किया लेकिन उन्होंने कभी एक वंश से आगे नहीं देखा। अब जब पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी दलों के प्रधानमंत्रियों को सम्मानित किया, कांग्रेस उत्तेजित हो रही है। यह कांग्रेस का भयानक रवैया है।
पूर्व पीएम देवेगौड़ा ने भी किया नाम बदलने का समर्थन
पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा ने नेहरू मेमोरियल म्यूजियम और लाइब्रेरी के नाम बदले जाने का समर्थन किया है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा-जिसका इतिहास नहीं वह दूसरों का इतिहास मिटाने चलें...
नेहरू मेमोरियल म्यूजियम व लाइब्रेरी का नाम बदले जाने पर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जिनका कोई इतिहास ही नहीं है, वो दूसरों के इतिहास को मिटाने चले हैं। Nehru Memorial Museum & Library का नाम बदलने के कुत्सित प्रयास से, आधुनिक भारत के शिल्पकार व लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की शख़्सियत को कम नहीं किया जा सकता। इससे केवल BJP-RSS की ओछी मानसिकता और तानाशाही रवैये का परिचय मिलता है। मोदी सरकार की बौनी सोच, 'हिन्द के जवाहर' का भारत के प्रति विशालकाय योगदान कम नहीं कर सकती।
यह भी पढ़ें:
म्यूजियम से भी गए नेहरू? केंद्र ने बदला नाम- भड़की कांग्रेस बोली- ‘प्रतिशोध का दूसरा नाम मोदी’
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.