
Pahalgam terror attack: दक्षिण कश्मीर की शांत वादियों में मंगलवार को आतंक की वो तस्वीर उभरी, जिसने पूरे देश को सन्न कर दिया। पहलगाम (Pahalgam) की हरी-भरी बेसरान घाटी (Baisaran Meadow) में दोपहर करीब 1:50 बजे शुरू हुई गोलियों की बौछार ने 25 पर्यटकों और एक कश्मीरी पोनी ऑपरेटर की जान ले ली। चश्मदीदों के मुताबिक, 5-6 आतंकवादी पास के देवदार के जंगलों से निकले, उनके पास राइफलें थीं और कुछ के शरीर पर बॉडीकैम भी लगे थे।
घायल बचे लोगों के अनुसार, हमलावर सीधे पर्यटकों के पास पहुंचे, बाहरियों को चुन-चुनकर गोलियों से भूनना शुरू कर दिया। आतंकी इतने बर्बर थे कि वह निर्दोष लोगों के सिर पर निशाना लगा रहे थे।
मंगलवार को सामान्य दिनों की तरह घाटी पर्यटकों से आबाद था। घाटी की खूबसूरती का लुत्फ उठा रहे परिवारों को इस बात का अंदेशा भी नहीं था कि मौत इतनी नजदीक आ चुकी है। बच्चे ट्रैम्पोलिन पर खेल रहे थे, मां-बाप भेलपुरी खा रहे थे और तभी गोलियों की गूंज ने सबकुछ खत्म कर दिया। पुलिस को घटना की जानकारी करीब 2:30 बजे मिली जबकि वहां तक पहुंचने में टीम को कम से कम एक घंटा लगा क्योंकि बेसरान तक सड़क नहीं है।
घटना के वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) सऊदी अरब में थे। जैसे ही खबर आई उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत किया। उनको घटनास्थल तक जाने को कहा। मामला गंभीर होने की वजह से उन्होंने देर रात लौटने की बजाय सुबह ही वापसी का निर्णय लिया। बुधवार की सुबह वह वापस भारत लौट आए। एक्स (X) पर उन्होंने लिखा: इस जघन्य कृत्य को अंजाम देने वाले बचेंगे नहीं... न्याय मिलेगा।
घटना उस वक्त हुई जब अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) भारत यात्रा पर थे। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इस हमले के पीछे पाकिस्तान (Pakistan-backed terror attack) का हाथ है जो पहले भी कई बार भारत में आतंक को समर्थन दे चुका है।
घटना के बाद कैबिनेट सुरक्षा समिति (Cabinet Committee on Security) की बैठक हुई, जिसमें भारत ने कड़ा कदम उठाया है। भारत सरकार ने इंडस वॉटर ट्रीटी (Indus Water Treaty) को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। इसके अलावा अटारी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट बंद कर दिया गया। SAARC Visa Exemption Scheme के तहत पाकिस्तानी नागरिकों का भारत आना प्रतिबंधित कर दिया गया है। पाक उच्चायोग के रक्षा सलाहकार को 'Persona Non Grata' घोषित किया गया। साथ ही हाई कमीशन स्टाफ को 55 से घटाकर 30 किया जाएगा (1 मई तक)।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.