
PM Modi Vande Mataram Statement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि 1937 में इस गीत की कुछ अहम पंक्तियां हटाना सिर्फ एक बदलाव नहीं था, बल्कि उसी समय देश के बंटवारे के बीज बो दिए गए थे। पीएम मोदी के मुताबिक, उस दौर में वंदे मातरम की जिन पंक्तियों में मां दुर्गा और शक्ति का वर्णन था, उन्हें अलग कर दिया गया। यह निर्णय सिर्फ सांस्कृतिक बदलाव नहीं था, बल्कि विचारों को बांटने वाली सोच का नतीजा था। उन्होंने कहा कि यही सोच आज भी देश के सामने चुनौती बनी हुई है।
पीएम मोदी ने कहा कि वंदे मातरम ने आज़ादी की लड़ाई में करोड़ों भारतीयों को हिम्मत दी। यह गीत उस समय सिर्फ गाया नहीं जाता था, यह संघर्ष की सांस थी, देशभक्ति की धड़कन थी। उन्होंने कहा, 'जब वीर सावरकर जैसे स्वतंत्रता सेनानी विदेश में रहते थे और एक-दूसरे से मिलते थे, तो उनका अभिवादन वंदे मातरम होता था। कई क्रांतिकारी फांसी पर चढ़ते समय भी यही बोल रहे थे।' पीएम ने इसे 'अमर गीत' बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में देश को सिर्फ जमीन नहीं माना गया, बल्कि मां माना गया है। यही वजह है कि भारत में शक्ति, मातृत्व और राष्ट्रभाव साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, 'जब बच्चा संकट में हो तो मां केवल स्नेह नहीं देती, जरूरत हो तो वो शक्ति भी बनती है। हमारा राष्ट्र भी ऐसा ही है। यहां स्त्री शक्ति ने हमेशा देश के निर्माण में भूमिका निभाई है।'
पीएम मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ घंटे पहले ही बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने 1937 में जानबूझकर वंदे मातरम के उन हिस्सों को हटाया था, जिनमें मां दुर्गा की स्तुति की गई है। केसवन ने दावा किया था कि यह सब जवाहरलाल नेहरू की सहमति से हुआ और उद्देश्य कुछ समूहों को खुश करना था। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि वंदे मातरम को लेकर सबक देने वालों को पहले यह जवाब देना चाहिए कि क्यों RSS अपनी शाखाओं में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान नहीं गाता।
इसे भी पढ़ें- जन-गण-मन पर विवाद: बीजेपी सांसद का दावा-ब्रिटिशों के गुणगान के लिए लिखा गया राष्ट्रगान, कांग्रेस भड़की
इसे भी पढ़ें- अररिया में PM मोदी ने महिलाओं से पूछा गजब सवाल, कहा- माफ कहना मेरी बहनों
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.