
फिरोजपुर. भारत और पाकिस्तान की सीमा पर गुरुवार सुबह पंजाब के फिरोजपुर क्षेत्र में पाकिस्तान का एक और ड्रोन देखा गया। यह ड्रोन झुंझारा हजारा सिंह वाला के सीमावर्ती गांव में ग्रामीणों ने देखे। स्थानीय लोगों के अनुसार ड्रोन गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गए है। सीमा सुरक्षा बल और पुलिस इन ड्रोन की तलाश कर रही है। बता दें कि तीन दिनों में यह तीसरा ऐसा मामला है। ग्रामीणों ने मोबाइलों पर ड्रोन की तस्वीरें खींच लीं। मंगलवार को भी यहां एक ड्रोन देखा गया था। इससे पहले पाकिस्तानी ड्रोन को सोमवार रात में उसी क्षेत्र में तीन बार देखा गया था। लगभग एक महीने में भारत-पाकिस्तान सीमा पर सीमापार से भारत में हथियार लाने वाले दो ड्रोन्स के पकड़े जाने के बाद से पंजाब पुलिस ने पहले से ही जांच शुरू कर दी है।
पहले भी कर चुके घुसपैठ
बता दें कि इससे पहले इसी हफ्ते सोमवार रात पंजाब के हुसैनीवाला सेक्टर में दो पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सीमा में घुस गए थे। यह संदिग्ध ड्रोन बस्ती रामलाल की बॉर्डर आउट पोस्ट और हुसैनीवाला की एचके टावर पोस्ट के करीब देखे गए और एक किलोमीटर की ऊंचाई पर उड़ रहे थे। पहला ड्रोन 10 बजे से लेकर 10:40 के बीच में देखा गया और दूसरा रात के 12:25 बजे पर।
'दो ड्रोन्स जब्त हुए हैं'
27 सितंबर को पंजाब पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस पाकिस्तान से भेजे गए इन ड्रोन्स को भेजने में आतंकवादी संगठनों के लिंक भी तलाश कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक सिर्फ दो ड्रोन्स जब्त हुए हैं, जिनमें एक पिछले महीने और दूसरा तीन दिन पहले तरन तारन जिले के धाबल नगर में जली हुई स्थिति में मिला था। जांच में पाया गया है कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के कई प्रावधानों को निष्प्रभावी किए जाने के बाद से पाकिस्तानी आतंकी गुट लगातार भारत में हथियारों की तस्करी करने में लिप्त हैं। जब्त हुए दोनों ड्रोन्स आईएसआई से संबद्ध अलग-अलग आतंकवादी संगठनों के लग रहे हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.