Asianet News | Published : Jul 2, 2024 4:38 AM IST / Updated: Jul 02 2024, 09:04 PM IST

Parliament Session 2024: कांग्रेस पर हमलावर रहे पीएम मोदी, राहुल गांधी को बताया बच्चा बुद्धि, विपक्ष ने मणिपुर मुद्दे पर किया हंगामा

सार

लोकसभा सत्र में मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब दिया। पीएम मोदी ने अपने बयान के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर रहे। उधर, विपक्ष उनके पूरे भाषण के दौरान हंगामा और नारेबाजी करता रहा। जस्टिस फॉर मणिपुर और न्याय दो-न्याय दो मणिपुर को न्याय दो, पूरे भाषण के दौरान सदन में गूंजता रहा। कई बार पीएम मोदी को अपना स्पीच रोकना पड़ा। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सवालों को लेकर संसद में काफी हंगामा हुआ था। अखिलेश यादव के भाषण ने संसद को हंगामेदार बना दिया था। राहुल के भाषण से कुछ अंश आज हटा दिए गए। इसे लेकर राहुल ने स्पीकर को पत्र लिख उन अंशों को फिर से सम्मिलित करने की मांग की है। 

06:34 PM (IST) Jul 02

संशोधन का प्रस्ताव नहीं माना गया

राष्ट्रपति के अभिभाषण में संशोधन प्रस्ताव ध्वनिमत के साथ गिरा। राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया। 

06:25 PM (IST) Jul 02

हाथरस हादसा पर जताई शोक संवेदना

पीएम नरेंद्र मोदी ने यूपी के हाथरस में हुई भगदड़ की जानकारी देते हुए जान गंवाने वाले लोगों के प्रति सदन में शोक संवेदना जताई। उन्होंने हादसा के संबंध में यूपी सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी।

06:22 PM (IST) Jul 02

दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाने का संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बीते 10 साल में विकास को सबसे बड़ा संकल्प बनाया और अब देश को दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाने का संकल्प है। हर घर में पीने का शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए संकल्प है। विश्व में भारत की ताकत बढ़ रही है। ये युग हरित युग है। भविष्य ग्रीन हाइड्रोजन से जुड़ा है। भारत को ग्रीन हाइड्रोजन का हब बनाने के लिए संकल्पित हैं। 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की भी बड़ी भूमिका होगी। जितना निवेश भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हुआ है, उतना कभी नहीं हुआ। देश में बड़े पैमाने पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बन रहे हैं। स्किल डेवलपमेंट हो और नौजवानों का भविष्य संवरे, इसके लिए हम काम कर रहे हैं।

06:09 PM (IST) Jul 02

नीट में हो रही गिरफ्तारियां

पीएम मोदी ने कहा कि नीट को लेकर भी राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में चिंता जताई है। हमारी सरकार नीट से संबंधित गड़बड़ियों की जांच करा रही है। लगातार गिरफ्तारियां हो रही है।

06:08 PM (IST) Jul 02

ईश्वर का हर रूप दर्शन के लिए न कि प्रदर्शन के लिए

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम बचपन से सीखते हुए आए हैं कि देश का बच्चा-बच्चा जानता है कि ईश्वर का हर रूप दर्शन के लिए होता है। ईश्वर का कोई भी रूप प्रदर्शन के लिए नहीं होता। जिसके दर्शन होते हैं, उसका प्रदर्शन नहीं होता। हमारे देवी-देवताओं का अपमान 140 करोड़ लोगों के दिलों को चोट पहुंचा रहा है।

06:07 PM (IST) Jul 02

हिंदुओं पर आरोप लगाने का षडयंत्र हो रहा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये गंभीर बात है कि हिंदुओं पर आरोप लगाने का झूठा षड्यंत्र हो रहा है। क्या हिंदू हिंसक होते हैं? ये है आपकी सोच, आपका चरित्र। ये देश शताब्दियों इसे भूलने वाला नहीं है। इन लोगों ने हिंदू आतंकवाद गढ़ने की कोशिश की थी। इन्होंने शक्ति के विनाश की बात कही थी। देश इन्हें माफ नहीं करेगा। देश की संस्कृति-परंपरा का मजाक उड़ाना, इसे फैशन बना दिया गया है।

06:06 PM (IST) Jul 02

देश माफ नहीं करेगा

पीएम मोदी ने कहा कि कल जो हुआ, देश के कोटि-कोटि देशवासी इसे माफ नहीं करेंगे। 131 साल पहले स्वामी विवेकानंद जी शिकागो में कहा था- मुझे गौरव है कि मैं उस धर्म से आता हूं, जिसने पूरी दुनिया को सहिष्णुता और वैश्विक स्वीकृति सिखाई है। विवेकानंद जी ने दुनिया के दिग्गजों के सामने ये कहा था। हिंदू सहनशील है। इसी कारण भारत का लोकतंत्र और विविधता पनपी है।

05:51 PM (IST) Jul 02

विपक्ष ने मोदी के खिलाफ लगाया झूठ बोले-कौआ काटे का नारा

पीएम नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी पर हिंदुओं के अपमान का मामला उठाया तो विपक्ष ने एकजुट होकर झूठ बोले-कौआ काटे का नारा लगाने लगे। लगातार विपक्षी सदस्य यह नारे लगाते रहे। 

05:46 PM (IST) Jul 02

कांग्रेस दलित-पिछड़ा विरोधी

पीएम मोदी ने कहा कि बाबा साहेब की तरह एक दूसरे दलित नेता बाबू जगजीवन राम का उनको उनका हक नहीं दिया गया। बाबू जगजीवन राम के पीएम बनने की संभावना थी और इंदिरा गांधी ने सुनिश्चित किया कि बाबू जगजीवन राम पीएम न बनें। एक किताब में यह जिक्र है। किताब में साफ है कि अगर जगजीवन राम पीएम बन गए तो हटेंगे नहीं। कांग्रेस ने चौधरी चरण के साथ भी यही किया। पिछड़ों के नेता, कांग्रेस के अध्यक्ष सीताराम केसरी के साथ भी अपमानित करने का व्यवहार किया गया। कांग्रेस पार्टी प्रारंभ से ही आरक्षण की घोर विरोधी रही है। नेहरू जी ने तो मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखकर साफ-साफ शब्दों में आरक्षण का विरोध किया था। कांग्रेस की एक प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने मंडल कमीशन का रिपोर्ट ठंडे बस्ते में दबाए रखा था। कांग्रेस के तीसरे प्रधानमंत्री राजीव गांधी, जब विपक्ष में थे तो उनका सबसे लंबा भाषण आरक्षण के खिलाफ था।

05:40 PM (IST) Jul 02

कांग्रेस ने देश के दलितों-पिछड़ों के साथ किया अन्याय

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के ताने बाने को तहस नहस करने का काम किया था। कांग्रेस ने संविधान की भावना और एक-एक धारा के खिलाफ काम किया। यह वह लोग हैं जिन्होंने प्रारंभ से देश के गरीबों के साथ, पिछड़ों के साथ, दलितों के साथ अन्याय किया है। इसी वजह से बाबा साहेब अंबेडकर ने नेहरू जी की कैबिनेट से इस्तीफा दिया था। बाबा साहेब ने पर्दाफाश किया था कि कैसे नेहरू जी ने दलितों और पिछड़ों के साथ अन्याय किया। इस्तीफा देते समय बाबा साहेब ने जो कारण बताए थे वह इनके चरित्र को दर्शाता है। 

05:38 PM (IST) Jul 02

तुलसीदास को कोट कर कांग्रेस को बताया झूठ का हथियार

पीएम ने कहा, 'तुलसीदास जी कह गए हैं- झूठइ लेना झूठइ देना, झूठइ भोजन झूठ चबेना....। कांग्रेस ने झूठ को हथियार बनाया। कांग्रेस के मुंह झूठ का खून लग गया है। कांग्रेस ने चुनाव में झूठ कहा कि लोगों के अकाउंट में पैसे आएंगे। लोगों ने 1 जुलाई को खटाखट दिवस मनाया है।' उन्होंने कहा, 'कल अग्निवीर को लेकर सदन में झूठ बोला गया। ये भी कहा कि MSP नहीं दिया जा रहा। ऐसा कहना सदन का दुर्भाग्य है। अगर कोई नेता झूठ के रास्ते को चुन ले तो देश अराजक रास्ते पर जा रहा है, इसका सबूत मिल चुका है। ये आजादी के लिए बलिदान देने वालों का अपमान हैं।

05:30 PM (IST) Jul 02

कांग्रेस पर लगाया देश बांटने का आरोप

पीएम मोदी ने कहा कि लोगों ने जब विकसित भारत के सपने को सच करने का मन बना लिया है, ऐसे समय देश का दुर्भाग्य है कि 6 दशक राज करने वाली कांग्रेस अराजकता फैलाने में लगी है। ये दक्षिण में जाकर उत्तर के खिलाफ बोलते हैं। इन्होंने भाषा के नाम बांटने की कोशिश की है। कांग्रेस पार्टी खुलेआम एक जाति को दूसरी के खिलाफ लड़ाने के लिए नरेटिव गढ़ रही है, अफवाहें फैला रही है। देश के एक हिस्से को हीन बताने के लिए कांग्रेस के लोग बढ़ावा दे रहे हैं। देश में आर्थिक अराजकता फैलाने के लिए भी सोची-समझी चालें चल रहे हैं।' उनके राज्य जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां आर्थिक अराजकता फैलानी कोशिश की जा रही है। इन्होंने कहा था कि इनके मुताबिक 4 जून को परिणाम नहीं आए तो देश में आग लगा दी जाएगी। भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को ताक पर रखकर अराजकता फैलाने का काम किया गया। CAA को लेकर अराजकता फैलाई गई।

 

05:29 PM (IST) Jul 02

राहुल गांधी पर लगातार किस्सों के माध्यम से साधते रहे निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि मैं किस्सा सुनाता हूं। एक बच्चा स्कूल से आया और जोर-जोर से रोने लगा। मां भी डरी कि क्या हो गया। बच्चा बोला- मुझे स्कूल में उसने मारा, इसने मारा, वह जोर-जोर से रोना। मां ने पूछा कि बेटा, बात क्या थी। बच्चा यही बोला कि मुझे मारा, मुझे मारा। बच्चे ने ये नहीं बताया कि उसने किसी को मां की गाली दी थी, किसी की किताब फाड़ दी थी, किसी का टिफिन चुराकर खा गया था। सदन में कल हमने यही बचकानी हरकत देखी है। कल यहां कहा गया- मुझे इसने मारा, उसने मारा, यहां मारा, वहां मारा। सिम्पैथी हासिल करने के लिए नया ड्रामा खेला गया। जो सच्चाई जानते हैं कि हजारों करोड़ रुपए की हेराफेरी में जमानत पर बाहर हैं। ये OBC लोगों को चोर बताने के मामले में सजा काट चुके हैं। इन्हें देश की सर्वोच्च अदालत से गैर-जिम्मेदाराना बयान देने पर माफी मांगनी पड़ी है।

 

05:20 PM (IST) Jul 02

शोले वाली मौसी का हाल

पीएम ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने बयानबाजी में शोले फिल्म को भी पीछे छोड़ दिया है। ये लोग कह रहे हैं- तीसरी बार ही तो हारे हैं। अरे मौसी, 13 राज्यों में शून्य सीटें आई हैं, लेकिन हीरो तो हैं न। अरे मौसी, पार्टी लुटिया तो डुबोई है, लेकिन पार्टी सांसें तो ले रही है। मैं कहूंगा कि फर्जी जीत का जश्न मत मनाओ। ईमानदारी से देश में मिले जनादेश को समझने की कोशिश करो, उसे स्वीकार करो।

05:18 PM (IST) Jul 02

अपने सहयोगियों का वोट न खाया होता तो इतनी सीटें भी न जीत पाते

पीएम मोदी ने कहा कि अगर कांग्रेस ने अपने सहयोगियों का वोट न खाया होता तो वह इतनी सीटें भी न जीत पाते। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों ने विकसित भारत का मन बना लिया है। कांग्रेस ने देश को बांटने की कोशिश की है। जिन नेताओं ने देश को बांटने की वकालत की थी, उसे टिकट देने का काम कर पाप किया। 

05:15 PM (IST) Jul 02

कांग्रेस अब परजीवी कांग्रेस हो चुकी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस परजीवी कांग्रेस बन चुकी है। कांग्रेस अपने सहयोगी दलों की कीमत पर फलती फूलती है लेकिन जिसके साथ फलती फूलती है उसे ही खा जाती है। मैं सदन और देश के सामने कुछ आंकड़े रखना चाहता हूं। जहां-जहां भाजपा और कांग्रेस के साथ सीधा मुकाबला था, वहां कांग्रेस का स्ट्राइक रेट सिर्फ 26 प्रतिशत है। लेकिन जहां कांग्रेस किसी का पल्लू पकड़कर चलते थे या जूनियर पार्टनर थे। किसी दल ने उनको दे दिया मौका, ऐसे राज्यों में कांग्रेस का स्ट्राइक रेट 50 प्रतिशत है। कांग्रेस की 99 सीटों में ज्यादातर सीटें उनके सहयोगियों ने उनको जीताया है। इसलिए कहता हूं कि वह परजीवी है। 16 राज्यों में अकेले लड़ी और उसका वोट शेयर गिर चुका है। तीन राज्यों में अपने दम पर लड़ी और 64 में दो सीट ही जीत पायी। इस चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह से परजीवी बन चुकी है।

05:11 PM (IST) Jul 02

दस चुनाव में 250 सीटों का आंकड़ा भी नहीं छू सकी कांग्रेस

1984 के चुनावों को याद कीजिए। तब से 10 लोकसभा चुनाव हो चुके हैं। तब से कांग्रेस 250 के आंकड़े को छू नहीं पाई है। इस बार 99 के चक्कर में फंस गए हैं। मुझे एक किस्सा याद आता है। एक बच्चा 99% मार्क्स लेकर घूम रहा था। लोगों की वाहवाही ले रहा था। टीचर ने कहा कि ये 100 से 99 नंबर नहीं लाया, 543 में से लाया है।

 

05:05 PM (IST) Jul 02

बच्चे का मन बहलाया जा रहा

पीएम मोदी ने कहा कि कोई छोटा बच्चा अगर साइकिल लेकर निकला है और गिर जाता है। रोने लगता है तो कोई बड़ा आदमी आता है और उसे फुसलाता है और तरह तरह से मन बहलाते हैं। कांग्रेस की सबसे बड़ी हार के बाद हमें हराने की बात कहकर बच्चे के मन बहलाने का काम चल रहा है। कांग्रेस के लोग और उनका इको सिस्टम आजकल मन बहलाने का काम कर रहा है। 

05:03 PM (IST) Jul 02

कांग्रेस की यह सबसे बड़ी हार

पीएम मोदी ने कहा कि 2024 के चुनाव में जनता ने कांग्रेस को भी जनादेश दिया है। वह उनको विपक्ष में बैठने के लिए जनादेश दिया है। आप वहीं बैठे रहो और तर्क खत्म हो जाए तो चीखते रहो-चिल्लाते रहो। कांग्रेस लगातार तीसरी बार 100 का आंकड़ा नहीं पार कर पायी है। कांग्रेस के इतिहास में यह तीसरी सबसे बड़ी हार है और तीसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। अच्छा होता कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करती और आत्ममंथन करती। लेकिन यह शीर्षासन करने में लगे हुए हैं। कांग्रेस और उसके इको सिस्टम, दिन रात हिंदुस्तान के नागरिकों के मन में यह प्रतिस्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्होंने हमें हरा दिया है। 

05:01 PM (IST) Jul 02

हम लगातार बढ़ रहे

लोकसभा चुनाव के साथ साथ हमारे देश में चार राज्यों के भी चुनाव हुए। इन चारों ही राज्यों में एनडीए अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। महाप्रभु जगन्नाथ की धरती ओडिशा ने हमें भरपूर आशीर्वाद दिया है। आंध्र प्रदेश में एनडीए ने क्लीन स्वीप किया है। सूक्ष्म रूप से भी यह नजर नहीं आते हैं। अरुणाचल प्रदेश में हम फिर सरकार बनाए हैं। सिक्किम में भी सरकार बनाए हैं। अभी छह महीने पहले ही राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हमने प्रचंड विजय पाया है। हमें नए नए क्षेत्रों में जनता का प्यार मिल रहा है और जनता आशीर्वाद दे रही। केरला में बीजेपी ने खाता खोला है। तमिनलाडु में कई सीटों पर बीजेपी ने दमदार उपस्थित दर्ज कराया है। कर्नाटक, यूपी और राजस्थान में पिछली बार की तुलना में बीजेपी का वोट प्रतिशत बढ़ा है। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में विधानसभा चुनाव आ रहे हैं। पिछली विधानसभा चुनाव से अधिक वोट हम इस लोकसभा चुनाव में पाए हैं। पंजाब में भी हमें बढ़त मिली है। जनता का समर्थन हमारे साथ है।

05:00 PM (IST) Jul 02

जनता के आशीर्वाद से जनादेश मिला

पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए का तीसरी बार सरकार में आना ऐतिहासिक घटना है। आजादी के बाद यह सौभाग्य देश में दूसरी बार आया है। और 60 साल बाद आया है। यह कठोर परिश्रम और विश्वास के बाद हुआ है। ऐसी ही राजनीति के खेल से यह नहीं होता है, जनता जनार्दन के विश्वास और आशीर्वाद से आता है। जनता ने स्थिरता और निरंतरता के लिए जनादेश दिया है। 

04:54 PM (IST) Jul 02

तीन गुना स्पीड से करेंगे काम

पीएम मोदी ने कहा कि दस साल में देश की कोटि-कोटि बहनों को एंटरप्रेन्योर के क्षेत्र में आगे बढ़ाया है। अब उनको नई ऊंचाई तक ले जाएंगे। वीमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप को आगे बढ़ाएंगे। आने वाले भविष्य में तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाएंगे। हमारी तीसरी टर्म का मतलब है कि हम तीन गुना स्पीड से काम करेंगे। हमारी तीसरी टर्म का मतलब है कि हम तीन गुना शक्ति लगाएंगे। हमारे तीसरी टर्म का मतलब है कि हम देश को तीन गुना परिणाम देंगे। 

04:50 PM (IST) Jul 02

हमारा अब हमसे ही प्रतिस्पर्धा

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ऐसी स्थिति में पहुंचा है कि दस साल में हम ऐसे रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे हैं जहां हमे खुद से ही प्रतिस्पर्धा करनी है। 10 साल में हमने जो स्पीड पकड़ी है इससे हमारा मुकाबला अब उसी स्पीड को और तेज करने की है। 

04:48 PM (IST) Jul 02

संविधान लेकर नाचने वाले जम्मू-कश्मीर में संविधान लागू करने में विफल रहे

पीएम मोदी ने कहा कि संविधान को सिर पर रखकर नाचने वाले लोग जम्मू-कश्मीर में संविधान को लागू करने का हौसला नहीं रखते थे। जम्मू-कश्मीर में 370 के कारण लोगों के अधिकार छीन लिए थे। आज आर्टिकल 370 हटी, लोकतंत्र मजबूत हुआ, लोग बढ़चढ़कर वहां भारत के संविधान में भरोसा कर रहे हैं। आज वहां के लोग बढ़चढ़कर मतदान करने आ रहे हैं। 140 करोड़ भारतीयों में यह विश्वास पैदा होना, यह उम्मीद जागना। जब विश्वास जागता है तो विकास का ड्राइविंग फोर्स बन जाता है। 

 

04:45 PM (IST) Jul 02

अब देश कह रहा देश कुछ भी कर सकता है...

पीएम मोदी ने कहा कि हमने देश को आशा और विश्वास के साथ उभारा। देश अब कह रहा है भारत अब कुछ भी कह सकता है। उन्होंने कहा, 'एक जमाना था, जब कोयले के घोटाले में हाथ काले हो चुके थे, आज कोयले का प्रोडक्शन जबर्दस्त तरीके से बढ़ गया है।वह एक समय था जब फोन बैंकिंग करके बड़े-बड़े घोटाले किए जाते थे। अपनी पर्सनल प्रॉपर्टी के तरह बैंक का खजाना लूट लिया गया था। आज हमने नीतियों में परिवर्तन किया और दुनिया में भारत का बैंक सबसे अधिक मुनाफा वाले बैंक बन गए। 2014 के पहले वह भी एक वक्त था, आतंकी आकर जब चाहे जहां हमला कर सकते थे। हिंदुस्तान के कोने-कोने को टारगेट किया जाता था। लेकिन 2014 के बाद का हिंदुस्तान घर में घुसकर मारता है। सर्जिकल स्ट्राइक करता है। एयर स्ट्राइक करता है और आतंकवाद के आकाओं को भी सबक सिखाने का सामर्थ दिखा दिया है। आज देश का एक-एक नागरिक जानता है कि अपनी सुरक्षा के लिए भारत कुछ भी कर सकता है।  

04:40 PM (IST) Jul 02

2014 के पहले देश निराशा में था...

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के पहले इस देश का कुछनहीं हो सकता…सबकी सोच बन गई थी। अखबार जब लोग खोलते थे तो घोटालों की खबरें ही केवल मिलती है। घोटालों पर घोटाले वाला कालखंड था। बेशर्मी के साथ सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लिया जाता था कि दिल्ली से 1 रुपया निकलता है तो 15 पैसा पहुंचता है। इन घोटालों ने देश को निराशा के गर्त में धकेल दिया गया था। भाई-भतीजावाद इतना फैला था कि सामान्य नौजवान आशा छोड़ चुका था कि बिना सिफारिश के कुछ नहीं हो सकता। आवास के लिए हजार रुपये देने पड़ते थे। गैस कनेक्शन के लिए सांसदों के चक्कर काटने पड़ते थे। मुफ्त राशन पता नहीं कब दुकान पर पहुंच जाए यह पता नहीं चलता था। हमारे ज्यादातर भारतीय भाई-बहन निराश हो चुके थे। वह अपने नसीब को दोष देकर जिंदगी काटने को मजबूर हो जाते थे। पीएम ने कहा कि निराशा के बीच 2014 में देश की जनता ने हमें सेवा का मौका दिया। दस साल में हमारी सरकार ने देश को निराशा से निकाला। देश निराशा की गर्त से आशा और विश्वास के साथ उभरा।

04:35 PM (IST) Jul 02

जस्टिस फॉर मणिपुर का जोरदार नारा

पीएम नरेंद्र मोदी जब अपना स्पीच दे रहे तो सदन में मणिपुर हिंसा को लेकर भारी हंगामा और नारेबाजी विपक्ष कर रहा था। विपक्ष जस्टिस फॉर मणिपुर का जोरदार नारा लगा रहा है। विपक्ष न्याय दो-न्याय दो मणिपुर को न्याय दो…का नारा लगा रहा।

04:33 PM (IST) Jul 02

विकसित भारत का संकल्प

देश जब विकसित होता है तो कोटि-कोटि जनों के संकल्प सिद्ध होते हैं। जब देश विकसित होता है तो अपने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक मजबूत नींव उनके सपनों को पूरा करने के लिए तैयार हो जाती है। विकसित भारत, हमारे नागरिकों के क्वालिटी ऑफ लाइफ में सुधार का संकेत है। आजादी के बाद मेरे देश का सामान्य नागरिक जिन चीजों के लिए तरस रहा है। जब विकसित भारत होता है तो हमारे गांव की स्थिति, हमारे शहरों की स्थिति में सुधार होता है। गांव की स्थिति में गौरव भी होता है, गरिमा भी होती है और विकास के अवसर भी होते हैं। दुनिया के विकास यात्रा में भारत के शहर भी बराबरी करेंगे यह हमारा सपना है। विकसित भारत का मतलब होता है कोटि-कोटि नागरिकों को कोटि-कोटि अवसर उपलब्ध होते हैं।

 

04:30 PM (IST) Jul 02

देश की जनता ने परिपक्कता के साथ हमें चुना

पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनाव ने इस बात को सिद्ध किया है कि भारत की जनता कितनी परिपक्क है। भारत की जनता कितने विवेकपूर्ण तरीके से सद्बुद्धि का उपयोग करती है और उसी का नतीजा है कि हम तीसरी बार आपने सामने देश की सेवा के लिए उपस्थित हुए हैं। देश की जनता ने हमारी निष्ठा, ईमानदारी पर भरोसा किया है। इस चुनाव में हम देश के सामने एक बड़े संकल्प के साथ आशीर्वाद मांगने गए थे। हमने आशीर्वाद मांगा था विकसित भारत के अपने संकल्प के लिए। हमने विकसित भारत का आशीर्वाद जनकल्याण के लिए लिया है। 

04:27 PM (IST) Jul 02

हमेशा भारत प्रथम ही हमारा काम रहा

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी नीति, हमारे काम और हमारे आचरण का एक ही काम रहा है कि भारत प्रथम। दस वर्ष में हमारी सरकार ने सबका साथ सबका विकास के साथ सबका कल्याण करती रही है। हमने सर्व धर्म समभाव की भावना के साथ देश की सेवा की है। इस देश ने लंबे समय तक तुष्टीकरण की राजनीति भी देखी। तुष्टीकरण के गवर्नेंस का मॉडल भी देखा। पहली बार सेक्युलरिज्म के मॉडल का पूरा प्रयास किया। हमने तुष्टीकरण नहीं संतुष्टिकरण के विचार को लेकर चले हैं। जब हम संतुष्टिकरण की बात करते हैं तो हमारी हर योजना का हर एक व्यक्ति तक पहुंचना होता है। सैचुरेशन सच्चे अर्थ में सेक्युलरिज्म होता है। इसलिए देश ने हमें तीसरी बार सत्ता दी है। 

04:24 PM (IST) Jul 02

भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति

पीएम मोदी ने कहा कि देश को करप्शन ने दीमक की तरह खोखला कर दिया है। ऐसे में भ्रष्टाचार के प्रति हमारी जो जीरो टॉलरेंस नीति है, देश ने उसके लिए हमें आशीर्वाद दिया है। दुनिया भर में हमारी साख बढ़ी है। 

04:21 PM (IST) Jul 02

दस साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला

भारत की जनता ने हमें तीसरी बार देश की सेवा करने का मौका दिया है। जनता ने हमारे दस साल का ट्रैक रिकॉर्ड को देखा है। जनता ने देखा है कि हमने जनसेवा को प्रभुसेवा के मंत्र को चरितार्थ करते हुए जो कार्य किया है उसके कारण दस साल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले। आजादी के बाद इतने कम समय में इतने करोड़ लोगों को बाहर निकालने काम हमारे लिए आशीर्वाद का कारण बना है।

04:18 PM (IST) Jul 02

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े चुनाव अभियान में जनता ने चुना है हमे

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े चुनाव अभियान में जनता ने हमें चुना है। कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं। झूठ चलाने के बाद भी उनको पराजय झेलना पड़ा।

04:16 PM (IST) Jul 02

पहली बार चुने गए कई सांसदों ने काफी अनुभवी व्यवहार किया

पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में देश के अहम मुद्दे उठाए हैं इसलिए उनको धन्यवाद दिया है। कल और आज कई माननीय सदस्यों ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपनी बात रखी। विशेषकर के पहली बार सांसद बनकर आए हैं, उनमें से कई साथियों ने सभी नियमों का पालन करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। उनका व्यवहार एक अनुभवी सांसदों जैसा था। पहली बार आने के बाद भी उन्होंने सदन की गरिमा को बढ़ाया है। अपने विचारों से इस डिबेट को मूल्यवान बनाया है।

 

04:08 PM (IST) Jul 02

पीएम मोदी सदन में पहुंचे

पीएम मोदी कुछ ही देर में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी बात रखेंगे और विपक्ष को जवाब देंगे।

03:00 PM (IST) Jul 02

पीएम मोदी शाम 4 बजे लोकसभा में जवाब देंगे

लोकसभा सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 4 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे। इस दौरान राहुल गांधी के भाषण को लेकर भी वह विपक्ष कोजवाब देंगे। 

 

01:27 PM (IST) Jul 02

राहुल गांधी ने स्पीकर को लिखे पत्र में कहा- क्या दबाव में हटाए गए भाषण के अंश

राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बरला को पत्र लिखकर पूछा है कि उनके भाषण से कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों को क्यों हटा दिया गया। उन्होंने पत्र में कहा है कि मेरी टिप्पणियों के कुछ अंशों को हटा दिया गया है। यह देखकर मैं हैरान हूं कि संसद के रिकॉर्ड से ही इसे गायब कर दिया गया है। उन्होंने हटाए गए अंशों को फिर से अपने भाषण में सम्मिलित करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि संसद में किसी मुद्दे पर की टिप्पणी को हटाना लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है। उन्होंने ये भी कहा कि क्या मेरे भाषण के अंशों को दबाव में हटाया गया है।

 

 

01:06 PM (IST) Jul 02

मल्किार्जुन खड़गे पर भड़के धनखड़

संसद में कार्रवाई के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे पर उपराष्ट्रपति जनदीप धनखड़ भड़क गए। उन्होंने खड़गे से कहा कि आप बार-बार कैसे खड़े हो जाते हैं। हर बार आप इस तरह कुर्सी का अनादर नहीं कर सकते। ये गलत बात है। आफ सोचते भी नहीं कि मैं क्या कह रहा हूं, कुछ भी बोलने लगते हैं। संसद में कुर्सी की इतनी अवहेलना कभी नहीं हुई जितनी आप ने की है। इस बारे में गंभीरता से सोचें। 

12:58 PM (IST) Jul 02

पीएम मोदी से बहतु ज्यादा वोटों से जीता हूं, टीएमसी सांसद का हमला

संसद में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए चुनाव आयोग की  विश्वसनीयता पर ही सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि आखिरकार चुनाव को इतना ल लंबा और सात चरणों में कराने की क्या आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि पीेएम मोदी प्रधानमंत्री हैं और उनकी इज्जत करता हूं। मैं भी 1 लाख 75 हजार वोट के अंतर से जीतकर यहां आया हूं। इतनी बड़ी जीत पीएम मोदी को भी नहीं मिली कभी। आज तक पीएम की बातचीत में किसी भाजपा शासित राज्य के लिए दो शब्द भी नहीं सुने।  

12:39 PM (IST) Jul 02

बीजेपी सांसद ने शेर पढ़कर राहुल और अखिलेश पर साधा निशाना

संसद में राहुल गांधी और अखिलेश यादव को राहुल गांधी पर बीजेपी सांसद संतोष पांडे ने शेरोशायरी के माध्यम से निशाना साधा। आज अखिलेश यादव जिस तरह से बोल रहे थे और कल जिस प्रकार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संसद में अपना वक्तव्य बोल रहे हैं कि वह संसदीय भाषा तो नहीं है। संसद में ऐसे बात नहीं रखते हैं। उन्हें तंज कसते हुए शेर पढ़ा कि,  जरा सा कुदरत ने नवाजा, आके बैठे हो पहली सप में, तुम्हारा लहजा बता रहा है, तुम्हारी दौलत नई-नई है। 


More Trending News