नई दिल्ली। आज से संसद के विशेष सत्र (Parliament special session) की शुरुआत होगी। सत्र की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा में भाषण से होगी। इस भाषण पर पक्ष और विपक्ष सबकी नजर टिकी है। इस सत्र की शुरुआत इन अटकलों के साथ हो रही है कि सरकार कोई आश्चर्यजनक कदम उठाएगी या नहीं।

03:15 PM (IST) Sep 18
एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "मैं आज पीएम के भाषण की सराहना करती हूं। इस देश को बनाने में पिछले 7 दशकों में विभिन्न लोगों ने योगदान दिया है। उन्हें हम सभी समान रूप से प्यार करते हैं। चाहे आप इसे इंडिया कहें या भारत। यह आपका अपना देश है। हम सभी यहीं पैदा हुए हैं, हम सभी यहां आकर धन्य हैं। मैं उन दो लोगों को रिकॉर्ड में रखना चाहूंगी जिनका उल्लेख आज भाजपा ने नहीं किया है, जिनसे मैं अत्यधिक प्रभावित हूं। मुझे लगता है कि वे सबसे बड़े नेताओं में से एक थे और असाधारण सांसद थे। वे हैं सुषमा स्वराज और अरुण जेटली। उन्होंने लगातार सहकारी संघवाद के बारे में बात की।”
02:03 PM (IST) Sep 18
संसद भवन को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि यह इमारत यादों से भरी है। आशा है कि नई इमारत में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। एक ऐसे भवन को छोड़ना हमेशा एक भावनात्मक क्षण होता है जो इतिहास और यादों से भरा हुआ है। सरकार पुराने संसद भवन से नए संसद भवन जाने को विशेष क्षण बनाना चाहती थी। उन्होंने इसे एक विशेष तरीके से करने की कोशिश की है।
01:06 PM (IST) Sep 18
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नेहरू जी का मानना था कि एक मजबूत विपक्ष की अनुपस्थिति का मतलब है कि सिस्टम में महत्वपूर्ण कमियां हैं। अगर कोई मजबूत विपक्ष नहीं है तो यह सही नहीं है। अब, एक मजबूत विपक्ष है। ईडी, सीबीआई के माध्यम से इसे कमजोर किया जा रहा है। विपक्षी दलों के नेताओं को ले जाओ, उन्हें वॉशिंग मशीन में डालो और जब वे पूरी तरह से साफ निकल आएं तो उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर लो। आप देख सकते हैं आज क्या हो रहा है। पीएम संसद में कम ही आते हैं और जब आते हैं तो इसे एक इवेंट बनाकर चले जाते हैं।
12:10 PM (IST) Sep 18
पीएम ने कहा, "अटल जी की सरकार में 2000 में सर्व सम्मति से तीन राज्यों का गठन हुआ, लेकिन जब तेलंगाना का गठन हुआ तो खून बहे। इसी सदन में जनप्रतिनिधित्व कानून में कठोरता लाई। हम जो वर्तमान सांसद हैं उनके लिए विशेष सौभाग्य का अवसर है कि हमें इतिहास और भविष्य दोनों की कड़ी बनने का अवसर मिला है। कल और आज से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। आज का दिवस सिर्फ और सिर्फ इस सदन के गौरवगान का है। नेहरू जी का गौरवगान इस सदन में होता है तो कौन सदस्य होगा जिसे ताली बजाने का मन नहीं करेगा।"
12:04 PM (IST) Sep 18
पीएम ने कहा,"अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में न्यूक्लियर टेस्ट इसी सदन ने देखा। इसी सदन ने मनमोहन सिंह की सरकार में कैश फोर वोट देखा। इसी सदन में कभी चार सांसद वाली पार्टी सत्ता में होती थी और 100 सांसद वाली पार्टी विपक्षी में थी। इसी सदन में एक वोट से वाजपेयी जी की सरकार गई थी।"
12:01 PM (IST) Sep 18
नरेंद्र मोदी ने कहा, "इसी सदन में पंडित जवाहर लाल नेहरू ने भारत की आजादी की घोषणा की थी। अटल बिहारी वाजपेयी ने इसी सदन में कहा था सरकारें आएंगी जाएंगी, पार्टियां बनेंगी बिगड़ेंगी, लेकिन देश पहले है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने इसी सदन में काम किया। उन्होंने औद्योगिक क्रांति की बात की थी। लाल बहादुर शास्त्री ने इसी सदन में देश का नेतृत्व किया। इस सदन ने इमरजेंसी और लोकतंत्र की बहाली देखी।"
11:52 AM (IST) Sep 18
पीएम ने कहा, "इस सदन पर आतंकी हमला हुआ। यह हमला एक इमारत पर नहीं था। यह हमारी जीवआत्मा पर था। देश इस घटना को भूल नहीं सकता। सदन को बचाने के लिए जिन्होंने अपने सीने पर गोलियां झेली उन्हें नमन करता हूं। वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उन्होंने बहुत बड़ी रक्षा की है। मैं उन पत्रकारों को भी नमन करता हूं जिन्होंने इसे कवर करने में जीवन लगा दिया।"
11:44 AM (IST) Sep 18
पीएम ने कहा, "आजादी के बाद लोगों ने तरह-तरह की आशंकाएं जताई थी। कहा था कि ये देश चल पाएगा या नहीं, लोकतंत्र रह पाएगा या नहीं। इस संसद ने विश्व को गलत साबित किया। इसी संसद में संविधान सभा की बैठकें हुईं। इन 75 वर्षों में सबसे बड़ी जो उपलब्धी है वो है देश के सामान्य लोगों का इस संसद पर विश्वास बढ़ता गया। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत यही है कि लोगों का इस व्यवस्था के प्रति विश्वास बना रहे।"
11:41 AM (IST) Sep 18
नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम कभी संसद से कड़वाहट पालकर नहीं जाते। यहां परिवार वाला भाव है। अनेक संकटों के बाद भी सांसद सदन में आए हैं। ऐसी अनेक घटनाएं हुईं हैं। गंभीर बीमारियों के बाद भी व्हीलचेयर पर बैठकर आना पड़ा। सांसदों ने ऐसी भूमिका निभाई। कोरोना काल में भी हमारे सांसद दोनों सदन में आए। हमने राष्ट्र का काम रुकने नहीं दिया। संसद से ऐसा जुड़ाव है कि लोग सेंट्रल हॉल आते रहते हैं।"
11:33 AM (IST) Sep 18
पीएम ने कहा, "मैं पहली बार संसद का सदस्य बना और पहली बार एक सांसद के रूप में इस भवन में प्रवेश किया तो सहज रूप से इस संसद के दरवाजे पर सिर झुकाकर इस लोकतंत्र के मंदिर में कदम रखा था। मैं कल्पणा नहीं कर सकता था। भारत के लोकतंत्र की ताकत है कि रेलवे प्लेटफॉर्म पर गुजारा करने वाला एक गरीब परिवार का बच्चा संसद में पहुंच सकता है। मैंने कभी कल्पणा नहीं की थी देश इतना प्यार देगा।"
11:33 AM (IST) Sep 18
पीएम मोदी ने कहा, "इस सदन से विदा लेना भावुक पल है। जब हम इस सदन को छोड़कर जा रहे हैं तो हमारा मन अनेक यादों और खट्टे-मिठे अनुभवों से भरा हुआ है। कभी संघर्ष तो कभी उत्साह और उमंग का माहौल रहा। ये हमारी साझी विरासत है। इसका गौरव भी हम सबका साझा है। आजाद भारत के नव निर्माण से जुड़ी अनेक घटनाएं इन 75 वर्ष में इसी सदन में आकार लेती हमने देखी हैं।"
11:29 AM (IST) Sep 18
पीएम ने कहा, "भारत इस बात का गर्व करेगा कि जब भारत अध्यक्ष था तब अफ्रीकन यूनियन जी20 का सदस्य बना। अफ्रीकन यूनियन के अध्यक्ष ने उस पल को याद करते हुए कहा है कि वह रोने-रोने को हो गए थे। भारत के प्रति शक करने की सोच कई लोगों में है। कुछ लोग कह रहे थे कि घोषणा पर सहमति नहीं होगी, लेकिन वह हुआ। भारत की अध्यक्षता नवंबर के आखिर तक है। आज भारत विश्व मित्र के रूप में सामने आया है।"
11:26 AM (IST) Sep 18
पीएम ने कहा, "चंद्रयान तीन की सफलता से पूरा देश अभिभूत है। इसने भारत के सामर्थ्य का एक नया रूप जो आधुनिकता, विज्ञान और टेक्नोलॉजी से जुड़ा है लाया है। इसने दुनिया पर प्रभाव डाला है। मैं इसके लिए वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं। जी20 की सफलता 140 करोड़ देशवासियों की सफलता है। यह किसी व्यक्ति या दल की नहीं है। 60 से अधिक जगहों पर 200 से अधिक बैठकें हुईं। ये प्रभाव पूरे विश्व के मन पर पड़ा है।"
11:23 AM (IST) Sep 18
नरेंद्र ने संसद में कहा, "देश की 75 वर्षों की संसदीय यात्रा को फिर से याद करने के लिए और नए सदन में जाने के लिए उन प्रेरक पलों को इतिहास की महत्वपूर्ण घड़ी को याद करने का ये अवसर है। हम सब इस ऐतिहासिक भवन से विदा ले रहे हैं। आजादी के पहले ये सदन इंपीरियल लेजिस्लेटिव काउंसिल था। आजादी के बाद इसे संसद भवन के रूप में पहचान मिली। इस इमारत के निर्माण का फैसला भले विदेशी शासकों का था, लेकिन हम गर्व से कह सकते हैं कि इस भवन के निर्माण में पसीना मेरे देशवासियों का लगा था।"
11:08 AM (IST) Sep 18
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने जी20 शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए पूरे देश को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसने वैश्विक स्तर पर देश की नेतृत्व की क्षमता को नया आयाम दिया है।
11:02 AM (IST) Sep 18
संसद के विशेष सत्र की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में मौजूद हैं। लोकसभा में सत्र की शुरुआत के साथ ही हंगामा शुरू हो गया। अध्यक्ष हंगामा शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं। अध्यक्ष ने कहा कि जो टेक्निकल गलती हुई है उसकी वे जांच कराएंगे।
10:44 AM (IST) Sep 18
नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं सभी सांसदों से आग्रह करना चाहता हूं कि छोटा सत्र है। इसमें वे ज्यादा से ज्यादा समय दें। रोने-धोने के लिए बहुत समय होता है। बाद में करते रहिए। जीवन में कुछ ऐसे पल भी होते हैं जो उमंग और विश्वास से भर देते हैं। मैं आशा करता हूं कि पुरानी बुराइयों को छोड़कर अच्छाइयों को साथ लेकर नए सदन में प्रवेश करेंगे। ये प्रण सभी सांसद लेकर चलें। कल गणेश चतुर्थी का पावन पर्व है। गणेश जी विघ्नहर्ता माने जाते हैं। भारत के विकास यात्रा में कोई विघ्न नहीं रहेगा। इसलिए गणेश चतुर्थी के दिन नव प्रस्थान नए भारत के सपनों को साकार करने वाला बनेगा। इसलिए ये सत्र छोटा है, लेकिन बहुत मूल्यवान है।"
10:42 AM (IST) Sep 18
पीएम ने कहा, "भारत के गौरव को बढ़ाने वाले उत्साह का माहौल है। सारे देश में एक नया आत्मविश्वास हम सब अनुभव कर रहे हैं। उसी समय संसद का ये सत्र है। ये सत्र छोटा है, लेकिन समय के हिसाब से बहुत बड़ा है। ऐतिहासिक निर्णयों का ये सत्र है। सत्र की एक विशेषता तो ये है कि 75 साल की यात्रा अब नए मुकाम से आरंभ हो रही है। जिस मुकाम पर 75 साल की यात्रा हुई वो अत्यंत प्रेरक पल हैं। 2047 में विकसित देश बनाकर रहना है। इसके लिए नए संसद भवन में फैसले होने वाले हैं।"
10:39 AM (IST) Sep 18
नरेंद्र मोदी ने कहा, "जी20 शिखर सम्मेलन में अभूतपूर्व सफलता मिली। जी20 में भारत की विविधता दिखी। जी20 में भारत इस बात के लिए गर्व करेगा कि ग्लोबल साउथ के आवाज बने। अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता मिली। जी20 के घोषणा को सर्वसम्मति से स्वीकार्य किया गया। ये सारी बातें भारत के उज्जबल भविष्य के संकेत दे रही है। योशोभूमि राष्ट्र को समर्पित हुआ। कल विश्वकर्मा जयंती थी। देश के विश्वकर्मा समुदाय को ट्रेनिंग, आधुनिक टूल्स, आर्थिक प्रबंधन और नए सिरे से ये विश्वकर्मा सामर्थ्य भारत के विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में कैसे भूमिका अदा करे ऐसे अनेक इंतजाम किए गए हैं।"
10:36 AM (IST) Sep 18
संसद भवन के बाहर मीडिया को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, "मून मिशन की सफलता, चंद्रयान तीन हमारा तिरंगा फहरा रहा है। शिव शक्ति प्वाइंट नई प्रेरणा का केंद्र बना है। तिरंगा प्वाइंट, हमें गर्व से भर रहा है। पूरे विश्व में जब इस प्रकार की उपलब्धी होती है तो उसे आधुनिकता से, विज्ञान से, टेक्नोलॉजी से जोड़कर देखा जाता है। जब ये सामर्थ्य विश्व के सामने आता है तो भारत के लिए अनेक संभावना हमारे दरवाजे पर आकर खड़े हो जाते हैं।
10:23 AM (IST) Sep 18
लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला ने ट्वीट किया, "लोकसभा का आज से प्रारंभ हो रहा 13वां सत्र महत्वपूर्ण है। इस सत्र में हम गौरवशाली लोकतांत्रिक इतिहास से प्रेरणा प्राप्त कर नए संसद भवन में नई ऊर्जा व आत्मविश्वास से लोकतंत्र को और अधिक समृद्ध बनाने की नई यात्रा प्रारंभ करेंगे। 140 करोड़ देशवासियों की सहभागिता इसे और विशेष बनाएगी।"
10:15 AM (IST) Sep 18
संसद के विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "मुझे यह अटपटा लग रहा है। सरकार ने विशेष सत्र बुलाया तो इतने बिल क्यों लाए जा रहे हैं। विशेष सत्र आम तौर पर एक विशेष एजेंडे के लिए बुलाए जाते हैं और केवल उसी मुद्दे पर चर्चा होती है। सरकार द्वारा इस बारे में कोई स्पष्टता नहीं दी गई है। यह भी नहीं कह रहे हैं कि विशेष सत्र है या नियमित सत्र।"
10:08 AM (IST) Sep 18
आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। इसमें कहा गया है कि विशेष सत्र में राज्यसभा में बहुत महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाएंगे। इसे देखते हुए, आम आदमी पार्टी के सभी सदस्यों से अनुरोध है कि वे 18 सितंबर से 22 सितंबर 2023 तक सुबह 11 बजे से सदन के स्थगन तक सदन में उपस्थित रहें और पार्टी के रुख का समर्थन करें।
10:05 AM (IST) Sep 18
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संसद के लिए अपने घर से निकले हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सरकार बहुत भ्रमित है। यह भ्रमित सरकार का एजेंडा है। जब बैठक शुरू हुई तो बैठक के अंत तक कुल चार बिंदु छपे थे अब आठ बिंदु बताए गए हैं। हमने पूछा कि एजेंडा कहां है? उन्होंने कहा कि वे इसे हमारे पास भेज रहे हैं। इसका मतलब है कि सरकार ने सत्र बुलाया है लेकिन उन्हें एजेंडा नहीं पता, कम से कम मंत्रियों को पता नहीं है कि क्या होगा? हो सकता है प्रधानमंत्री रहस्यमयी बात लेकर आएं।
09:53 AM (IST) Sep 18
सरकार ने बताया है कि विशेष सत्र में अधिवक्ता (संशोधन) विधेयक 2023, प्रेस और आवधिक पंजीकरण विधेयक 2023, डाकघर विधेयक 2023 और मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यालय की अवधि) विधेयक 2023 को पेश किया जाएगा। इसके साथ ही 75 वर्षों की 'संसदीय यात्रा' पर भी चर्चा होगी। चर्चा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल राज्यसभा में करेंगे।
09:50 AM (IST) Sep 18
लोकसभा में पीएम नरेंद्र मोदी का भाषण 11 बजे से शुरू होगा। अपने भाषण में नरेद्र मोदी जी20 शिखर सम्मेलन से लेकर मिशन चंद्रयान तक का जिक्र कर सकते हैं। वह संसद के गौरवमयी इतिहास पर भी अपनी बात रख सकते हैं।