GST Reforms पर मोदी ने देशवासियों को लिखा पत्रः दुकानदारों से अपील- स्वदेशी सामान बेचें, लोगों से अपील- स्वदेशी खरीदें

Published : Sep 22, 2025, 06:36 PM IST
PM Narendra Modi

सार

Next Generation GST Reforms: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए GST दरों के लागू होने पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने पत्र लिखकर लोगों से स्वदेशी सामानों को खरीदने की अपील की है। दुकानदारों से भी स्वदेशी सामान बेचने का आह्वान किया है।

GST Bachat Utsav: GST दरों में किए गए बदलाव सोमवार से लागू हो गए। त्योहारी सीजन में इससे आम लोगों को बड़ी बचत होने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों के नाम एक खुला पत्र लिखकर इसे "जीएसटी बचत उत्सव" बताया है। इसके साथ ही स्वदेशी सामानों को खरीदने की अपील की है।

देशवासियों के नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र

मेरे प्यारे देशवासियों, नमस्कार ।

आपको और आपके परिवार को शक्ति की उपासना के पर्व नवरात्रि की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मेरी प्रार्थना है, ये त्योहार आप सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लेकर आए।

इस वर्ष त्योहारों में हमें एक और उपहार मिल रहा है। 22 सितंबर से Next Generation GST Reforms लागू होने के साथ ही पूरे देश में 'GST बचत उत्सव' की शुरुआत हो गई है। इन रिफॉर्म्स से किसान, महिला, युवा, गरीब, मध्यम वर्ग, व्यापारी, लघु उद्योग, कुटीर उद्योग, सभी को फायदा होगा।

नए GST रिफॉर्म्स की विशेषता है कि अब मुख्य रूप से सिर्फ दो ही स्लैब रहेंगे। रोजमर्रा की जरूरी चीजें जैसे खाना, दवाइयां, साबुन, टूथपेस्ट और कई अन्य सामान अब या तो टैक्स-फ्री होंगे या 5% की सबसे कम स्लैब में आएंगे। घर बनाने, गाड़ी खरीदने, बाहर खाने या परिवार के साथ छुट्टियां मनाने जैसे सपनों को पूरा करना अब आसान होगा। हेल्थ इंश्योरेंस पर भी अब GST को शून्य कर दिया गया है।

मुझे ये देखकर अच्छा लगा कि कई दुकानदार और व्यापारी 'पहले और अब ' के बोर्ड लगाकर, लोगों को बता रहे हैं कि कोई सामान कितना सस्ता हो गया है।

हमारी GST यात्रा 2017 में शुरू हुई थी। तब देश को अनेक तरह के टैक्स और टोल के जंजाल से मुक्ति मिली थी। इससे ग्राहकों और व्यापारियों, कारोबारियों को बहुत राहत मिली थी। अब ये नेक्स्ट जनरेशन GST रिफॉर्म हमें और आगे ले जा रहे हैं। इसमें सिस्टम को और सरल बनाया गया है। इससे हमारे दुकानदार साथियों, लघु उद्योगों की सहूलियत और बढ़ेगी।

नागरिक देवो भव हमारा मंत्र है। पिछले 11 वर्षों में हमारे प्रयासों से 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। देश में एक नियो मिडिल क्लास तैयार हुआ है। अब इसे और सशक्त बनाया जा रहा है। हमने मध्यम वर्ग को भी मजबूत किया है। 12 लाख रुपए तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लिया जा रहा है। अगर इनकम टैक्स में छूट और नए GST Reforms को मिलाकर देखें, तो देशवासियों के सालाना लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपए बचेंगे।

देश ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है और इसे सिद्ध करने के लिए आत्मनिर्भरता के रास्ते पर चलना जरूरी है। नए GST रिफॉर्म्स से आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी तेज गति मिलेगी।

आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक है कि हम स्वदेशी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। चाहे ब्रांड कोई भी हो, कंपनी कोई भी हो, अगर उसमें भारतीय श्रमिक और कारीगर की मेहनत लगी है, तो वो स्वदेशी है।

जब भी आप अपने देश के कारीगरों, श्रमिकों और इंडस्ट्री के बनाए सामान को खरीदते हैं, तो आप कई परिवारों की रोजी-रोटी में मदद करते हैं और देश के युवाओं के लिए रोजगार पैदा करते हैं।

यह भी पढ़ें- GST 2.0: नवरात्रि के पहले दिन पनीर, घी और कार की कीमतें हुईं सस्ती, जानें क्या पुराने स्टॉक पर भी मिलेगा फायदा?

मैं अपने दुकानदारों और व्यापारियों से भी अपील करता हूं कि वो स्वदेशी सामान ही बेचें।

आइए गर्व से कहें, ये स्वदेशी है।

आपके घर की बचत बढ़े, आपके सपने पूरे हों, आप अपने पसंद की चीजों के साथ त्योहारों की चमक बढ़ाएं...मेरी यही कामना है। एक बार फिर, मैं आपको नवरात्रि के साथ ही 'GST बचत उत्सव' की शुभकामनाएं देता हूं। धन्यवाद!

नरेंद्र मोदी

नोट- हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पत्र को शब्दश: प्रकाशित किया है।

यह भी पढ़ें- नवरात्र के पहले दिन पीएम मोदी ने जानें किस माता के मंदिर में झुकाया सिर-की विशेष पूजा

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Read more Articles on

Recommended Stories

राज्यसभा: 'खुलेआम बेचा जा रहा जहर', आप सांसद राघव चढ्ढा ने उठाया खतरनाक मुद्दा
झगड़ा, बदला या कुछ और? दिल्ली में 3 डिलीवरी एजेंटों ने कैसे और क्यों किया बिजिनेसमैन का मर्डर?