नीतीश कुमार के जदयू को मणिपुर में लगा झटका, 6 में से 5 विधायकों ने तीर छोड़ थाम लिया कमल

नीतीश कुमार की पार्टी जदयू को मणिपुर में बीजेपी ने झटका दिया है। पार्टी के 6 में से पांच विधायक भाजपा में शामिल हो गए। इससे पहले अरुणाचल प्रदेश के जदयू के सात विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे। 
 

Asianet News Hindi | Published : Sep 3, 2022 5:24 AM IST / Updated: Sep 03 2022, 11:02 AM IST

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू को मणिपुर में तगड़ा झटका लगा है। उनके 6 में से पांच विधायकों ने तीर (जदयू का चुनाव चिह्न) छोड़कर कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) थाम लिया है। पिछले दिनों नीतीश कुमार एनडीए से अलग हो गए थे और महागठबंधन के साथ मिलकर सरकार बना ली। इससे भाजपा सत्ता से बाहर होकर बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी बन गई। भाजपा ने बिहार में सत्ता से बेदखल होने का बदला जदयू से मणिपुर में लिया है। 

मणिपुर के जदयू विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा कि मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्य जदयू मुक्त हो गए हैं। लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद जल्द ही बिहार को भी जदयू मुक्त बना देगी। मणिपुर के जो जदयू विधायक बीजेपी में शामिल हुए हैं उनके नाम खुमुक्कम सिंह, नगुरसंगलुर सनाटे, अचब उद्दीन, थंगजाम अरुण कुमार और एलएम खौटे हैं।

अरुणाचल प्रदेश में जदयू ने जीते थे 7 सीट
मणिपुर विधानसभा के स्पीकर ने जदयू विधायकों के बीजेपी में शामिल होने को स्वीकृति दे दी है। पिछले 9 दिनों में जदयू को यह दूसरा झटका है। 25 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश में जदयू के एकमात्र विधायक टेकी कासो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए थे। 2019 में हुए अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जदयू ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन उनके छह विधायक बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। 

यह भी पढ़ें- PM मोदी ने शेयर किया ऐतिहासिक वीडियो-'जब INS विक्रांत पर सवार था, गर्व की भावना बयां नहीं कर सकता'

भाजपा को 2024 के चुनाव में हराएंगे
जदयू के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने भाजपा पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि हमलोग 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराएंगे। भाजपा का गठबंधन सहयोगियों को धोखा देने का इतिहास रहा है। उन्होंने पहले अरुणाचल प्रदेश में हमारे सात विधायकों को दलबदल के लिए राजी किया और अब मणिपुर में पांच विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल करा लिया। हमने इन चुनावों को पूरी तरह से अपने दम पर जीता था। यह भाजपा का नया व्यक्तित्व है। भाजपा नहीं चाहती कि अन्य छोटी पार्टियां बढ़ें। देश की जनता सब देख रही है। जनता दल यूनाइटेड 2024 में भाजपा को हरा देगी।

यह भी पढ़ें- वर्ल्ड की 5 बड़ी इकोनॉमी में शामिल हुआ भारत, GDP 854.7 अरब डॉलर, ब्रिटेन फिसला, जानिए पूरी डिटेल्स

Read more Articles on
Share this article
click me!